फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   National Updates 23rd Aug Jharhand Protest North East West South News Politics Crime Education and other news

Updates: ओडिशा में बलांगीर के पास ट्रेन से अलग हुआ इंजन; वसूली और मारपीट के आरोप में TMC नेता गिरफ्तार

Sun, 23 Aug 2026 08:09 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sun, 23 Aug 2026 08:09 AM IST
विज्ञापन
National Updates 23rd Aug Jharhand Protest North East West South News Politics Crime Education and other news
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

 गुजरात के भावनगर जिले में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। रविवार को इलाज के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों की पहचान 36 वर्षीय मुकेश डामोर और 42 वर्षीय भार्गव उपाध्याय के रूप में हुई है। उपाध्याय का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, जबकि डामोर भावनगर सिविल अस्पताल में भर्ती थे। पिछले दो दिनों में इस त्रासदी में पांच लोगों की जान जा चुकी है। अधिकारियों के अनुसार, कुल 67 लोगों ने मेथनॉल युक्त जहरीली शराब पी थी, जिनमें से कई की हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल तीन लोग अस्पताल में इलाजरत हैं। प्रशासन ने 24 अन्य लोगों का भी पता लगाया, जिन्होंने यह शराब पी थी। जांच में उनकी हालत सामान्य मिली।

विज्ञापन


13 आरोपी नामजद, 21 में से 13 गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, जहरीली शराब की बोतलों पर लोकप्रिय इंडियन मेड फॉरेन लिकर (IMFL) ब्रांड का लेबल लगाया गया था। इसे वर्तेज में गौतम सोलंकी के घर कथित तौर पर तैयार किया गया और उज्जैन में पकड़े गए रईस की मदद से बोतलों में भरकर सप्लाई किया गया। 16 अगस्त की रात तीन दोस्तों के शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने से मामला सामने आया। इनमें से एक की बाद में मौत हो गई। पहली मौत के शिकार उपेंद्रसिंह गोहिल के रक्त नमूने में मेथनॉल मिला। फोरेंसिक साइंस लैब की रिपोर्ट के अनुसार, शराब में 38.59 प्रतिशत मेथनॉल और 0.94 प्रतिशत इथेनॉल था। पुलिस ने FIR में नामजद 21 आरोपियों में से 13 को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच गुजरात पुलिस की स्टेट मॉनिटरिंग सेल कर रही है। अदालत ने गिरफ्तार आरोपियों को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है। आरोपियों पर गैर इरादतन हत्या, मिलावट और जहर देने समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

विज्ञापन

तमिलनाडु सरकार नवजात शिशुओं को सोने की अंगूठी देगी, 220 करोड़ का बजट
तमिलनाडु सरकार ने थाई मामन स्वर्ण अंगूठी योजना के तहत नवजात शिशुओं के लिए करीब 1.28 लाख सोने की अंगूठियों का वर्क ऑर्डर (कार्य आदेश) जारी कर दिया है। इस योजना की लागत लगभग 220 करोड़ रुपये है। अधिकारियों ने बताया कि तमिलनाडु चिकित्सा सेवा निगम (टीएनएमएससी) ने शुक्रवार देर रात जॉय लुक्कास और कल्याण ज्वेलर्स को 1,28,499 अंगूठियों का ऑर्डर दिया। इसमें से 70 फीसदी अगूंठियां (89,949) जॉय लुक्कास और 30 प्रतिशत यानी 38,550 अंगूठियां कल्याण ज्वैलर्स बनाएगी। ये अंगूठियां जून से सितंबर के बीच सरकारी अस्पतालों में जन्मे बच्चों को दी जाएंगी। विपक्ष ने टेंडर प्रक्रिया पर सवाल उठाए और सरकार से पूछा कि टीएनएमएससी को अंगूठियों की खरीद का जिम्मा क्यों दिया गया, जबकि उसकी स्थापना सिर्फ दवाई, मेडिकल उपकरण खरीदने और अस्पतालों के निर्माण के लिए हुई थी।
विज्ञापन

आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन को राहत, 5 करोड़ का जुर्माना रद्द
श्री श्री रविशंकर के आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शीर्ष कोर्ट ने राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (एनजीटी) की तरफ से 2017 में पर्यावरणीय नुकसान को लेकर फाउंडेशन पर लगाए गए 5 करोड़ रुपये के जुर्माने को रद्द कर दिया। एनजीटी ने फाउंडेशन को 2016 में वर्ल्ड कल्चर फेस्टिवल के कारण यमुना के बाढ़ वाले इलाकों को हुए नुकसान के लिए जिम्मेदार ठहराया था। शीर्ष कोर्ट ने आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन से जुड़ी संस्था व्यक्ति विकास केंद्र इंडिया की अपील पर फैसला सुनाया। साथ ही, डीडीए को फाउंडेशन को पहले जमा   किए गए 5 करोड़ लौटाने को कहा।
विज्ञापन

बेहतर इलाज, मौसम और आपदा की पूर्व सूचना पर साथ काम करेंगे ब्रिक्स देश
बीमारी का बेहतर इलाज, मौसम की सटीक जानकारी और प्राकृतिक आपदा से पहले लोगों को चेतावनी पर ब्रिक्स देश साथ मिलकर काम करेंगे। भारत की अध्यक्षता में हुई ब्रिक्स विज्ञान मंत्रियों की बैठक में चेन्नई घोषणापत्र को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इसमें कहा गया है कि विज्ञान और नई तकनीक का फायदा सिर्फ वैज्ञानिकों या बड़ी प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसका सीधा फायदा आम लोगों की जिंदगी में दिखना चाहिए। बैठक के बाद केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग अब सिर्फ बातचीत तक सीमित नहीं रहना चाहिए। सभी देशों को मिलकर ऐसे शोध और तकनीक पर काम करना होगा, जिससे लोगों की जिंदगी बेहतर हो और आने वाली चुनौतियों से निपटना आसान हो।

पाकिस्तान से सटी सीमा पर सेना ने तैनात की ड्रोन की बाज बटालियन
पाकिस्तान से लगी सीमा पर अपनी ड्रोन और हवाई निगरानी क्षमता मजबूत करते हुए सेना ने पंजाब में एक समर्पित ड्रोन इकाई- बाज बटालियन के औपचारिक गठन की घोषणा की है। जालंधर स्थित 11वीं कोर के तहत यह बटालियन पश्चिमी मोर्चे पर दुश्मन के ठिकानों, बंकरों और घुसपैठ के रास्तों पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखेगी। यह यूनिट सामरिक आंकड़ों को तुरंत जमीनी सैनिकों और कमांडरों तक पहुंचाएगी, जिससे युद्ध के मैदान में फैसले लेने की गति तेज होगी। इस बटालियन का गठन इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि 11वीं कोर पश्चिमी मोर्चे पर पाकिस्तान से लगी सीमा की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। बटालियन में लंबी उड़ान भरने वाले सर्विलांस ड्रोन से लेकर सामरिक हमलों में सक्षम यूएवी शामिल हैं जिससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में तुरंत जवाबी कार्रवाई की जा सकती है।

मॉरीशस की ऊर्जा जरूरत को पूरा करेगा भारत, हुआ समझौता
भारत और मॉरीशस ने ऊर्जा सुरक्षा पर पांच साल के एक अहम समझौता किया है। इसके तहत, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन मॉरीशस की पेट्रोल, डीजल और विमान ईंधन आयात जरूरतों को पूरा करेगा। इससे हिंद महासागर क्षेत्र में एक प्रमुख ऊर्जा साझीदार के रूप में भारत की भूमिका और मजबूत होगी। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी की 20-21 अगस्त को मॉरीशस की यात्रा के दौरान इस समझौते पर मुहर लगाई गई। 

झारखंड स्टील फैक्टरी में भीषण आग, तीन इंजीनियरों की मौत
झारखंड के रामगढ़ जिले के हेलाल स्थित मां छिन्नमस्तिका इस्पात स्टील फैक्टरी के कैप्टिव पावर प्लांट में शुक्रवार आधी रात को लगी आग में तीन इंजीनियरों  की मौत हो गई। रामगढ़ के एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि चार कर्मचारी गंभीर रूप से झुलसे थे, जिनमें तीन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कंट्रोल पैनल गर्म होने से टर्बाइन में विस्फोट हुआ, जिससे आग लगी। हालांकि पुलिस दावे की जांच कर रही है। हादसे के वक्त फैक्टरी में बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद थे। 

सीएम शुभेंदु बोले-बंगाल में रहना है तो वंदे मातरम गाना होगा
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रवाद के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि आपको प्रदेश में रहना है तो वंदे मातरम गाना होगा। अधिकारी का यह बयान जादवपुर विश्वविद्यालय में वामपंथी संगठनों के छात्रों और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़पों के बाद के सामने आया है। अधिकारी ने कहा कि जादवपुर विश्वविद्यालय में राष्ट्र ध्वज नहीं फहराया गया। साथ ही कहा कि विश्वविद्यालय के अंदर और बाहर राष्ट्रवाद स्थापित करके रहेंगे। 

15 दिन में इस्तीफा दें बार काउंसिल अध्यक्ष मनन मिश्रा : रेड्डी
बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) के सह-अध्यक्ष वाईआर सदाशिव रेड्डी ने चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा से इस्तीफा देने की मांग की है। उन्होंने बीसीआई के कामकाज, नेतृत्व और वित्तीय मामलों को लेकर कई सवाल उठाते हुए संस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही मजबूत करने की जरूरत बताई है। रेड्डी ने शनिवार को लिखे पत्र में मिश्रा से 15 दिनों के भीतर पद छोड़ने की मांग की। पत्र में बीसीआई के कामकाज और कुछ फैसलों को लेकर भी आपत्तियां जताई गई हैं।

भ्रामक दावों पर नेस्ले  पेप्सिको जैसे ब्रांड को 150 से ज्यादा नोटिस; 20 से ज्यादा होटल भी कार्रवाई की जद में
देश में खाद्य पदार्थों के पैकेट पर दी जाने वाली गलत जानकारी, भ्रामक दावे करने वाले बड़े ब्रांड पर हाल के महीनों में बड़ी कार्रवाई हुई है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य कारोबार से जुड़ी कंपनियों और प्रतिष्ठानों को 150 से ज्यादा नोटिस जारी किए हैं। कार्रवाई की जद में नेस्ले इंडिया, पेप्सिको, कोका-कोला इंडिया, रेड बुल, मॉन्डेलेज इंडिया जैसी बड़ी कंपनियां भी आईं। सोशल मीडिया पर भी उत्पादों की गुणवत्ता और लोगों की सेहत के साथ हो रहे खिलवाड़ को लेकर प्राधिकरण को आलोचना झेलना पड़ रहा है। प्राधिकरण के अनुसार पांच सितारा होटलों और रेस्तरां समेत खाद्य सेवा प्रतिष्ठानों को 20 से ज्यादा नोटिस जारी किए गए। इनमें मैरियट, हिल्टन, हयात, रेडिसन होटल समूह, फोर सीजन्स और शांगरी-ला जैसी होटल शृंखलाएं शामिल हैं। इन पर मुख्य रूप से खाद्य पदार्थों में ऊर्जा की मात्रा की जानकारी नहीं देने और भोजन की सूची में जरूरी जानकारी नहीं देने पर सवाल उठे थे।

यात्रा में सामान गायब एयरलाइन को चुकाने होंगे 3.61 लाख
दिल्ली से टोरंटो की यात्रा कर रहे दिल्ली के दो यात्रियों की की समस्या तब बढ़ गई, जब टोरंटो पहुंचने पर उनके चेक-इन बैग बुरी तरह फटे हुए मिले और उनमें रखा सामान भी गायब मिला। टोरंटो पहुंचने पर दोनों यात्रियों ने हवाई अड्डे पर इसकी शिकायत कंपनी के काउंटर पर दर्ज कराई। इसके बाद मामला दिल्ली उपभोक्ता आयोग के पास आया। आयोग ने माना कि यात्रियों के चेक-इन सामान की उचित सुरक्षा करना एयरलाइन की जिम्मेदारी का हिस्सा है। यात्रा के मियामी-टोरंटो चरण से संबंधित जिम्मेदारी के लिए जवाबदेह ठहराया। आयोग ने सेवा में कमी का दोषी मानते हुए दोनों यात्रियों को 3.61 लाख रुपये का भुगतान करने का आदेश दिया है।

गुजरात में कबाड़ से भरा सामान उतारते समय हुए भीषण विस्फोट में दो कबाड़ व्यापारियों समेत चार लोगों की मौत हो गई। एसपी विकास सुंदा ने बताया कि मोहम्मद इलियास और नूर मोहम्मद इलियास स्थानीय स्तर पर कबाड़ का कारोबार करते थे। दोनों वाहन से सामान उतार रहे थे, तभी घर के आंगन में अचानक विस्फोट हो गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पास मौजूद दो बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हुए और बाद में अस्पताल में उनकी मौत हो गई। प्रशासन, फोरेंसिक और विस्फोटक विशेषज्ञों की टीमें जांच कर रही हैं। विस्फोट के कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

पुलिसिया कार्रवाई के कारण कटघरे में झारखंड सरकार
झारखंड में सैमफोर्ड अस्पताल में हुई तोड़फोड़ के मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। रांची में हुई पुलिसिया कार्रवाई को लेकर सरकार से तीखे सवाल पूछे जा रहे हैं। पूर्व सीएम और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि लड़कियों में डर और आतंक का माहौल बनाने के लिए उन्हें उठाकर लाया गया और विपक्षी नेताओं को उनसे मिलने भी नहीं दिया गया। इससे पहले सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि अमीषा प्रसाद के खिलाफ दो मामले दर्ज हैं। उन्हें केस संख्या 250/26 और 286/26 में पहले ही जमानत मिल चुकी है। एक मामले में अदालत में सुनवाई के बाद उन्हें पूछताछ के लिए लाया गया था। पुलिस के अनुसार, अमीषा छात्रा नहीं हैं, बल्कि एक एनजीओ चलाती हैं और एनजीओ के काम से अस्पताल पहुंची थीं, जहां तोड़फोड़ की घटना हुई। पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। गौरतलब है कि इससे पहले झारखंड में छात्र आंदोलन और जेपीएससी और जेएसएससी में गड़बड़ी के मामले में विधानसभा घेराव करने गए आंदोलनकारियों पर भी पुलिस और सुरक्षाबलों ने बलप्रयोग किया था। इस घटना के बाद भी सीएम हेमंत सोरेन से तीखे सवाल पूछे गए थे। बता दें कि जेपीएससी मामले में विपक्षी दल सीबीआई से जांच की मांग कर रहे हैं।

अन्नपूर्णा योजना पर बंगाल में घमासान
पश्चिम बंगाल में अन्नपूर्णा योजना के तहत महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता के भुगतान में देरी को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी हैं। इस बीच प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने रविवार को कहा कि भुगतान में देरी के पीछे कुछ तकनीकी और सिस्टम से जुड़ी समस्याएं हैं। उन्होंने कुछ जगहों पर योजना को बाधित करने की कोशिश का भी आरोप लगाया। उन्होंने लाभार्थी महिलाओं को भरोसा दिलाया कि सभी पात्र महिलाओं को योजना का पैसा मिलेगा। हावड़ा में एक कार्यक्रम के दौरान भट्टाचार्य ने कहा कि सिस्टम में कुछ बदलाव और समस्याएं सामने आई हैं। कुछ स्थानों पर इसे रोकने या बाधित करने की कोशिश भी की जा रही है। इसी वजह से कुछ लाभार्थियों को समय पर भुगतान नहीं हो पाया है।

हर महीने मिलते हैं 3 हजार रुपये
अन्नपूर्णा योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जानी है। राज्य सरकार ने इसके लिए आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की थी। कई महिलाओं का कहना है कि उन्होंने तय समय के भीतर आवेदन किया और जांच प्रक्रिया में पात्र भी पाई गईं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें 20 अगस्त तक पैसा नहीं मिला। 20 अगस्त भुगतान के लिए राज्य सरकार की ओर से तय अंतिम तारीख बताई गई थी। भुगतान नहीं मिलने से कई इलाकों में महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कुछ जगहों पर योजना से जुड़े अधिकारियों और भाजपा नेताओं के सामने भी महिलाओं ने अपनी नाराजगी जताई। राज्य मंत्री अग्निमित्रा पॉल को भी इस मुद्दे पर विरोध का सामना करना पड़ा।

बलांगीर के पास ट्रेन से अलग हुआ इंजन, एक किमी आगे बढ़ा; यात्री घबराए
ओडिशा के बलांगीर में रविवार को एक ट्रेन का इंजन कुछ देर के लिए यात्री डिब्बों से अलग हो गया। घटना 12894 पुरुनाकटक-भुवनेश्वर इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के बलांगीर स्टेशन से रवाना होने के कुछ देर बाद हुई। अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन करीब 3 बजे स्टेशन से रवाना हुई थी। इसके बाद इंजन यात्री डिब्बों को छोड़कर करीब एक किलोमीटर आगे निकल गया। डिब्बे पीछे ही रह गए। रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इंजन को दोबारा डिब्बों से जोड़ दिया। पूर्व तट रेलवे ने बताया कि स्थिति को तुरंत संभाल लिया गया और इससे यात्रियों को कोई बड़ी परेशानी नहीं हुई। अन्य ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित नहीं हुआ। जरूरी सुरक्षा जांच पूरी करने के बाद ट्रेन करीब 3:40 बजे दोबारा रवाना हुई। इंजन के अलग होने के बाद ट्रेन अचानक रुक गई थी, जिससे डिब्बों में बैठे यात्रियों में कुछ देर के लिए घबराहट की स्थिति पैदा हो गई।

हम भाजपा से लड़ रहे हैं- मणिकम टैगोर
टीवीके के मंत्री जगदीश्वरी के बयानों पर तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और सांसद मणिकम टैगोर ने कहा, 'वे अभी भी 'फैन क्लब मोड' में हैं। जो लोग 'फैन क्लब मोड' में हैं, उन्हें बदला नहीं जा सकता। देश की राजनीतिक स्थिति से हर कोई वाकिफ है। गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरों की शक्तियां छीनने की कोशिश कर रहे हैं। हम भाजपा से लड़ रहे हैं। उनका (टीवीके) तरीका अलग है और हमारा तरीका अलग है'। इंडिया गठबंधन पर उन्होंने कहा, 'इंडिया गठबंधन में 23 राजनीतिक दल हैं, और जब टीवीके के पास सांसद होंगे, तो उन्हें गठबंधन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा सकता है। हम उन्हें शामिल नहीं कर सकते जिनके पास सांसद नहीं हैं, और जब टीवीके को कोई सांसद मिल जाएगा, तो हम उनसे इंडिया गठबंधन में शामिल होने के लिए कहेंगे'।



 

बंगाल: वसूली और मारपीट के आरोप में TMC नेता गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के नेता और पार्टी के श्रमिक संगठन के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष बिपत्तरण गराई को वसूली, मारपीट और धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने मेजिया ब्लॉक के जेमुआ गांव निवासी करुणामय पाल से सरकारी आवास योजना के तहत घर दिलाने के नाम पर 20 हजार रुपये लिए थे। शिकायतकर्ता के मुताबिक, पैसे देने का विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। कुछ दिन बाद घर में रहने की अनुमति देने के लिए उससे कथित तौर पर 50 हजार रुपये जुर्माने के रूप में मांगे गए।

पुलिस के अनुसार, घटना जनवरी 2021 की है। पाल को बाद में पता चला कि आरोपी ने गांव के अन्य लोगों से भी इसी तरह पैसे लिए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर शनिवार रात गराई को गिरफ्तार किया। रविवार को उन्हें बांकुड़ा जिला अदालत में पेश किया गया। गराई ने आरोपों को राजनीतिक साजिश बताते हुए खुद को झूठे मामले में फंसाने की बात कही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed