फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   news and update today, maharashtra, uttar pradesh, bengaluru, north east, crime news

Updates: सांसद प्रज्ञा को 25 अप्रैल को पेश होने का फरमान; बिहार शिक्षक भर्ती पेपर लीक केस में पांच और गिरफ्तार

Sat, 20 Apr 2024 11:23 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: काव्या मिश्रा Updated Sat, 20 Apr 2024 11:23 PM IST
विज्ञापन
news and update today, maharashtra, uttar pradesh, bengaluru, north east, crime news
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala

पीएम मोदी ने चंद्रबाबू नायडू को दीं जन्मदिन की शुभकामनाएं

विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को टीडीपी सुप्रीमो और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। नायडू 74 साल के हो गए। पीएम मोदी एक्स पर की गई एक पोस्ट में लिखा कि आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू को जन्मदिन की शुभकामनाएं। उन्होंने हमेशा खुद को आंध्र प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह लोगों की सेवा में लगे नायडू के लिए लंबे और स्वस्थ जीवन के आशीर्वाद के लिए प्रार्थना करेंगे। बता दें कि 20 अप्रैल 1950 को जन्मे नायडू 14 वर्षों तक आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे।

विज्ञापन

 

 

मुंबई में 1.32 करोड़ रुपये की ड्रग्स के साथ सात गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने शनिवार को शहर के विभिन्न हिस्सों में छापेमारी के बाद सात लोगों को गिरफ्तार किया और 1.32 करोड़ रुपये की हेरोइन और मेफेड्रोन जब्त की। पुलिस ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मलाड, वसई और कुर्ला में छापेमारी की। मलाड में पहली छापेमारी के दौरान 1.24 करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद की और चार लोगों को गिरफ्तार किया। इसके बाद वसई और कुर्ला में छापेमारी के बाद तीन लोगों को गिरफ्तार किया और 12 लाख रुपये की मेफेड्रोन जब्त की गई। पुलिस का कहना है कि इस साल मुंबई में नशा तस्करी के 24 मामले दर्ज किए हैं और 62 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कुल मिलाकर 31.6 करोड़ रुपये की दवाएं जब्त की गईं हैं।

मणिपुर में मतदान केंद्र के पास गोलीबारी में शामिल तीन गिरफ्तार
लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव में देश के मतदाताओं ने जमकर अपनी भागीदारी निभाई। 18वीं लोकसभा के सदस्यों को चुनने की दिशा में पहले और सबसे बड़े चरण में 21 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों की 102 सीटों पर करीब 64.43 फीसदी वोटिंग के साथ 1625 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। हालांकि, इस दौरान मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले में एक मतदान केंद्र के पास गोलीबारी की घटना सामने आई। घटना में शामिल तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।  एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों व्यक्ति इंफाल पूर्वी जिले के मोइरांगकंपू साजेब में शुक्रवार को हुई गोलीबारी की घटना में शामिल थे। गोलीबारी की घटना के बाद तीनों कार से घटनास्थल से भाग गए थे और शुक्रवार शाम को घटनास्थल से 5 किमी से भी कम दूरी पर गिरफ्तार किए गए। आरोपियों के पास से एक .32 पिस्तौल के साथ गोला-बारूद और 1.5 लाख रुपये नकद जब्त किए गए। अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।  बता दें, मणिपुर में शुक्रवार को 68 फीसदी से अधिक मतदान दर्ज किया गया था।

बंगाल के हल्दिया में आग लगने से कई दुकानें जलकर खाक हो गईं
पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में आज तड़के भीषण आग लगने से कई दुकानें जलकर खाक हो गईं। हल्दिया के दुर्गा चौक इलाके में कई दुकानों में देर रात करीब दो बजे आग लग गई। एक अधिकारी ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि आग में करीब 10 दुकानें जलकर खाक हो गईं। दमकल की कई गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। दमकल एवं आपात सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि आग पर एक घंटे के भीतर काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

महाराष्ट्र में हत्या से जुड़े मामले में दो आरोपी बरी
महाराष्ट्र के ठाणे जिले की एक अदालत ने 2016 से जुड़े हत्या के एक मामले में दो लोगों को बरी कर दिया है। कोर्ट का कहना है कि जांच अधिकारियों ने उचित तरीके से जांच नहीं की थी। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अमित एम शेटे ने आरोपी संदीप अशोक काकड़े और अक्षय सुधाकर राउत को हत्या के आरोप से बरी कर दिया। अदालत ने कहा कि जांच अधिकारियों ने उचित तरीके से जांच न करके गंभीर गलती की है। जांच अधिकारियों की ओर से ढिलाई के कारण आरोपियों को बरी कर दिया गया है। अतिरिक्त लोक अभियोजक संजय मोरे ने अदालत को बताया कि 30 मई 2016 की रात को, दोनों ने पीड़ित नंदकिशोर यादव का पीछा किया और पीड़ित गिर गया था। उसके शरीर में आई चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। अदालत ने कहा हत्या की वजह, किसी हथियार से सिर में चोट लगना बताया गया है। इसके जवाब में बताया गया कि यह बताने के लिए रिकॉर्ड पर कोई सामग्री नहीं है। 

तमिलनाडु में हाथी ने महिला को कुचलकर मार डाला
तमिलनाडु के सत्यमंगलम टाइगर रिजर्व में एक हाथी ने 70 वर्षीय महिला को कुचलकर मार डाला। पुलिस का कहना है कि पानी और भोजन की तलाश में हाथी सत्यमंगलम टाइगर रिजर्व के नीथलापुरम वन क्षेत्र में घुस गया। इसके बाद हाथी वहां मौजूद गन्ने के खेतों की तरफ गया और खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाया। इस दौरान जब 70 वर्षीय एक महिला अपने घर से बाहर निकली, तो हाथी ने उन पर हमला कर दिया। इसके बाद हाथी ने महिला को बुरी तरह से कुचलकर मार डाला। महिला की चीख सुनकर घबराए पड़ोसियों ने हाथी को डराकर भगा दिया।ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि यह हाथी के हमले की तीसरी घटना है और बीते दो महीने में हाथियों ने इस क्षेत्र को कुल तीन लोगों को मार डाला है।

ओडिशा: रिश्वतखोरी के आरोप में आबकारी अधिकारी निलंबित
ओडिशा सरकार ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने और रिश्वतखोरी के आरोपी केंद्रपाड़ा के आबकारी अधिकारी देबी प्रसाद मिश्रा को निलंबित कर दिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दते हुए कहा कि उत्पाद शुल्क अधीक्षक मिश्रा ने एक लाइसेंस प्राप्त शराब की दुकान के मालिक से कथित तौर पर रिश्वत की मांग की थी। अधिकारी ने बताया कि उत्पाद शुल्क विभाग के संयुक्त आयुक्त की अध्यक्षता में हुई जांच में मिश्रा को दोषी पाया गया। ऐसे में उन्हें ओडिशा सेवा संहिता नियमों के प्रावधानों के तहत निलंबित कर दिया गया है।

केरल में आत्महत्या के प्रयास के बाद महिला की मौत
केरल में एक महिला ने कथित तौर पर लोन वापसी के लिए बैंक द्वारा लिए गए एक्शन के बाद खुद को आग लगाई, जिसकी शनिवार को मौत हो गई। बता गया है कि केरल के नेदुमकंदम निवासी शीबा दिलीप ने शुक्रवार को खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस वजह से वह 80 फीसदी तक झुलस गई। महिला का इलाज कोट्टायम मेडिकल कॉलेज में चल रहा था और शनिवार को उनकी मौत हो गई। महिला को बचाने का प्रयास करते समय दो पुलिस अधिकारी भी झुलस गए थे। पुलिस का कहना है कि दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। 

तेलंगाना के सीएम ने यूपीएससी टॉपर डोनुरू अनन्या से मुलाकात की
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने यूपीएससी परीक्षा में ओवरऑल तीसरी रैंक हासिल करने वाली डोनुरु अनन्या से मुलाकात की। डोनुरू अनन्या रेड्डी ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2023 में तीसरी और महिलाओं में पहली रैंक हासिल की है। अनन्या अपने आयुवर्ग के सभी छात्रों/युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं। उन्होंने अपने पहले प्रयास में ही यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा पास की है। डोनुरू अनन्या रेड्डी ने भूगोल में दिल्ली विवि के मिरांडा हाउस कॉलेज से स्नातक की डिग्री हासिल की है। अनन्या के पिता उद्यमी हैं और मां गृहणी हैं।
 

 

इंडिया ब्लॉक की रैली में शामिल नहीं होंगे सीताराम येचुरी
सीपीआई (एम)  महासचिव सीताराम येचुरी ने शनिवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन के नाम पत्र लिखा। इसमें लिखा गया है कि वह 21 अप्रैल को इंडिया ब्लॉक की रांची रैली में शामिल नहीं हो पाएंगे क्योंकि वह केरल में चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। उन्होंने पत्र में लिखा कि दुर्भाग्य से मैं केरल में चुनाव प्रचार के बीच में हूं, जहां 26 अप्रैल को मतदान होना है। आप निश्चित रूप से सीपीआई (एम) के लिए केरल के महत्व से अवगत हैं। पत्र में येचुरी ने रैली के निमंत्रण के लिए उन्हें धन्यवाद दिया और अपनी पार्टी की ओर से हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी की भी निंदा की।

मुंबई पुलिस को आई फर्जी कॉल, नहीं मिला लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा 
मुंबई पुलिस को एक कॉल करने वाले ने दावा किया कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का एक सदस्य यहां एक बड़ी योजना को अंजाम देगा, जिसके बाद मुंबई पुलिस ने तलाशी शुरू की। एक अधिकारी ने शनिवार को कहा कि कॉल एक अफवाह निकली। शुक्रवार की आधी रात को पुलिस नियंत्रण कक्ष को एक कॉल आई। इसमें दूसरी एक व्यक्ति ने दावा किया कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का एक सदस्य दादर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा। उस व्यक्ति ने कहा कि जेल में बंद गैंगस्टर का गुर्गा एक बड़ी योजना को अंजाम देगा। हालांकि पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल को तलाशी के दौरान कुछ नहीं मिला और उन्होंने इस कॉल को अफवाह बताया गया। पुलिस फिलहाल फोन नंबर के जरिए कॉल करने वाले का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

बिहार : शिक्षक भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में पांच और गिरफ्तार

बिहार पुलिस ने मार्च में आयोजित शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई) -3 के प्रश्न पत्र लीक मामले में एक महिला सहित पांच और लोगों को गिरफ्तार किया है। पेपर लीक के मामले में अब तक 266 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अधिकारियों ने कहा कि सभी पांच आरोपी एक गिरोह का हिस्सा हैं। उन्हें मध्य प्रदेश के उज्जैन में गिरफ्तार किया गया। उन्हें पटना लाने के लिए ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया है। उनके कब्जे से महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए गए हैं और उन्हें सोमवार को पटना की अदालत में पेश किया जाएगा। पेपर लीक के आरोपों के बाद बिहार लोक सेवा आयोग ने टीआरई-3 परीक्षा रद्द कर दी थी। परीक्षा की नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी।

प्रज्ञा 25 अप्रैल को पेश हों अन्यथा पारित किया जाएगा आवश्यक आदेश : कोर्ट

महाराष्ट्र में मुंबई की एक विशेष अदालत ने भाजपा नेता प्रज्ञा ठाकुर की मेडिकल आधार पर मालेगांव बम धमाके मामले में व्यक्तिगत पेशी से छूट संबंधी याचिका स्वीकार कर ली। हालांकि अदालत ने कहा कि यदि वह 25 अप्रैल को पेश होने में विफल रहती हैं तो आवश्यक आदेश पारित किया जाएगा। 29 सितंबर 2008 को मुंबई से करीब 200 किलोमीटर दूर मालेगांव में एक मस्जिद के पास मोटरसाइकिल पर रखे विस्फोटक उपकरण में विस्फोट होने से छह लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक लोग घायल हो गए थे। 

कर्नाटक: हत्या के मामले में चार दोषियों को आजीवन कारावास की सजा

कर्नाटक के मंगलूरु की एक स्थानीय अदालत ने 2016 के एक मुकदमे में चार आरोपियों को दोषी ठहराया। चारों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। अभियोजन के मुताबिक, उल्लाल थाना क्षेत्र में 2016 में राजेश कोट्यान की आपसी रंजिश के चलते हत्या कर दी गई थी। प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र अदालत ने आजीवन कारावास के साथ-साथ दोषियों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।

गया एसडीओ कार्यालय में होम गार्ड की चाकू मारकर हत्या

बिहार के गया जिले में उपमंडल अधिकारी (एसडीओ) के कार्यालय परिसर में अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े एक होम गार्ड की चाकू मारकर हत्या कर दी। शनिवार की इस वारदात के बारे में पुलिस ने बताया कि पीड़ित की पहचान सुजीत कुमार सिन्हा (55) के रूप में हुई है। घटना दोपहर करीब 1.30 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गया के विष्णुपद थाना क्षेत्र के सूरजकुंड निवासी में रहने वाले सुजीत पर धारदार हथियार से हमला किया गया। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed