{"_id":"627a96ad5b0e4e7ae63f794f","slug":"ncp-joined-hands-with-bjp-to-elect-the-president-of-gondia-zilla-parishad-in-maharashtra","type":"story","status":"publish","title_hn":"महाराष्ट्र: कहीं कांग्रेस को हराने के लिए भाजपा के साथ आई राकांपा, तो कहीं भगवा पार्टी के बागियों ने विपक्षियों को जिताया, जानें कहां का है मामला","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
महाराष्ट्र: कहीं कांग्रेस को हराने के लिए भाजपा के साथ आई राकांपा, तो कहीं भगवा पार्टी के बागियों ने विपक्षियों को जिताया, जानें कहां का है मामला
Tue, 10 May 2022 10:26 PM IST
शिव शरण शुक्ला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुम्बई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुम्बई
Published by: शिव शरण शुक्ला
Updated Tue, 10 May 2022 10:26 PM IST
सार
महाराष्ट्र में गोंदिया जिला परिषद के अध्यक्ष के चुनाव के लिए मंगलवार को एनसीपी ने प्रतिद्वंद्वी भाजपा के साथ हाथ मिलाया। वहीं, पड़ोसी भंडारा जिला परिषद में पूर्व विधायक चरण वाघमारे के नेतृत्व में भाजपा के पांच बागी सदस्यों ने कांग्रेस के उम्मीदवार को जिला परिषद के अध्यक्ष के रूप में चुनने के लिए कांग्रेस के साथ हाथ मिलाया।
विज्ञापन
भाजपा-कांग्रेस
- फोटो : फाइल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोंदिया और भंडारा के जिला परिषद चुनावों में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। महाराष्ट्र में गोंदिया जिला परिषद के अध्यक्ष के चुनाव के लिए मंगलवार को एनसीपी ने प्रतिद्वंद्वी भाजपा के साथ हाथ मिलाया। दोनों दलों के एक साथ आने से कांग्रेस को बुरी तरह झटका लगा है। इसके परिणामस्वरूप यहां कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
वहीं पड़ोसी भंडारा जिला परिषद में पूर्व विधायक चरण वाघमारे के नेतृत्व में भाजपा के पांच बागी सदस्यों ने कांग्रेस के उम्मीदवार को जिला परिषद के अध्यक्ष के रूप में चुनने के लिए कांग्रेस के साथ हाथ मिलाया। भंडारा में जिला परिषद के उपाध्यक्ष के रूप में भाजपा के बागी गुट के एक सदस्य को चुना गया।
विज्ञापन
गोंदिया जिला पंचायत में भाजपा के पंकज रहांगदाले को अध्यक्ष और राकांपा के यशवंत गुणवीर को उपाध्यक्ष चुना गया। रहांगदाले ने कांग्रेस की उषा मेंधे को हराया। रहांगदाले को कांग्रेस उम्मीदवार मेंढे को मिले 13 मतों के मुकाबले 40 मत मिले। गुणवीर ने कांग्रेस के जितेंद्र कात्रे को शिकस्त दी।
विज्ञापन
53 सदस्यों वाली गोंदिया जिला परिषद में भाजपा के 26, कांग्रेस के 13, राकांपा के छह, जनता की पार्टी के चार और दो निर्दलीय सदस्य हैं। इस गठबंधन को लेकर राकांपा नेता राजेंद्र जैन और भाजपा के रहांगदाले ने दावा किया कि उन्होंने अपने-अपने दलों के वरिष्ठ नेताओं के निर्देशों का पालन किया।
वहीं, 52 सदस्यों वाली भंडारा जिला परिषद में कांग्रेस 21 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। यहां भाजपा के पांच सदस्यों वाले एक विद्रोही गुट के समर्थन से कांग्रेस के गंगाधर जिबखाटे ने भाजपा के आधिकारिक उम्मीदवार अविनाश ब्रम्हंकर को हरा कर जिला परिषद के अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। कांग्रेस के गंगाधर जिबखाटे को 27 जबकि उनके विरोधी भाजपा उम्मीदवार को 25 मत मिले।
वहीं, उपाध्यक्ष के लिए हुए चुनावों में भाजपा के आधिकारिक प्रत्याशी माहेश्वरी नेवारे को हराकर भाजपा के बागी गुट के नेता संदीप तले को भंडारा जिला परिषद का उपाध्यक्ष चुना गया।
इधर, पवार ने महंगाई-बेरोजगारी को लेकर सरकार पर साधा निशाना
महाराष्ट्र में हुए इस गठबंधन से इतर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार महंगाई और बेरोजगारी जैसी समस्याओं से निपटने में ‘सौ फीसदी नाकाम’ रही है, जबकि कुछ लोग अयोध्या यात्रा और पूजा-पाठ के मुद्दे को प्रमुखता दे रहे हैं। पवार ने आरोप लगाया कि उन्होंने ऐसा एक भी मामला नहीं देखा है, जिसमें ईडी ने केंद्र सरकार में शामिल लोगों के खिलाफ छापे मारे हो, लेकिन विपक्ष में मौजूद लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। ब्यूरो