फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News and Updates container catches fire in Thane Mumbai-bound flight returned to Delhi know more news here

Updates: ठाणे में कंटेनर में लगी आग; दुर्गंध की वजह से इंडिगो का विमान दिल्ली लौटा और पटनायक की ओडिशा को सौगात

Fri, 09 Feb 2024 11:36 PM IST
श्वेता महतो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: श्वेता महतो Updated Fri, 09 Feb 2024 11:36 PM IST
सार

ठाणे में एक कंटेनर में आग लगने से छह बकरियों की मौत हो गई, वहीं एक 35 वर्षीय व्यक्ति की बाल बाल जान बच गई। आग की वजह से तीन  गैस सिलेंडर, जेनरेटर, एक मोटर साइकिल समेत अन्य कई चीजे जलकर नष्ट हो गई।

विज्ञापन
News and Updates container catches fire in Thane Mumbai-bound flight returned to Delhi know more news here
आज की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

विस्तार

महाराष्ट्र के ठाणे में शुक्रवार को एक कंटेनर में आग लग गई। इस हादसे में छह बकरियों की जान चली गई। यह घटना रेतीबंदर इलाके के गणेश विसर्जन घाट के पास रात के दो बजे घटी। आग की वजह से तीन गैस सिलेंडर, जेनरेटर, एक मोटरबाइक समेत अन्य कई चीजें जलकर नष्ट हो गई। वहीं, इस हादसे में एक 35 वर्षीय व्यक्ति की बाल-बाल जान बच गई।
विज्ञापन


अधिकारी ने बताया कि कंटेनर के भीतर सो रहे निर्मल महतो सही समय पर घटनास्थल से भागने में कामयाब रहे। ठाणे नगर निगम में आपदा प्रबंधन सेल के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची और आग को बुझाने में जुट गई। फिलहाल इस हादसे में हुए नुकसान का आकलन नहीं हो पाया है।
विज्ञापन

मुंबई जाने वाला इंडिगो विमान वापस दिल्ली लौटा

मुंबई जाने वाली इंडिगो का एक विमान शुक्रवार की सुबह दिल्ली वापस लौट आया। दरअसल, विमान में दुर्गंध आने के कारण उसे वापस लौटना पड़ा। विमान 6E 449 उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही दिल्ली की इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वापस लौट आया। 

इंडिगो ने ए बयान जारी करते हुए बताया कि विमान में दुर्गंध आने के कारण पायलट ने विमान को वापस दिल्ली की तरफ मोड़ दिया। फिलहाल इस मामले में ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है। एयरलाइन ने बताया कि यात्रियों के लिए दूसरे विमान का आयोजन किया गया था।

सीएम पटनायक का ओडिशा को सौगात

वरिष्ठ नागरिकों के लिए राज्य सरकार की तरफ से तीर्थ यात्रा योजना के तौर पर ओडिशा के छह जिलों से करीब 960 लोग तिरुपति और वेल्लोर की यात्रा के लिए एक विशेष ट्रेन में सवार हुए। 

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गुरुवार को बरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना (बीएनटीवाईवाई) ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी। इस ट्रेन का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन से तिरुपति और वेल्लोर की यात्रा कराना है। बता दें कि 2023-24 के दौरान स्वीकृत बीएनटीवाईवाई तीर्थयात्रा ट्रेन की यह 8वीं यात्रा है। 

एक अधिकारी ने बताया कि खुरधा, कटक, पुरी, केंद्रपाड़ा,जगतसिंहपुर और ढेंकनाल जिले से कुल 90 वरीष्ठ नागरिक इस ट्रेन में सवार थे। बरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना का एकमात्र लक्ष्य गरीब वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थयात्रा करवाना है। इस योजना के तहत आईआरसीटीसी के साथ मिलकर अबतक 27 यात्राओं का आयोजन किया गया है।
विज्ञापन

एफएमआर को खत्म करने के केंद्र के फैसले पर मणिपुर के आदिवासियों का विरोध

भारत-म्यांमार मुक्त आवागमन व्यवस्था (एफएमआर) को खत्म करने के केंद्र सरकार के फैसले पर मणिपुर के आदिवासी समूहों के सदस्य ने विरोध जताया है। बता दें कि भारत-म्यांमा सीमा के करीब रहने वाले लोगों को एफएमआर के तहत बिना किसी दस्तावेज के एक-दूसरे के क्षेत्र में 16 किलोमीटर तक भीतर जाने की अनुमति है।

आदिवासी समूहों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर बृहस्पतिवार को प्रतिक्रिया दी है।  शाह ने कहा था कि केंद्र सरकार ने देश की आंतरिक सुरक्षा और पूर्वोत्तर राज्यों की जनसांख्यिकीय संरचना को बनाए रखने के लिए यह फैसला किया है। 

जो यूनाइटेड’ के प्रवक्ता गिन्जा वुअलजोंग ने कहा, 'मणिपुर और मिजोरम में आदिवासी समुदाय एफएमआर के फैसले से खुश नहीं हैं और वे बड़े स्तर पर निर्णय का विरोध करने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे।' उन्होंने आगे कहा, 'हमने बुधवार को गृह मंत्रालय के अधिकारियों के साथ तीन घंटे तक बैठक की। हमने बैठक के दौरान उन विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जिनका हम अपने देश में सामना कर रहे हैं। उन्होंने हमारे मुद्दों तथा चिंताओं को धैर्यपूर्वक सुना है और कहा है कि वे इसे उच्च अधिकारियों तक पहुंचायेंगे।'



 

ओडिशा में तीन गांजा तस्करों को 10 साल की सजा

ओडिशा के गंजम जिले की एक अदालत ने तीन गांजा तस्करों को 10 साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अतिरिक्त जिला न्यायाधीश सह विशेष न्यायाधीश आरके दास ने गुरुवार को फैसला सुनाया था। तीनों तस्करों के खिलाफ एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। 

तीनों तस्करों की पहचान गंजम जिले के निवासी दाशरथी गोमांगो, इरास सबर और जयदेब जेना के तौर पर की गई है। जुर्माने की रकम जमा नहीं करने पर तीनों को अतिरिक्त छह महीने की जेल की सजा हो सकती है। आबकारी विभाग ने तीनों को अक्तूबर 2022 में 100 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की तहत मामला दर्ज किया गया था। 

वरिष्ठ एसडीएफ नेता शेर बहादुर सुबेदी का निधन

वरिष्ठ सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) नेता और पूर्व राज्य मंत्री शेर बहादुर सुबेदी का 66 वर्ष की उम्र में शुक्रवार को निधन हो गया। उनके परिवार ने बताया कि वे कैंसर से पीड़ित थे। 

सुबेदी अपनी पत्नी, बेटी और बेटे के साथ रहते थे। वे पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चैंमलिंग के भरोसेमंद सहयोगी थे। शेर बहादुर सुबेदी परिवहन, वन और ग्रामीण विकास विभाग में मंत्री भी रहे। वे पश्चिमी सिक्किम के गेजिंग बरमोइक निर्वाचन क्षेत्र से तीन बार विधायक रह चुके हैं। उनके निधन पर सिक्किम के सीएम प्रेम सिंह तमांग ने सोक जताया है। 

केरल की विशेष एनआई अदालत ने एक व्यक्ति को सुनाई 10 साल की सजा

केरल की एक विशेष एनआईए अदालत ने शुक्रवार को पलक्कड़ के एक मूल निवासी को दस साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई है। दरअसल, व्यक्ति पर आतंकवादी संगठन आईएसआईएस का सदस्य होने और उसकी गतिविधियों को समर्थन प्रदान करने का आरोप है। 

विशेष एनआईए अदालत की न्यायाधीश मिनी एस दास ने आरोपी रियास अबूबाकर को दस साल की सजा सुनाई है। इसके साथ ही उसपर 1.25 लाख रुपये काजुर्माना भी लगाया गया है। अदालत ने सात फरवरी को अबूबाकर को यीएपीए की धारा 38 और धारा 39 एवं भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी के तहत दोषी ठहराया है। 

एनआईए के अनुसार, अबूबाकर आईएसआईएस के सदस्यों के साथ संपर्क में था। एजेंसी ने बाद में दावा किया कि आरोपी कोच्चि में बैठक करने वाला है। जहां भारत में आतंकी संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने और हमले करने को लेकर चर्चा हो सकती है। हालांकि, एजेंसी ने बाद में दावा किया कि अबूबाकर ने दूसरों को भी भारत में हमले करने के लिए उकसाया था। बता दें कि अबूबाकर को 2019 में गिरफ्तार किया गया था। 

आदित्या समूह के पूर्व एचआर प्रमुख बीजद में हुए शामिल

आदित्य बिड़ला समूह के पूर्व एचआर प्रमुख संतरूप मिश्रा आज बीजद में शामिल हो गए हैं। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने उनका स्वागत किया। संतरूप के पार्टी में शामिल होने के कुछ देर बाद ही उन्हें बीजद का प्रवक्ता बना दिया गया। 

बीजद में शामिल होने के बाद संतरूप ने कहा, बहुत लंबे समय से ही मैं अपने गृह राज्य ओडिशा के लिए कुछ करना चाहता था। कॉर्पोरेट में 30 वर्षों तक काम करने के बाद मैंने बहुत कुछ सीखा। मैं इसे कहीं लागू करना चाहता हूं। मैंने पाया कि सीएम नवीन पटनायक के नेतृत्व में बीजद ओडिशा के विकाश के लिए काम कर रहा है। सीएम मुझे जो भी काम देंगे, मैं उसे पूरा करने की कोशिश करूंगा। 
 

मिजोरम-म्यांमार सीमा पर 9 करोड़ रुपये मूल्य की मेथम्फेटामाइन जब्त

पूर्वी मिजोरम के चांपाई जिले में असम राइफल्स और मिजोरम पुलिस ने 13.3 करोड़ रुपये की हेरोइन और नशीली दवाएं जब्त की। एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार को जोखावथर के एक निवासी के पास से 4.23 करोड़ रुपये मूल्य की कुल 605 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

एक गुप्त सूचना के बाद एक अन्य ऑपरेशन में, गुरुवार को मिजोरम-म्यांमार सीमा पर 9 करोड़ रुपये मूल्य की मेथम्फेटामाइन की 30,300 गोलियां और 17.49 लाख रुपये नकद बरामद की गई।

नागालैंड सरकार भारत-म्यांमार सीमा पर बाड़ लगाने पर करेगी परामर्शी बैठक  
नगालैंड सरकार ने भारत-म्यांमार सीमा पर बाड़ लगाने और दोनों देशों के बीच मुक्त आवाजाही व्यवस्था (एफआरएम) को खत्म करने के केंद्र के फैसले पर आदिवासी निकायों और नागरिक समाज संगठनों के साथ बैठक करने का फैसला किया है। एक कार्यक्रम से इतर उपमुख्यमंत्री वाई पैटन ने इस बारे में जानकारी दी। हालांकि उन्होंने बैठक की तारीख का खुलासा नहीं किया। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने हाल ही में कहा था कि केंद्र के फैसले को लागू करने से पहले नागरिक समाज संगठनों के साथ परामर्श की आवश्यकता है, क्योंकि राज्य के कई नगा लोगों की संपत्तियां अंतरराष्ट्रीय सीमा के दूसरी ओर हैं।

 31.45 लाख रुपये की ड्रग्स के साथ व्यक्ति गिरफ्तार; सोशल मीडिया के जरिए लिया था ऑर्डर 

ठाणे जिले में एक व्यक्ति को कथित तौर पर 31.45 लाख रुपये मूल्य के गांजा, चरस और हशीश के साथ गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (अपराध) शिवाजीराव पाटिल ने कहा कि रुषभ संजय भालेराव (28) ने इंस्टाग्राम पर ड्रग्स की आपूर्ति के ऑर्डर लिए और प्रतिबंधित सामग्री को घर पर कूरियर कर दिया। उन्होंने कहा कि एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए वेज एस्टेट इलाके के इंदिरा नगर से उसे पकड़ लिया। उस समय उसके पास से 30,200 रुपये मूल्य का 3.2 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। डीसीपी ने कहा कि भालेराव को 12 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया और तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

 ओडिशा में विधायक प्रेमानंद नायक का बीजद से इस्तीफा
 बीजद विधायक प्रेमानंद नायक ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने अपनी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी में दरकिनार कर दिया गया है। क्योंझर जिले के तेलकोई के विधायक नायक ने कहा कि उन्होंने पिछले साल अक्तूबर में मुख्यमंत्री बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक को इस्तीफा भेज दिया था, लेकिन अभी तक जवाब नहीं मिला है।

नायक ने मीडिया में साझा किए गए एक पत्र में कहा कि वह बीजू जनता दल की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि बीजद में चंपुआ से पूर्व कांग्रेस विधायक धनुर्जय सिद्दू को शामिल किए जाने से वह नाराज हैं।

बिलकिस बानो मामले के एक दोषी को पांच दिन की पैरोल
 बिलकिस बानो मामले में करीब 15 दिन पहले सरेंडर करने वाले दोषियों में से एक को कोर्ट के आदेश पर पांच दिन की पैरोल पर रिहा कर दिया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि दोषी प्रदीप मोढिया को उनके ससुर की मृत्यु के कारण की पैरोल दी गई है। दाहोद निवासी दोषी प्रदीप मोढिया को गुजरात हाईकोर्ट के निर्देश पर गोधरा जेल से रिहा कर दिया गया है।

राष्ट्रीय लोक जनता दल (RLJD) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की और बिहार की वर्तमान राजनीतिक स्थिति और राज्य में लोकसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की।

मालेगांव विस्फोट: आरोपी कलसांगरा की संपत्ति कुर्क करने का आदेश
2008 के मालेगांव विस्फोट मामले में एनआईए की विशेष अदालत ने फरार आरोपी रामचन्द्र कलसांगरा की संपत्ति कुर्क करने के लिए वारंट जारी किया है। विशेष न्यायाधीश एके लाहोटी ने बृहस्पतिवार को कुर्की का वारंट जारी किया। अदालत के आदेश के बावजूद पेश न होने पर यह कुर्की का अदेश जारी किया गया। 29 सितंबर, 2008 को मुंबई से करीब 200 किमी दूर मालेगांव शहर में एक मस्जिद के पास एक मोटरसाइकिल पर रखे उपकरण में विस्फोट से छह लोगों की मौत हो गई थी और 100 से अधिक घायल हो गए। 

पुणे के सरकारी अस्पताल में लगी आग
पुणे के ससून जनरल अस्पताल में आग लगने की घटना सामने आई है। अधिकारियों ने बताया कि कोई हताहत नहीं हुआ। सभी मरीज सुरक्षित हैं। अग्निशमन विभाग के अधिकारी ने बताया कि रात 8.10 बजे अस्पताल की दसवीं मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली। दमकल की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। बहुत धुंआ उठ रहा था। सुरक्षा गार्डों ने आग बुझाने के लिए अंदर मौजूद अग्निशामक यंत्रों का भी इस्तेमाल किया। सभी मरीज सुरक्षित हैं। संदेह है कि कोई व्यक्ति टॉयलेट में धूम्रपान कर रहा था, इस कारण आग लगी। हालांकि, अभी सटीक कारण का पता नहीं चल पाया है।

सेवा पर नियंत्रण विवादः केंद्र के खिलाफ दिल्ली सरकार की याचिका को सूचीबद्ध करने पर विचार करेगा सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को दिल्ली सरकार से कहा कि वह सेवाओं को नियंत्रित करने के संबंध में निर्वाचित सरकार पर उपराज्यपाल की पूर्व-प्रधानता स्थापित करने वाले केंद्र सरकार के कानून को चुनौती देने वाली याचिका को सूचीबद्ध करने पर विचार करेगा। आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की ओर से पेश वकील शादान फरासत ने चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ से आग्रह किया, चूंकि संविधान पीठ मामलों की सुनवाई कर रही है, इसलिए सेवाओं के मुद्दे पर दिल्ली सरकार की याचिका पर भी विचार किया जा सकता है। इस पर चीफ जस्टिस ने कहा कि यह बात उनके ध्यान में है। पिछले साल 27 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया था कि दिल्ली सरकार की याचिका में दोनों पक्षों की दलीलों का एक साझा संकलन दाखिल किया जाए।

उल्लेखनीय है कि संसद ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (संशोधन) विधेयक 2023 को मंजूरी दी थी। इसे दिल्ली सेवा विधेयक भी कहा जाता है। इसके जरिये उपराज्यपाल को सेवा मामलों पर व्यापक नियंत्रण दिया गया है। राष्ट्रपति की सहमति के बाद यह विधेयक कानून बन चुका है।

पीएसी ने रक्षा मंत्रालय से खरीद में देरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा
लोक लेखा समिति (पीएसी) ने इस बात पर गौर करते हुए कि देश की रक्षा तैयारियों में सेना के भंडार प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका है, सरकार को वस्तुओं की खरीद में देरी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा। समिति ने इसके साथ ही बड़ी मात्रा में अचल वस्तुओं का निपटान करने, खरीद प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने की भी सलाह दी है। लोकसभा में बृहस्पतिवार को पेश की गई एक रिपोर्ट में समिति ने कहा कि भारतीय सेना लगभग 4.5 लाख वस्तुओं की विशाल सूची का प्रबंधन कर रही है, इसलिए यह जरूरी है कि सूची प्रबंधन में आने वाली खामियों को तत्काल दूर किया जाए और सुव्यवस्थित प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए। समिति ने मंत्रालय से यह भी बताने को कहा है कि रक्षा क्षेत्र से जुड़े सार्वजनिक उपक्रमों और आयुध कारखानों के खिलाफ लक्ष्य हासिल न करने की स्थिति में क्या कार्रवाई की गई है। मौजूदा निगरानी तंत्र को और सख्त बनाने की भी सलाह दी गई है।

किसानों को गरीबी से बाहर निकालने के लिए और प्रयासों की जरूरत : मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किसानों को गरीबी से बाहर निकालने और उनकी फसल का उचित दाम दिलाने के लिए शुक्रवार को और प्रयास किए जाने का आह्वान किया। दिल्ली-एनसीआर में बृहस्पतिवार को किसानों के विरोध प्रदर्शन की पृष्ठभूमि में राष्ट्रपति ने यह टिप्पणी की। मुर्मू ने यहां पूसा परिसर में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) के 62वें दीक्षांत समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसान न केवल अन्नदाता हैं, बल्कि जीवनदाता भी हैं। किसान देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान दे रहे हैं। मुर्मू ने कहा कि हम किसानों की समस्याओं से अवगत हैं। आज भी बहुत से किसान गरीबी में जीवन यापन कर रहे हैं। उनकी फसल का सही मूल्य दिलाने के साथ ही हमें उनके जीवन स्तर को बेहतर करने की दिशा में हमें और परिश्रम करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि 2047 तक देश एक विकसित राष्ट्र बन जाएगा। कृषि क्षेत्र में आईएआरआई के योगदान पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि संस्थान ने मेरा गांव, मेरा गौरव पहल की सराहना करते हुए देश की खाद्य सुरक्षा हासिल करने में योगदान दिया है।  

गांधी परिवार पार्टी के लिए परेशानी, कांग्रेस का भविष्य शून्य : शर्मिष्ठा
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का भविष्य शून्य है। देश की सबसे पुरानी पार्टी को नए चेहरे के साथ नए नेतृत्व की भी जरूरत है। मुखर्जी ने कहा, जब तक राहुल गांधी या गांधी परिवार कांग्रेस का चेहरा बने रहेंगे, तब तक नए चेहरे, नए विचारों और नए नेतृत्व को मौका नहीं मिलेगा।  पिछले सप्ताह नई किताब के विमोचन और लोकसभा चुनाव में पार्टी का नेतृत्व करने की राहुल गांधी की क्षमता के बारे में टिप्पणियों के बाद ट्रोलिंग की शिकायत के लिए शर्मिष्ठा मुखर्जी ने शुक्रवार को राहुल गांधी को पत्र लिखा। कहा कि मेरे पिता प्रणब मुखर्जी और मुझे गंदी भाषा में गालियां दी गईं।

बिना नए जनादेश निर्वाचित जनप्रतिनिधि पार्टी नहीं बदल सकते: हाईकोर्ट
केरल हाईकोर्ट ने कहा कि बिना नए जनादेश के निर्वाचित प्रतिनिधि उस पार्टी या गठबंधन के खिलाफ नहीं जा सकते, जिसके प्रत्याशी के तौर पर मतदाताओं ने उन्हें चुना है। हाईकोर्ट ने यह टिप्पणी इडुक्की जिले के एक स्थानीय स्वायत्तशासी निकाय से जुड़ी दलबदल संबंधी याचिका को खारिज करते हुए की। जस्टिस पीवी कुन्हिकृष्णन ने 5 फरवरी को जारी एक आदेश में कहा कि एक निर्वाचित प्रतिनिधि को उस निर्वाचन क्षेत्र के लोगों की आवाज बनना चाहिए। वह मतदाताओं की इच्छा के खिलाफ नहीं जा सकता। अदालत ने कहा, अगर नेता ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में किसी राजनीतिक दल या गठबंधन के समर्थन से चुनाव जीता है, तब भी वह जनादेश को मानने के लिए बाध्य है।  

पीजी छात्रों को छात्रावास के लिए बाध्य किया तो होगी सख्त कार्रवाई
देश के सभी मेडिकल कॉलेजों को चेतावनी देते हुए राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) ने कहा है कि स्नातकोत्तर छात्रों को छात्रावास में रहने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता। अगर कोई दोषी पाया गया तो एनएमसी सख्त कार्रवाई करते हुए उस कॉलेज की सीटें कम करने के साथ प्रवेश पर रोक या फिर मौद्रिक दंड लगा सकता है। कई राज्यों से छात्रों की शिकायत मिलने के बाद एनएमसी ने शुक्रवार को सभी कॉलेजों को निर्देश जारी करते हुए कहा कि नियमों के तहत स्नातकोत्तर छात्रों के लिए उचित आवासीय सुविधा देने की जिम्मेदारी कॉलेज प्रबंधन की है। यह सुविधा कितने छात्र लेते हैं या नहीं? यह अधिकार छात्रों का है। कोई भी कॉलेज प्रबंधन छात्रों को आवासीय सुविधा के लिए जोर जबरदस्ती नहीं कर सकता है।  

जेनेटिक्स विशेषज्ञ और पद्म श्री विजेता डॉ. ईश्वर चंद्र का निधन
जेनेटिक्स के क्षेत्र में विशेषज्ञ और पद्म श्री पुरस्कार विजेता डॉ. ईश्वर चंद्र वर्मा का शुक्रवार को निधन हो गया। सर गंगा राम अस्पताल ने उनकी मृत्यु की घोषणा की। दुनिया भर के चिकित्सा समुदाय ने उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों को याद किया। अस्पताल ने कहा, चिकित्सा और आनुवांशिकी में प्रोफेसर वर्मा के योगदान ने विश्व स्तर पर अमिट छाप छोड़ी है, उनके निधन पर दुनिया भर में उनके सहयोगियों, छात्रों और रोगियों ने शोक व्यक्त किया है। 

हिंदी के प्रसार को बढ़ावा देना सरकार का कर्तव्य : धनखड़
तृणमूल सदस्य साकेत गोखले ने राज्यसभा में कहा कि केंद्र सरकारी कामकाज में हिंदी को थोप रहा है। यह संघीय ढांचे के खिलाफ है। इस पर सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा कि उन्होंने संविधान के तहत शपथ ली है। संविधान के अनुच्छेद 351 में प्रावधान है कि हिंदी भाषा के प्रसार को बढ़ावा देना सरकार का कर्तव्य होगा। धनखड़ ने गोखले से कहा, आपने संविधान के इन प्रावधानों की अनदेखी की है। हमारी समृद्ध भाषाओं की संस्कृति है। हमें अपनी भाषाओं पर गर्व है। हमारी भाषाओं का वैश्विक प्रभाव भी है। मैं बस इतना कह रहा हूं कि हमें एक सर्वसम्मत दृष्टिकोण रखना चाहिए। सभापति ने प्रश्न काल के दौरान बार बार ऊंची आवाज मंे बोलने पर गोखले को चेतावनी भी दी।

कूनो में सेप्टीसीमिया से हुई चार चीतों की मौत
सरकार ने शुक्रवार को बताया कि अफ्रीका के नामीबिया से लाए गए शौर्य सहित चार चीतों की मौत रक्त संक्रमण से होने वाली बीमारी सेप्टीसीमिया के कारण हुई। पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने एक प्रश्न के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी। शौर्य की मौत कूनो राष्ट्रीय उद्यान में 16 जनवरी को हुई थी। 2022 में अफ्रीका से चीते लाकर बसाए जाने के बाद से यह दसवें चीते की मौत हुई है। यादव ने कहा िक अगले 5 वर्ष में अफ्रीका  से 12-14 चीते लाने की योजना है। एमपी के गांधी सागर अभयारण्य में इन्हें रखा जाएगा।

सुप्रीम कोर्ट को क्षेत्रीय पीठों की अभी जरूरत नहीं
कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने लोकसभा में बताया कि सुप्रीम कोर्ट के मुताबिक अभी उसकी क्षेत्रीय पीठ की कोई जरूरत नहीं है। प्रश्नकाल के दौरान सरकार की ओर से शीर्ष अदालत की क्षेत्रीय पीठों की स्थापना की संसदीय पैनल की सिफारिश को स्वीकार करने से जुड़े प्रश्न पर मेघवाल ने कहा स्थायी समिति की सिफारिशें एक अलग चीज है। लेकिन जब मामला कोर्ट में पहुंचा तो सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि फिलहाल इसकी कोई जरूरत नहीं है।

सदस्य अपने फोन जमा कराएं जांच में सहयोग करें : वैष्णव
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विपक्षी सांसदों से आईफोन हैकिंग मामले की जांच में सहयोग करने और अपने फोन जाम कराने की अपील की।  राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए, मंत्री ने कहा, सिर्फ आरोप लगाने से काम नहीं चलेगा। कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ सहयोग करना होगा। वह प्रियंका चतुर्वेदी (शिवसेना यूबीटी) को जवाब दे रहे थे, जिन्होंने पिछले वर्ष एप्पल से मिले ईमेल व राज्य प्रायोजित हैकिंग का मुद्दा उठाया।  
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed