Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   news and update today, Special Investigation Team formed to probe into murder of minor girl

Updates: पुडुचेरी में नाले से मिला था नौ साल की मासूम का शव, मामले ने पकड़ा तूल तो जांच के लिए एसआईटी गठित

Thu, 07 Mar 2024 06:20 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: काव्या मिश्रा Updated Thu, 07 Mar 2024 06:20 PM IST
सार

पांचवी कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग लड़की दो मार्च से लापता थी। उसका शव मंगलवार को मुथियालपेट ब्लॉक में उसके घर के पास एक नाले में बोरी में मिला था। उसके हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे। उसके माता-पिता ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

विज्ञापन
news and update today, Special Investigation Team formed to probe into murder of minor girl
जांच में जुटी पुलिस। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

विस्तार

पुडुचेरी के मुथियालपेट प्रखंड में एक नाले से नौ साल की बच्ची का शव मिलने के मामले में  जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। यह फैसला विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों के व्यापक विरोध प्रदर्शन को देखते हुए लिया गया है। 

विज्ञापन


मामले में 52 साल के जी विवेकानंदन और 19 वर्षीय एम कक्का उर्फ करुणास को गिरफ्तार किया गया है। एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि धारा 302 (हत्या के लिए सजा) सहित आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा, पुलिस ने यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के साथ आईपीसी की धारा 34 के तहत भी मामले दर्ज किए हैं।
विज्ञापन


यह लोग टीम में शामिल
एसआईटी का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आर कलाईवनन करेंगे। वहीं, जांच अधिकारी के रूप में पुलिस अधीक्षक (पूर्व) लक्ष्मी सुजान्या को नियुक्त किया गया है। पुलिस निरीक्षक गणेश और पुलिस उपनिरीक्षक शिवप्रकाशम एसआईटी की मदद करेंगे। एसआईटी की यह टीम पुलिस उप महानिरीक्षक बृजेंद्र कुमार यादव की निगरानी में काम करेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन


नाले में बोरी में मिला था शव
पांचवी कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग लड़की दो मार्च से लापता थी। उसका शव मंगलवार को मुथियालपेट ब्लॉक में उसके घर के पास एक नाले में बोरी में मिला था। उसके हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे। उसके माता-पिता ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

कड़ी कार्रवाई की मांग
स्वयंसेवकों व विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों और राजनेताओं ने बुधवार को प्रदर्शन किया और अपराध में शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। महात्मा गांधी की प्रतिमा के पीछे समुद्र के किनारे बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी एकत्रित हुए। घटना की निंदा की और नारे लगाए। साथ ही बच्ची के हत्यारों को कड़ी सजा देने की मांग की। 

प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि नशीले पदार्थों के कारण केंद्र शासित प्रदेश में जघन्य अपराध हो रहा है। पर्यटन को बढ़ावा देने की आड़ में विभिन्न स्थानों पर 'रेस्टो बार' के काम करने का भी कड़ा विरोध हुआ। उन्होंने मांग की कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

Trending Videos

नागपुर की जेल से रिहा हुए डीयू के पूर्व प्रोफेसर

दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर जीएन साईबाबा आखिरकार गुरुवार को जेल से बाहर आ गए। दो दिन पहले ही बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर बेंच ने साईबाबा समेत पांच अन्य को माओवादी लिंक के एक कथित मामले में बरी कर दिया था। साथ ही उनकी उम्रकैद की सजा को रद्द करने का फैसला सुनाया था। 
 
नागपुर केंद्रीय कारागार से रिहा होने के बाद साईबाबा ने कहा, 'मेरा स्वास्थ्य बहुत खराब है। मैं बात करने की स्थिति में नहीं हूं। पहले मुझे इलाज की जरूरत है, तब मैं कुछ बोल सकूंगा।' बता दें, पूर्व प्रोफेसर साल 2017 से जेल में बंद थे। फिलहाल वह व्हीलचेयर पर हैं। 

यह है मामला
जीएन साईबाबा और उनके सह-आरोपियों को 2014 में माओवादी गुटों से जुड़े होने और भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों ने सजा के खिलाफ अपील दायर की थी। अब साईबाबा, हेम मिश्रा, महेश तिर्की, विजय तिर्की, नारायण सांगलिकर, प्रशांत राही और पांडु नरोटे (मृतक) को बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर बेंच ने बरी कर दिया।

बता दें, साईबाबा, महेश तिर्की, हेम मिश्रा और प्रशांत राही को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। जबकि विजय तिर्की को 2017 में एक विशेष अदालत ने 10 साल जेल की सजा सुनाई थी। विजय जमानत पर बाहर था, जबकि नरोटे की पिछले साल स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने के बाद जेल में मौत हो गई थी।

क्या है आरोप
बता दें कि साल 2014 में नक्सलियों से संबंध मामले में साई बाबा की गिरफ्तारी हुई थी। साई बाबा फिलहाल नागपुर सेंट्रल जेल में बंद हैं। गिरफ्तारी से पहले व्हीलचेयर से चलने वाले प्रोफेसर साई बाबा दिल्ली विश्वविद्यालय के राम लाल आनंद कॉलेज में अंग्रेजी पढ़ाते थे। जांच एजेंसियों के अनुसार वह छत्तीसगढ़ के अबुजमाड़ के जंगलों में छिपे हुए नक्सलियों और प्रोफेसर के बीच एक कूरियर के रूप में काम कर रहे थे।

शेयर ट्रेडिंग फर्जीवाड़े में नवी मुंबई के एक शख्स को 1.06 करोड़ रुपये का नुकसान

महाराष्ट्र के नवी मुंबई में रहने वाले 45 वर्षीय एक व्यक्ति से 1.06 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई। उसे अच्छे रिटर्न के लिए शेयर में निवेश करने का लालच दिया गया था। अधिकारी ने बताया कि इस सिलसिले में बुधवार को चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गजानन कदम ने बताया कि आरोपी ने नवी मुंबई के तलोजा इलाके में इंजीनियरिंग की इकाई चलाने वाले व्यक्ति से संपर्क किया और अच्छे रिटर्न के लिए शेयर में निवेश करने का लालच दिया गया। पिछले दो महीनों में, व्यक्ति ने ऑनलाइन मोड के माध्यम से विभिन्न बैंक खातों में 1,06,28,000 रुपये स्थानांतरित किए। अधिकारी ने बताया कि लेकिन जब उसे रिटर्न और उसकी निवेश की गई राशि नहीं मिली तो उसने पुलिस से संपर्क किया।

पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया  है।

वर्षा गायकवाड़ के खिलाफ मामला दर्ज 

मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ मुश्किल में पड़ गई हैं। उनके खिलाफ कई आईपीसी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मुंबई पुलिस ने बताया कि कल वर्षा गायकवाड़ और अन्य पार्टी नेताओं ने बिना अनुमति के विरोध-प्रदर्शन किया था। इसलिए उनके और अन्य 50 से 60 लोगों के खिलाफ मुंबई के आजाद मैदान पुलिस स्टेशन मेंआईपीसी की धारा 143, 145, 149 और 188 और मुंबई पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

ठाणे में नौकरी की तलाश में निकले किशोर की हत्या की कोशिश

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक व्यक्ति ने 17 वर्षीय एक छात्र को कथित तौर पर मारने का प्रयास किया। यह घटना उल्हासनगर में मंगलवार को हुई।
 
पुलिस ने बताया कि पीड़ित छात्र अपने दोस्त के साथ कपड़े की दुकान में नौकरी की तलाश में जा रहा था। तभी कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और पैसे मांगने लगे। जब दोनों ने कहा कि उनके पास पैसे नहीं हैं, तो आरोपियों ने लड़के के दोस्त पर हमला करने की कोशिश की।

अधिकारी ने बताया कि जब लड़का अपने दोस्त को बचाने के लिए दौड़ा तो आरोपियों ने उसके पेट और जांघों पर वार कर दिया और बाद में मौके से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि पीड़ित को गंभीर चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। 

केरल में ट्रेन की चपेट में आने से महिला और बच्चे की मौत

यहां रेलवे ओवर ब्रिज के पास गुरुवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला और एक बच्चे की मौत हो गई। यह घटना यहां पास के अदिचिरा 101 कवला में सुबह करीब 10 बजकर 48 मिनट पर हुई।

पुलिस ने बताया कि तिरुवनंतपुरम-हैदराबाद सबरी एक्सप्रेस की चपेट में आने से महिला और अन्य राज्य के रहने वाले पांच वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।

आधे घंटे तक मार्ग पर यातायात नियंत्रित करने के बाद, शवों को निकाला गया। शवों को यहां सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है।

मिजोरम में 9.6 करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ म्यांमार का नागरिक गिरफ्तार

असम राइफल्स के जवानों ने मिजोरम के चंपई जिले में 9.6 करोड़ रुपये मूल्य की 1.3 किलोग्राम हेरोइन बरामद की और मादक पदार्थ रखने के आरोप में म्यांमार के एक नागरिक को गिरफ्तार किया।

अधिकारी ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षा बल के जवानों ने मंगलवार को मिजोरम-म्यांमार सीमा के पास जिले के जोखावथार गांव में तलाशी अभियान चलाया और उसके कब्जे से मादक पदार्थ जब्त कर तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।

असम राइफल्स के अधिकारी ने बताया कि उन्होंने साबुन के 100 डिब्बों से मादक पदार्थ बरामद किया और 35 वर्षीय म्यांमार नागरिक को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने आरोपी व्यक्ति और जब्त मादक पदार्थ को आगे की कार्रवाई के लिए जोखावथार में राज्य पुलिस को सौंप दिया।
 

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री रामदास कदम के बेटे बने महाराष्ट्र प्रदुषण नियंत्रण बोर्ड के नए अध्यक्ष

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और शिवसेना नेता रामदास कदम के बेटे सिद्धेश कदम को महाराष्ट्र प्रदुषण नियंत्रण बोर्ड का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सिद्धेश के भाई योगेश कदम दापोली से विधायक हैं और वह मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना से जुड़े हुए हैं।

शिंदे की अध्यक्षता वाले पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन विभाग ने बुधवार को बताया कि सिद्धेश कदम एएल जरहाद का स्थान लेंगे। जरहाद को सात सितंबर 2023 को एमपीसीबी के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था। हालांकि, वह बिना किसी कारण बताए अनुपस्थित थे, जिस वजह से उन्हें पद से हटा दिया गया। 

किसानों को आपूर्ति की जाने वाली ऊर्जा को सौर ऊर्जा में बदलने के लिए पुरस्कार पत्र

news and update today, Special Investigation Team formed to probe into murder of minor girl
देवेंद्र फडणवीस - फोटो : ANI
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र सीएम ने बताया कि आज महाराष्ट्र सरकार एक महत्वपूर्ण निर्णय लेने वाली है। उन्होंने कहा कि हमने किसानों को आपूर्ति की जाने वाली 50 फीसदी या 9000 मेगावाट को सौर ऊर्जा में बदलने के लिए पुरस्कार पत्र दिया है। डिप्टी सीएम ने आगे कहा, "यह एक रिकॉर्ड है। इस देश में ऐसा कहीं भी नहीं हुआ है। केंद्र सरकार ने इस मॉडल की सराहना की। इन तीन वर्षों में हम किसानों को दी जाने वाली ऊर्जा को सौर ऊर्जा में बदल देंगे।"

भारतीय-अमेरिकी तटरक्षक का होगा 'सी डिफेंडर्स-2024' अभ्यास

भारतीय और अमेरिकी तट रक्षक 9-10 मार्च को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पहली बार सी डिफेंडर्स-2024 अभ्यास करेंगे। इस दौरान यूएससीजी जहाज 'बर्थोल्फ' और आईसीजी जहाजों और विमानों शामिल होंगे। भारतीय तट रक्षक बल के मुताबिक, विशेष रूप से ड्रोन हमलों, नशीली दवाओं के रोकथाम और अन्य समसामयिक अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराधों को रोकने के तौर तरीकों पर जोर दिया जाएगा।

केरल वेटरनरी छात्र की मौत मामले में एबीवीपी का प्रदर्शन

केरल के वेटरनरी छात्र की मौत मामले में एबीवीपी मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए मार्च निकाला। यह मार्च नेदुमंगद से शुरू हुआ और आज रात सचिवालय के पास समाप्त होगा। 

एबीवीपी के राष्ट्रीय सचिव श्रवण पी राज ने कहा, सिद्धार्थ की हत्या को अब 18 दिन हो चुके हैं। हम सभी जानते हैं कि इस मामले की कार्रवाई कहां तक पहुंची है। केरल पुरिस आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला तक दर्ज नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि आरोपी एसएफआई से ताल्लुक रखते हैं। इसलिए एबीवीपी इस मामले में सीबीआई जांच की मांच कर रही है। कॉलेज के डीन भी इस अपराध में शामिल हैं। हमारी दूसरी मांग इस मामले में डीन को आरोपी बनाना है। 

उन्होंने आगे कहा, कॉलेज के डीन भी इस अपराध में शामिल हैं। हमारी दूसरी मांग इस मामले में डीन को आरोपी बनाना है। यह विरोध प्रदर्शन केरल में कॉलेज परिसरों में हो रही वामपंथी गुंडागर्दी और हिंसा के खिलाफ है। हम सिद्धार्थ के परिवार के लिए न्याय की मांग करते हैं।

भारत मंडपम में पहला राष्ट्रीय रचनाकार पुरस्कार प्रदान करेंगे पीएम मोदी

पहला राष्ट्रीय रचनाकार पुरस्कार प्रधानमंत्री कल बीस श्रेणियों में देंगे पुरस्कार
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल सुबह 10:30 बजे भारत मंडपम में पहला राष्ट्रीय रचनाकार पुरस्कार प्रदान करेंगे। राष्ट्रीय रचनाकार पुरस्कार सामाजिक परिवर्तन, पर्यावरण, शिक्षा और खेल सहित अन्य क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयास के लिए दिया जाएगा। 20 विभिन्न श्रेणियों में इस पुरस्कार के लिए 1.5 लाख से अधिक नामांकन प्राप्त हुए। वोटिंग राउंड में करीब 10 लाख वोट डाले गए। इसके बाद, तीन अंतरराष्ट्रीय रचनाकारों सहित 23 विजेताओं का निर्णय किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित करेंगे।

केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह में शामिल हुईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह में शामिल हुईं। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति के प्रति गर्व की भावना राष्ट्रीय चेतना का आधार है। उन्होंने बताया कि संस्कृत में सांस्कृतिक जागरूकता फलाना ही राष्ट्र की सेवा है। 

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, "हमारी संस्कृति की विरासत संस्कृत भाषा में संरक्षित है। संस्कृत भाषा ने हमारे विशाल भूमि की विविधता को एकता के सूत्र में बांधा है। कई भारतीय भाषाएं संस्कृत की शब्दावली से मजबूत हुई हैं । ये भाषाएं विभिन्न क्षेत्रों और राज्यों में बोली जा रही है।"

विरोध प्रदर्शन के लिए कांग्रेस नेता वर्षा गायकवाड़, कुणाल राउत पर मामला दर्ज

बिना अनुमति के मुंबई में दो आंदोलन करने के लिए  मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ और पार्टी की युवा शाखा की राज्य इकाई के प्रमुख कुणाल राउत के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि विधायक गायकवाड़ ने बृहन्मुंबई नगर निगम मुख्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया था, जबकि कुणाल राउत ने राज्य सचिवालय के सामने महाराष्ट्र युवा कांग्रेस के आंदोलन में शामिल हुए थे।  उन्होंने कहा कि पुलिस आयुक्त द्वारा घोषित आदेशों के उल्लंघन के साथ-साथ गैरकानूनी सभा और अन्य अपराधों के लिए भारतीय दंड संहिता और मुंबई पुलिस अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत आरोप लगाए गए हैं।

विस्फोट के एक सप्ताह बाद फिर खुलेगा रामेश्वरम कैफे
ब्रुकफील्ड स्थित रामेश्वरम कैफे में विस्फोट के एक सप्ताह बाद शिवरात्रि के शुभ अवसर पर शुक्रवार को फिर से खोले जाने के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, उनके डिप्टी डीके शिवकुमार और गृह मंत्री जी परमेश्वर शाम 6 बजे पुन: उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। पुलिस के अनुसार, एक मार्च को एक व्यक्ति कैफे में विस्फोटकों से भरा लेकर दाखिल हुआ था। इसमें एक घंटे का टाइमर सेट था। एक घंटे बाद विस्फोट में 10 लोग घायल हो गए थे। एनआईए ने संदिग्ध को ढूंढने के लिए 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। उसकी छवि सीसीटीवी में कैद हो गई है।

शिवसेना नेता रामदास कदम का बेटा महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का प्रमुख नियुक्त
राज्य के पूर्व मंत्री और सीएम एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना नेता रामदास कदम के बेटे सिद्धेश कदम को महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सिद्धेश के भाई योगेश कदम दापोली से विधायक हैं और मुख्यमंत्री शिवसेना से हैं।

शिंदे की अध्यक्षता वाले पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन रोकथाम विभाग ने बुधवार को सिद्धेश कदम का नियुक्ति आदेश जारी किया। वे एएल जरहाद की जगह लेंगे। जरहाद को पिछले साल 7 सितंबर को एमपीसीबी के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था, लेकिन वह बिना कोई वैध कारण बताए अनुपस्थित रहे। इसलिए उन्हें हटा दिया गया।

नौकरी का झांसा देकर ठगी में रेलवे का मुख्य डिपो सामग्री अधीक्षक गिरफ्तार
रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 23 से अधिक लोगों को ठगने के आरोप में सीबीआई ने मुंबई में तैनात तत्कालीन मध्य रेलवे के मुख्य डिपो सामग्री अधीक्षक राजेश रमेश नायक को गिरफ्तार किया है।

अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया नायक ने रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर दो भाइयों से पर 10 लाख रुपये से अधिक लिए थे। पीड़ितों के पिता ने नायक के खिलाफ सीबीआई में शिकायत दी थी। आरोप है कि नायक ने शिकायतकर्ता के बेटों को फर्जी ज्वाइनिंग लेटर के और प्रशिक्षण आदेश भी जारी किया था, लेकिन वह शिकायतकर्ता के बेटों को भर्ती नहीं करा सका। सीबीआई ने आरोपी के आधिकारिक और आवासीय परिसरों समेत तीन स्थानों पर तलाशी ली। यहां से फर्जी प्रस्ताव पत्र, प्रशिक्षण आदेश, बैंक लेनदेन पर्चियां आदि जैसे आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए। बरामद दस्तावेजों से पता चला कि नायक ने 23 से अधिक लोगों के साथ ठगी की थी।

 अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर द्रौपदी मुर्मू ने दीं शुभकामनाएं
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। कहा, यह दिवस खास तौर पर महिलाओं की उपलब्धियों के सम्मान, महिला-पुरुष समानता और महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए समर्पित है। यह महिलाओं के लिए अवसर की समानता तथा जीवन के सभी क्षेत्रों में उन्हें सशक्त बनाने के अभियान से जुड़ा एक महत्वपूर्ण अवसर भी है। महिलाओं को आज भी अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन पर विचार करने और उनका समाधान करने की जरूरत है।

राष्ट्रपति भवन ने मुर्मू के हवाले से एक बयान में कहा, आज महिलाएं विज्ञान, प्रौद्योगिकी, चिकित्सा, अंतरिक्ष, सशस्त्र बलों और खेल सहित सभी क्षेत्रों में नए प्रतिमान स्थापित कर रही हैं। इसकी एक झलक इस वर्ष की गणतंत्र दिवस परेड में महिला शक्ति के भव्य प्रदर्शन और नेतृत्व में देखने को मिली। मैं महिला दिवस के सफल आयोजन की कामना करती हूं।

उपराष्ट्रपति को पत्र लिखकर नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य नसीर हुसैन को शपथ न दिलाने की अपील
 कर्नाटक विधानसभा में पाकिस्तान के समर्थन में नारा लगाने के मामले में 24 सेवानिवृत्त सिविल सेवा अधिकारियों ने बुधवार को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को पत्र लिखकर आग्रह किया कि न्यायिक कार्यवाही पूरी होने तक नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य नसीर हुसैन को पद की शपथ न दिलाई जाए।

दरअसल, राज्यसभा चुनाव में हुसैन की जीत के बाद उनके समर्थकों ने जश्न के दौरान पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाए थे और पुलिस ने इस संबंध में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था और मामले की जांच जारी है।

पत्र में कहा गया है कि विधानसभा परिसर, जो कि एक संरक्षित क्षेत्र है, के भीतर यह घटना हुई है। इसलिए जब तक मामले में संलिप्ता से वह मुक्त नहीं हो जाते, उन्हें शपथ न दिलाई जाए। साथ ही, अपील की कि इस संबंध में प्राथमिकता के आधार पर उचित कार्रवाई शुरू की जाए।

मिजोरम में 9.6 करोड़ की हेरोइन के साथ म्यांमार का नागरिक गिरफ्तार
मिजोरम के चंपई जिले में असम राइफल्स के जवानों ने 9.6 करोड़ रुपये मूल्य की 1.3 किलोग्राम हेरोइन के साथ म्यांमार के एक 35 वर्षीय नागरिक को गिरफ्तार किया है।

एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए सुरक्षा बल के जवानों ने मंगलवार को मिजोरम-म्यांमार सीमा के पास स्थित जिले के जोखावथर गांव में तलाशी अभियान चलाया और तस्कर के कब्जे से मादक पदार्थ जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। हेरोइन को साबुन के 100 बक्सों से छिपाकर रखा गया था। आरोपी म्यांमार से भारत में मादक पदार्थ की तस्करी करता था।

मिजोरम में 37 करोड़ से अधिक की हेरोइन जब्त, एक गिरफ्तार
चम्फाई जिले में असम राइफल्स और मिजोरम पुलिस की संयुक्त टीम ने 37.75 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। इसे इस साल की सबसे बड़ी नशीली दवाओं की बरामदगी बताया गया है।

एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि यह जब्ती बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर म्यांमार सीमा के पास की गई। हेरोइन को अदरक के पैकेट में रखकर छिपाया गया था। इसे म्यांमार से तस्करी कर लाया गया था। मादक सामग्री के परिवहन के लिए इस्तेमाल किए गए वाहन को भी जब्त कर लिया गया है और खेप एवं आरोपी को जोखावथर पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है।

भारतीयों को रूस-यूक्रेन युद्ध क्षेत्र में तस्करी करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ 

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने एक बड़े मानव तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह विदेश में नौकरी दिलाने की आड़ में भारतीयों को रूस-यूक्रेन युद्ध क्षेत्र में ले जाता था। बृहस्पतिवार को एजेंसी के एक अधिकारी ने कहा कि सात शहरों में 10 से अधिक स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। एजेंसी ने विभिन्न वीजा परामर्श फर्मों और एजेंटों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की है। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया है और 50 लाख रुपये जब्त किए गए।



 

भारत भर में 35 नए जिला विकलांगता पुनर्वास केंद्र खोले गए 
केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार ने गुरुवार को देश भर में 35 नये जिला विकलांगता पुनर्वास केंद्रों (डीडीआरसी) का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। इसे लेकर एक बयान भी जारी किया गया है। इसमें बताया गया कि नए स्थापित केंद्रों में मध्य प्रदेश में 13, आंध्र प्रदेश में सात, ओडिशा में छह, त्रिपुरा में चार, महाराष्ट्र में दो और असम, नागालैंड और मणिपुर में एक-एक केंद्र खोले गए हैं। 

नगालैंड में जनजातीय पर्यटन परियोजना का शुभारंभ
 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को नगालैंड के चुमौकेदिमा जिले में 'आदिवासी संस्कृति को जानें' परियोजना का वर्चुअल उद्घाटन किया। उन्होंने पर्यटन मंत्रालय की स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के हिस्से के रूप में देश के विभिन्न हिस्सों में 53 अन्य परियोजनाओं के साथ-साथ श्रीनगर से इस परियोजना का उद्घाटन किया। पर्यटन मंत्रालय के तहत इस परियोजना का उद्देश्य आगंतुकों के लिए आदिवासी सांस्कृतिक अनुभवों को बढ़ावा देना है। अधिकारियों ने कहा कि जनजातीय सांस्कृतिक अनुभव पर्यटकों को पारंपरिक कॉटेज में रहने और नागा व्यंजनों का आनंद लेने के अलावा आदिवासी संस्कृति और नागा लोगों के तरीके के बारे में जानने का अवसर भी प्रदान करेगा।

असम राइफल्स ने स्नाइपर राइफल के लिए 3,000 राउंड गोला बारूद बरामद किया 
असम राइफल्स के जवानों ने मिजोरम के लॉन्ग्टलाई जिले में एक स्नाइपर राइफल के 3,000 राउंड कारतूस और 10 निष्क्रिय पीएनएस उपकरण बरामद किए हैं। अर्धसैनिक बल ने गुरुवार को एक बयान में इसकी जानकारी दी। बल ने बताया कि एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए असम राइफल्स के जवानों ने सनागु बाजार क्षेत्र में एक वाहन को रोका और पीएनएस उपकरणों के साथ एक स्नाइपर राइफल का गोला-बारूद बरामद किया। पीएनएस उपकरणों का उपयोग खराब रोशनी की स्थिति में कुछ हथियारों को चलाने के लिए किया जाता है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed