नेशनल हेराल्ड केस: राजस्थान के सीएम गहलोत बोले- सरकार ने पूरे देश में आतंक मचा रखा है, वाड्रा बोले- राहुल सभी आरोपों से बरी होंगे
राजस्थान के सीएम गहलोत ने कहा, सरकार ने पूरे देश में आतंक मचा रखा है। भाजपा जब से आई है तब से प्रधानमंत्री कांग्रेस मुक्त भारत की बात कहते हैं, उनके दिल में आग जल रही है। सरकार को 75 साल के देश में कांग्रेस की भूमिका नहीं दिखती।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी को ईडी के दफ्तर बुलाए जाने पर सड़कों पर उतरी कांग्रेस के दो मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और भूपेश बघेल भी आम कार्यकर्ताओं की तरह पूरे दिन मैदान में दिखे। शाम को दोनों मुख्यमंत्रियों ने ईडी दफ्तर से कुछ दूरी पर मीडिया से बातचीत कर मोदी सरकार पर निशाना साधा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि नेशनल हेराल्ड देश की आजादी की लड़ाई में प्रमुख अखबार था। पार्टी ने उसे घाटे से उबारने के लिए मदद की।
वहीं, राजस्थान के सीएम गहलोत ने कहा, सरकार ने पूरे देश में आतंक मचा रखा है। भाजपा जब से आई है तब से प्रधानमंत्री कांग्रेस मुक्त भारत की बात कहते हैं, उनके दिल में आग जल रही है। सरकार को 75 साल के देश में कांग्रेस की भूमिका नहीं दिखती। उन्हें इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के बलिदान याद नहीं आते। उन्हें सत्ता का घमंड है। बस धर्म के नाम पर लोगों को भ्रमित करने में कामयाब हुए हैं। इन्हें देश में हो रहे दंगों और तनाव की चिंता नहीं है। वैसे ही हालात बने हैं जैसे इंदिरा गांधी के खिलाफ जनता सरकार ने 1978 में किया था।
गहलोत ने कहा कांग्रेस के सत्याग्रह का कारण और आपत्ति यह है कि जब मामला कोर्ट में चल रहा है तो ईडी को क्यों घुसाया गया। एक सवाल के जवाब में कहा कि अगर कंपनी के कर्मचारियों के वीआरएस को लेकर कोई आपत्ति थी तो अलग से एफआईआर दर्ज हो सकती थी। इस कंपनी से कोई मुनाफा कमाया ही नहीं जा सकता। इसके बावजूद तंग किया जा रहा है। अगर कंपनियां चाहतीं तो उनके घर जाकर पूछताछ कर सकती थीं। जिस परिवार ने प्रयागराज का आनंद भवन देश को दे दिया उनके खिलाफ ऐसे आरोप लगाना शर्मनाक है। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि "जब जब मोदी डरता है पुलिस को आगे करता है।"
जांच एजेंसियों के प्रमुखों से मिलने का मांगा समय
गहलोत ने कहा, जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। देश के लोगों के सामने इन एजेंसियों की छवि खराब हो रही है। इसी के चलते मैंने ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग के प्रमुखों से मिलने का समय मांगा है। देश के एक नागरिक और राजस्थान के सीएम के तौर पर उन्हें बताना चाहता हूूं कि इन एजेंसियों के कमजोर से होने से देश कमजोर होगा। उन्होंने कहा, "मैं मोदी जी से कहना चाहूंगा कि भगवान ने आपको देश का पीएम बनने का मौका दिया... सीबीआई, आयकर विभाग या ईडी को देश के लोगों के साथ ऐसा व्यवहार करने से रोकिए, वरना देश आपको भी नहीं बख्शेगा।"
पीएम को अहिंसा की अपील करने में क्या दिक्कत है
गहलोत ने कहा कि विपक्ष के नेताओं ने प्रधानमंत्री से अपील की थी कि उन्हें संदेश देना चाहिए कि ताकि देश में शांति और भाईचारा हो। लेकिन पता नहीं क्यों संकोच है। आखिर क्या दिक्कत है अपने देशवासियों से अहिंसा की अपील करने में।
50 लाख खर्च करके पाया था 90 करोड़ रुपये की वसूली का अधिकार
भाजपा नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी की 2013 में दर्ज आपराधिक शिकायत के आधार पर आयकर विभाग द्वारा की गई जांच के बाद ईडी ने पीएमएलए के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
- स्वामी ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी व अन्य पर साजिश-धोखाधड़ी और फंड में हेर-फेर करने का आरोप लगाया था। इसके तहत यंग इंडियन प्रा. लि. ने सिर्फ 50 लाख रुपये खर्च करके एसोसिएट जर्नल्स पर कांग्रेस के बकाया 90.25 करोड़ रुपये के कर्ज की वसूली का अधिकार हासिल कर लिया था।
- जमानत पर हैं सोनिया और राहुल: दिल्ली हाईकोर्ट ने पिछले साल फरवरी में सोनिया गांधी और राहुल गांधी को नोटिस जारी किया था। दोनों ने 2015 में इस मामले में जमानत ले रखी है।
मां से मिलने अस्पताल पहुंचे राहुल गांधी
ईडी दफ्तर में अधिकारियों के तीन घंटे की पूछताछ के बाद राहुल गांधी लंच ब्रेक में सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती मां सोनिया गांधी का हाल जानने पहुंचे।
वाड्रा बोले-राहुल सभी आरोपों से बरी होंगे : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने कहा है कि राहुल गांधी को सभी निराधार आरोपों से बरी कर दिया जाएगा। सच्चाई की जीत होगी।
चिदंबरम की पसली व प्रमोद के सिर में चोट
कांग्रेस ने पुलिस पर बदसुलूकी का आरोप लगाया है। पार्टी महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने बताया, पूर्व गृहमंत्री पी.चिदंबरम के साथ धक्कामुक्की के कारण उनकी बाईं पसली में फ्रैक्चर है। प्रमोद तिवारी के भी सिर में चोट के साथ पसली में फ्रैक्चर है।
- दिल्ली पुलिस ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान उसने 459 लोगों को हिरासत में लिया जिसमें 26 सांसद, 5 विधायक शामिल हैं।
- किसी को चोट पहुंचने की सूचना नहीं है। अगर ऐसा हुआ है तो जांच कराई जाएगी। हिरासत से सभी कार्यकर्ताओं को छोड़ दिया गया।