फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News and Updates east west north south north east india national incidents news in hindi

Updates: मणिपुर में सशस्त्र समूह अरामबाई तेंगगोल के दो सदस्य गिरफ्तार, इंसास राइफल समेत अन्य हथियार बरामद

Thu, 11 Jul 2024 03:18 PM IST
श्वेता महतो न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: श्वेता महतो Updated Thu, 11 Jul 2024 03:18 PM IST
विज्ञापन
News and Updates east west north south north east india national incidents news in hindi
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
मणिपुर के पश्चिमी इंफाल जिले में सशस्त्र समूह अरामबाई तेंगगोल के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उनके पास से आग्नेयास्त्र बरामद किए गए। दोनों की पहचान 43 वर्षीय कंगाबम लेनिन सिंह और 50 वर्षीय तोइजाम शांतिकिशोर के तौर पर की गई है। पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा कि बुधवार को दोनों को नंबुल मैपल क्षेत्र से पकड़ा गया। उनके पास से इंसास राइफल, मैगजीन, 16 कैलिबर पिस्तौल जब्त किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आगे की कार्रवाई जारी है। 
विज्ञापन

इन चार देशों के राजदूतों ने राष्ट्रपति मुर्मू को सौंपे परिचय पत्र

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में एक समारोह में दक्षिण सूडान और स्पेन समेत चार देशों के राजदूतों के परिचय पत्र प्राप्त किये। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, जिन्होंने राष्ट्रपति मुर्मू को परिचय पत्र सौंपे उनमें दक्षिण सूडान के राजदूत लुमुम्बा मकेले न्याजोक, जिम्बाब्वे की राजदूत स्टेला नकोमो, स्पेन के राजदूत जुआन एंटोनियो मार्च पुजोल और अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो अगस्टिन काउसिनो का नाम शामिल हैं।

 
विज्ञापन
विज्ञापन

तमिलनाडु: इरोड में हार्डवेयर की दुकान में लगी आग 
तमिलनाडु के इरोड में सत्यमंगलम रोड पर गुरुवार की सुबह एक हार्डवेयर की दुकान में आग लग गई। पुलिस ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं है। लोगों ने सुबह करीब 10 बजकर 20 मिनट पर दुकान से घना काला धुआं निकलते देखा। सूचना मिलने पर दमकल एवं बचाव कर्मियों के वाहन मौके पर पहुंचे और दो घंटे की मशक्कत के बाद उन्होंने आग पर काबू पाया। आवास और शहरी विकास, निषेध और उत्पाद शुल्क राज्य मंत्री एस मुथुसामी, इरोड के जिला कलेक्टर राजा गोपाल सुनकारा और पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल का दौरा किया। अग्निशमन अधिकारियों ने उन्हें घटना के बारे में जानकारी दी। 

विज्ञापन

असम में सीधी भर्ती परीक्षा के पैटर्न में बदलाव पर फिर विचार करेगी सरकार: मुख्यमंत्री सरमा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को कहा कि उनकी सरकार ग्रेड-3 और 4 के तहत पदों के लिए भर्ती परीक्षा के पैटर्न को बदलने के अपने फैसले पर दोबारा विचार करेगी। सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' ने कहा, एक सरकार है जो सुनती है। असम में सीधी भर्ती वाली परीक्षाओं के पैटर्न में अचानक बदलाव के बारे में विभिन्न तबकों से मिली प्रतिक्रिया के आधार पर हमने इस मुद्दे पर फिर से विचार करने का फैसला किया है। हम जल्द ही अफने फैसले के बारे में सभी को सूचित करेंगे। 

राज्य सरकार ने इस हफ्ते की शुरुआत में अगल साल अप्रैल तक विभिन्न विभागों में रिक्तियों को भरने के अलावा ग्रेड 3 और 4 में भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित करने का एलान किया था। सरमा ने कहा था कि ग्रेड 3 और 4 के लिए भर्ती परीक्षाएं तीन चरणों (प्रारंभिक, मुख्य और वाइवा-वॉयस) में आयोजित की जाएंगी। 

मेघालय: प्रवासी मजदूरों के दस्तावेजों की जांच करने के आरोप में शख्स गिरफ्तार
मेघालय के शिलॉन्ग में गुरुवार को एक आईएलपी समर्थक कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया गया। उस पर अवैध तरीके से प्रवासी मजदूरों के दस्तावेजों की जांच करने का आरोप है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

राज्य के गृह विभाग ने दो जिलों में आईएलपी (इनर लाइन परमिट) समर्थक कार्यकर्ताओं के खिलाफ चार मामले दर्ज किए हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने प्रवासी मजदूरों से यह पता लगाने की कोशिश की कि उनके पास जरूरी दस्तावेज हैं या नहीं। आईएलपी समर्थक एक कार्यकर्ता को आज शिलॉन्ग में उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि राज्य की राजधानी में आईएलपी समर्थक कार्यकर्ताओं के खिलाफ एक दिन पहले तीन मामले दर्ज किए गए थे। 

आंध्र प्रदेश: मृत पाया गया नाबालिग की हत्या के मामले का वांछित
वहीं, एक नाबालिग लड़की की हत्या के सिलसिले में वांछित एक व्यक्ति गुरुवार को अनकापल्ली जिले के एक गांव में मृत पाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। 

अनकापल्ली जिले के पुलिस अधीक्षक केवी मुरली कृष्णा ने बताया कि सुरेश (26 वर्षीय) का शव केजी पालेम गांव में सुबह करीब सात बजे मिला। उन्होंने बताया कि सुरेश का शव उस जगह से महज 700 मीटर की दूरी पर मिला, जहां उसने नाबालिग लड़की की हत्या की थी। हमें शक है कि उसने जहर पीकर आत्महत्या की है। आंध्र प्रदेश पुलिस ने शनिवार को शाम को नाबालिग की कथित तौर पर हत्या करने के बाद सुरेश की तलाश शुरू कर दी थी। 

ओडिशा: नवीन पटनायक ने मुख्यमंत्री माझी को लिखा पत्र
ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को पत्र लिखा। इसमें उन्होंने लिखा कि जिस तरह से 'पहांडी' के दौरान बड़ा ठाकुर चारमाला गिरा, वह काफी दिल दहला देने वाला था और इस घटना ने कई भक्तों को आहत किया है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ मंत्रियों की टिप्पणियों ने भगवान के भक्तों को और पीड़ा दी है। विपक्ष के नेता ने मुख्यमंत्री से घटना की जिम्मेदारी लेने का अनुरोध किया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो। 

महाराष्ट्र: सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई कार, तीन की मौत
महाराष्ट्र के नासिक जिले में गुरुवार तड़के एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। जिससे उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। 

उन्होंने बताया कि पीड़ित एक अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। तभी सुबह करीब साढ़े चार बजे मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मालेगांव के पास वेक शिवर में यह दुर्घटना हुई। पुलिस के मुताबिक, होटल न्यू बाबा के पास सड़क किनारे एक कंटेनर ट्रक खड़ा था। तभी चार लोगों को लेकर जा रही एक एसयूवी ने उसे टक्कर मार दी। 

मीनाक्षी अरुण हिरे (53 वर्षीय), उनकी बहन अनीशा विकास सावंत (40 वर्षीय) और उनके पति विकास चिंतामन सावंत (45 वर्षीय) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कार में सवार वैभवी प्रवीण जाधव (17 वर्षीय) को गंभीर चोटें आईं और उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया। तीनों मृतक ठाणे जिले के ठाकुरली के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि चारों एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मालेगांव जा रहे थे। 

ठाणे में मजदूरों पर गिरा फैक्टरी का बॉयलर, दो की मौत
महाराष्ट्र के ठाणे में एक फैक्टरी में बॉयलर गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब क्रेन की मदद से बॉयलर को उठाया जा रहा था, लेकिन अचानक वह फिसलकर मजदूरों के ऊपर गिर गया।

पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि हादसा बुधवार शाम को भिवंडी के सरावली एमआईडीसी (महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम) में स्थित रंगाई फैक्टरी में हुआ। मृतकों में बलराम चौधरी (55) और पांडुरंग पाटिल (65) शामिल हैं।

कोनगाव पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि शवों को बाद में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। दुर्घटनावश मौत का केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

एनआरसी के मुद्दे पर समर्थन के लिए मणिपुर के मुख्यमंत्री ने की केआईएम की सराहना
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कुकी जनजातियों के शीर्ष संगठन कुकी इंपी मणिपुर (केआईएम) की राज्य में एनआरसी के कार्यान्वयन के लिए उसके समर्थन के लिए सराहना की और संगठन से इस मामले पर बातचीत करने का आग्रह किया।

विभिन्न मुद्दों पर सरकार के साथ टकराव में चल रही केआईएम ने पिछले सप्ताह कहा था कि अगर एनआरसी को सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में और आदिवासी संगठन के परामर्श से लागू किया जाता है तो वह इसका विरोध नहीं करेगी।

सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा, यह जानकर खुशी हुई कि कुकी इंपी मणिपुर ने हाल ही में एक बयान जारी कर सुप्रीम कोर्ट और अन्य की निगरानी में एनआरसी की मांग को स्वीकार कर लिया है... आइए और अपने स्तर पर बात करें। अगर आप (केआईएम) मुझसे बात नहीं करना चाहते हैं तो केंद्र से बात करें। बता दें कि मुख्यमंत्री ने मार्च में कहा था कि वह अवैध प्रवासियों की पहचान के लिए राज्य में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) लागू करने के लिए केंद्र को सिफारिश भेजेंगे।

मिजोरम: राज्यपाल ने विधानसभा में बुलाई बैठक
मिजोरम के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति ने 20 अगस्त से अपना मानसून सत्र बुलाने के लिए राज्य विधानसभा की बैठक बुलाई है। एक आधिकारिक अधिसूचना में यह जानकारी दी गई। 

विधानसभा अध्यक्ष लालबियाकजामा ने कहा कि आगामी सत्र का विस्तृत कार्यक्रम अभी बीएसी द्वारा तैयार नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि उनकी अध्यक्षता में कार्य मंत्रणा समिति की बैठक अगले सप्ताह होगी।

महाराष्ट्र: हवाई अड्डे के आसपास लेजर और बीम लाइट के इस्तेमाल पर पाबंदी
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पुलिस ने सुरक्षा चिंताओं के चलते शहर के चिकलथाना हवाई अड्डे के आसपास लेजर और बमी लाइट के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है। एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। 

अधिकारी ने बताया कि पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार ने यह फैसला इसलिए लिया है, ताकि ऐसी लाइट के कारण विमान के पायलटों को दृश्यता संबंधी दिक्कत से बचाया जा सके। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि लेजर और बीम लाइट के इस्तेमाल से दुर्घटनाएं भी हो सकती हैं।

कर्नाटक: करंदलाजे ने शाह से की वाल्मिकि निगम घोटाले की जांच की मांग 
केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अपील की है कि वह केंद्रीय एजेंसियों को राज्य के स्वामित्व वाले कर्नाटक महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम से धन के अवैध हस्तांतरण की पूरी तरह से जांच करने का निर्देश दें। करंदलाजे ने निगम के लेखा अधीक्षक चंद्रशेखरन पी की आत्महत्या से हुई मौत को भी उजागर किया, जिसने घोटाले को प्रकाश में लाया। 

अपने सुसाइड नोट में चंद्रशेखरन ने आरोप लगाया कि निगम से जुड़ी 187 करोड़ रुपये की राशि अवैध रूप से हस्तांतरित की गई थी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इनमें से 88.62 करोड़ रुपये कुछ आईटी कंपनियों और हैदराबाद के एक सहकारी बैंक के विभिन्न खातों में भेजे गए।

असम: नाव डूबने से तीन की मौत, दो लापता
असम के गोलपारा जिले में आज शाम बाढ़ के पानी में एक नाव डूब गई। जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लापता हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 
 
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक यह घटना रोंगजुली पुलिस थाना क्षेत्र के सिमलीटोला में उस समय हुई, जब करीब 20 लोगों को लेकर जा रही नाव सुनसान इलाके में एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार के बाद लौट रही थी। छोटी नाव पर करीब 20 लोग सवार थे। शाम को अंतिम संस्कार के बाद बाढ़ वाले इलाकों से गुजरते समय ओवरलोड होने के कारण यह नाव डूब गई। अधिकांश यात्री तैरने में कामयाब रहे। लेकिन पांच लोग लापता हो गए। एनडीआरएफ के जवानों को बुलाया गया और उन्होंने तीन लोगों के शव बरामद किए। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबि, दो अन्य लापता हैं और उनका पता लगाने के प्रयास जारी हैं। 

गुजरात: राजकोट के कुछ इलाके हैजा प्रभावित घोषित
गुजरात के राजकोट के कुछ इलाकों में हैजे के दो मामले सामने आने के बाद इन इलाकों को हैजा प्रभावित घोषित कर दिया गया है। राजकोट नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी जयेश वकानी से बृहस्पतिवार को मिली जानकारी के मुताबिक, कलेक्टर प्रभाव जोशी ने महामारी रोग अधिनियम के तहत 2 किलोमीटर के दायरे में आने वाले इलाके को हैजा प्रभावित घोषित करने वाली अधिसूचना 5 जुलाई को जारी की थी। यह दो महीने तक के लिए लागू रहेगा।

इन इलाकों में हैजा के दो मामले वाला लोहानगर, रेलवे क्रॉसिंग और गोंडल रोड शामिल हैं। अधिसूचना के तहत बर्फ से बने खाद्य पदार्थों पर 4 सितंबर तक प्रतिबंध लगा दिया गया है। हैजा नियंत्रण अधिकारी नियुक्त किए गए वकानी ने बताया कि नियमानुसार, अगर एक भी मामला दर्ज होता है तो उस क्षेत्र को हैजा प्रभावित घोषित कर दिया जाता है।

टीएमसी विधायक का दावा-पार्टी नेता की गिरफ्तारी पर मिली जान से मारने की धमकी
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता और विधायक मदन मित्रा ने गुरुवार को दावा किया कि गिरफ्तार पार्टी नेता जयंत सिंह के खिलाफ बोलने के बाद उन्हें धमकी भरा फोन आया था। इससे पहले पार्टी के सासंद सौगत रॉय ने इसी तरह की धमकी भरे कॉल की शिकायत की थी।

रॉय ने बुधवार को दावा किया था कि उन्हें एक फोन कॉल आया था, जिसमें फोन कॉल करने वाले ने धमकी दी थी कि अगर जयंत सिंह को जल्द रिहा नहीं किया गया तो वह उन्हें जान से मार देगा। 

मित्रा ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में कहा, बुधवार देर रात मुझे एक अनजान नंबर से फोन आया। उस व्यक्ति ने दावा किया कि अगर मैंने जयंत सिंह और उसके गिरोह के खिलाफ बोलना बंद नहीं किया तो मुझे गोली मार दी जाएगी। टीएमसी के नेता ने शिकायत दर्ज कराई। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के अरियादाहा के टीएमसी नेता सिंह 30 जून को हुई भीड़ की हिंसा की घटना के प्रमुख संदिग्ध हैं और उन्हें पिछले सप्ताह पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

महाराष्ट्र: एफडीए ने वसई में की छापेमारी
खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रसाधन (एफडीए) ने वसई के तीन अलग-अलग ठिकनों पर छापेमारी की और पाया कि मेसर्स गहरवार फार्मा प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड दवाओं का निर्माण कर रहा था। करीब 1.41 करोड़ रुपये की कीमत की आयुर्वेदिक दवाएं, कच्चे माल, पैकिंग सामग्री, लेबल और पाउच की जब्ती की गई। आगे की जांच जारी है। 

तेलंगाना : सिरफिरे प्रेमी ने महिला के माता-पिता की हत्या की
 वारंगल जिले में बृहस्पतिवार तड़के सिरफिरे प्रेमी ने महिला के माता-पिता की हत्या कर दी। वह पहले महिला के साथ संबंध में था, बाद में महिला ने उसे ठुकरा दिया था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि जब महिला का परिवार अपने घर के बाहर सो रहा था, उस समय आरोपी ने उन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे बुजुर्ग माता-पिता की मौत हो गई। आरोपी ने महिला और उसके भाई पर भी हमला किया। ये जोड़ा पिछले साल भाग गया था और साथ रहा था, लेकिन बाद में दोनों में अलगाव हो गया था। युवक का आरोप है कि दोनों के बीच अलगाव महिला के माता-पिता की वजह से हुआ था। महिला पिछले छह महीने से अपने माता-पिता के साथ रह रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

ओडिशा : केंद्रीय जीएसटी के अधीक्षक रंगे हाथ 15,000 रिश्वत लेते गिरफ्तार
ओडिशा के गंजम जिले के बरहामपुर में केंद्रीय जीएसटी और केंद्रीय उत्पाद शुल्क के अधीक्षक मनोज कुमार सुबुद्धि को सीबीआई ने बृहस्पतिवार को जीएसटी रिफंड की प्रक्रिया के बदले रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। वे गंजम जिले के बरहामपुर में केंद्रीय जीएसटी और केंद्रीय उत्पाद शुल्क के अधीक्षक के रूप में तैनात हैं। सीबीआई ने बरहामपुर और भुवनेश्वर में उनके आवासीय और आधिकारिक परिसरों पर भी तलाशी अभियान चलाया, जहां से आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए।

सुबुद्धि को उस समय पकड़ा गया जब वह शिकायतकर्ता से रिश्वत की कुल मांगी गई राशि 20,000 रुपये में से 15,000 रुपये की पहली किस्त स्वीकार कर रहे थे। सुबुद्धि ने शिकायतकर्ता से 1.77 लाख रुपये की जीएसटी रिफंड और लगभग 3 लाख रुपये के अन्य जीएसटी रिफंड को सुचारू रूप से संसाधित करने के लिए 20,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के आधार पर सीबीआई ने जाल बिछाकर गंजाम के बरहामपुर से गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में 9 जुलाई को सीबीआई ने मामला दर्ज किया था। मामले की जांच जारी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed