Updates: श्री वेंकटेश्वर मंदिर में अप्रैल में 102 करोड़ रुपये का चढ़ावा, पहुंचे 20 लाख से ज्यादा श्रद्धालु
Updates: विश्व प्रसिद्ध श्री वेंकटेश्वर मंदिर को अप्रैल के महीने में अपनी हुंडी (चढ़ावा पेटी) में 102 करोड़ रुपये का चढ़ावा मिला है। अप्रैल में 20 लाख से ज्यादा तीर्थयात्रियों ने मंदिर के दर्शन किए।
विस्तार
आंध्र प्रदेश में विश्व प्रसिद्ध श्री वेंकटेश्वर मंदिर को अप्रैल के महीने में अपनी हुंडी (चढ़ावा पेटी) में 102 करोड़ रुपये का चढ़ावा मिला है। अप्रैल में 20 लाख से ज्यादा तीर्थयात्रियों ने मंदिर के दर्शन किए। आठ लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने पहाड़ी मंदिर में मुंडन कराया। तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
कार्यकारी अधिकारी एवी धर्मा रेड्डी ने हर महीने होने वाले डायल योर ईओ कार्यक्रम के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि टीटीडी आने वाले श्रद्धालुओं के हित में काम करता है, इसलिए इस पहाड़ी मंदिर में आने वाले भक्तों की संख्या साल दर साल बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि अप्रैल में 94 लाख से ज्यादा लड्डू बेचे गए और 40 लाख श्रद्धालुओं ने निशुल्क भोजन किया। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रा कभी न खत्म होने वाली प्रक्रिया है और टीटीडी का पूरा कार्यबल तीर्थयात्रा सेवा के लिए समर्पित है। टीटीटी श्री वेंकटेश्वर मंदिर का आधिकारिक संरक्षक है।
भारत और आसियान के बीच रणनीतिक साझेदारी और बढ़ेगी : जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को विश्वास जताया कि भारत और 10 देशों के समूह आसियान के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी और बढ़ेगी। जयशंकर ने आसियान (दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के संगठन) के वरिष्ठ अधिकारियों के एक समूह से मुलाकात के बाद यह बात कही।
सोशल मीडिया पोस्ट में जयशंकर ने कहा, शुक्रवार दोपहर नई दिल्ली में आसियान के वरिष्ठ अधिकारियों का स्वागत करके खुशी हुई। आसियान और भारत के बीच होने वाली बैठक भारत के राजनयिक कैलेंडर की एक महत्वपूर्ण घटना है। खुशी है कि आपसी सहयोग लगाता बढ़ रहा है। उल्लेखनीय है कि आसियान को क्षेत्र में सबसे प्रभावशाली समूहों में से एक माना जाता है। भारत और अमेरिका, चीन, जापान और ऑस्ट्रेलिया सहित कई अन्य देश इसके संवाद भागीदार हैं।
आसियान के सदस्य देश इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड, ब्रुनेई, वियतनाम, लाओस, म्यांमार और कंबोडिया हैं।
दिल्ली अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से कस्टम अधिकारियों ने अजरबैजान के पांच नागरिकों को सोने की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया। उनके पास से 2.4 करोड़ मूल्य का सोना बरामद किया गया। आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। सभी आरोपियों को 30 अप्रैल को उनके दुबई से लौटने पर दिल्ली एयरपोर्ट पर रोका गया। तलाशी के दौरान उनसे कुल 3.5 किलो के सोने के जेवर, सोने के तार, बेल्ट बकल और हैंड बैग बरामद किए गए।
असम राइफल्स और मिजोरम पुलिस ने दो अलग-अलग अभियानों में 4.34 करोड़ से अधिक की हेरोइन और विदेशी सिगरेट जब्त की है। संयुक्त टीम ने मंगलवार को आइजोल के फॉकलैंड इलाके में अभियान चलाकर 598 ग्राम हेरोइन जब्तकर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जब्त हेरोइन की कीमत करीब 4.18 करोड़ है। वहीं, दूसरे अभियान के तहत टीम ने सियाहा जिले के लुंगपुक गांव से 16 लाख की विदेशी सिगरेट के 22,000 पैकेट जब्त किए हैं।
अस्पतालों को नहीं मिला आयुष्मान भारत का खर्चा, अब मांग रहे ब्याज
आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों को इलाज करने वाले देश के प्राइवेट अस्पतालों को खर्चा नहीं मिला है, जिसके चलते अस्पतालों ने सरकार से एक फीसदी के हिसाब से कुल बकाया पर ब्याज देने की मांग रखी है। एसोसिएशन ऑफ हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स ऑफ इंडिया (एएचपीआई) के महानिदेशक गिरधर जे. ज्ञानी ने सरकार को लिखे पत्र में कहा है कि आयुष्मान भारत योजना के तहत देश के 15 हजार से ज्यादा प्राइवेट अस्पताल पैनल पर हैं, जिन्हें बीते एक माह से भुगतान नहीं मिला है।
सीबीएसई के नतीजे 20 के बाद आएंगे
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 10वीं व 12वीं के परीक्षा परिणाम 20 मई के बाद घोषित हो सकते हैं। परिणाम को लेकर लगाई जा रहीं अटकलों के बीच सीबीएसई ने शुक्रवार को स्थिति स्पष्ट की। समय से नतीजे घोषित करने के लिए बोर्ड ने कॉपियों का मूल्यांकन तेजी से कराया है। परीक्षाओं में इस साल करीब 39 लाख विद्यार्थियों ने भाग लिया।