{"_id":"634bf13f223e7741bc6d5d56","slug":"nagar-nigam-chunav-panch-parmeshwar-bjp-jp-nadda-slams-aap-arvind-kejriwal-ahead-of-mcd-poll-latest-news-hindi","type":"story","status":"publish","title_hn":"Nagar Nigam Chunav: क्या ‘पंच परमेश्वर’ सुनेंगे नड्डा की फरियाद, MCD चुनाव में कौन मारेगा बाजी?","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Nagar Nigam Chunav: क्या ‘पंच परमेश्वर’ सुनेंगे नड्डा की फरियाद, MCD चुनाव में कौन मारेगा बाजी?
सार
पंच परमेश्वर के बहाने भाजपा ने दिल्ली के रामलीला मैदान में अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया है। लगभग एक लाख लोगों की भीड़ में भाजपा ने हर बूथ से पांच कार्यकर्ताओं को बुलाया था। इसके आलावा दिल्ली के सभी सांसद, विधायक, पार्षद और संगठन के सभी सदस्यों को बुलाया गया था।
विज्ञापन
दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित पंच परमेश्वर सम्मेलन का दृश्य।
- फोटो : Amar Ujala
विस्तार
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रामलीला मैदान में आयोजित ‘पंच परमेश्वर’ सम्मेलन के साथ ही निगम चुनावों की अनौपचारिक घोषणा कर दी। इस बार भाजपा को निगम की सत्ता में वापसी में केजरीवाल की तरफ से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। यही कारण है कि जेपी नड्डा ने रामलीला मैदान से अरविंद केजरीवाल सरकार पर जमकर निशाना साधा और उन्हें कांग्रेस से बड़ा भ्रष्टाचारी बताया। दिल्ली की बेहतरी के लिए उन्होंने अरविंद केजरीवाल सरकार के जाने और भाजपा के सत्ता में आने को बड़ी जरूरत बताया। लेकिन क्या दिल्ली की असली पंच परमेश्वर यानी जनता उनकी यह अपील सुनेगी?
विज्ञापन
पंच परमेश्वर के बहाने भाजपा ने दिल्ली के रामलीला मैदान में अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया है। लगभग एक लाख लोगों की भीड़ में भाजपा ने हर बूथ से पांच कार्यकर्ताओं को बुलाया था। इसके आलावा दिल्ली के सभी सांसद, विधायक, पार्षद और संगठन के सभी सदस्यों को बुलाया गया था। पार्टी ने इस रैली को सफल बनाने के लिए जमकर पसीना बहाया जिसका असर सम्मेलन के दौरान भी दिखा।
विज्ञापन
कांग्रेस से बड़ी भ्रष्टाचारी आप: नड्डा
जेपी नड्डा ने आरोप लगाया कि स्वयं को बार-बार कट्टर ईमानदार बताने वाले अरविंद केजरीवाल सरकार की एक-एक योजना के जरिये भ्रष्टाचार किया गया। इसमें शिक्षा और स्वास्थ्य की वे योजनाएं भी शामिल हैं जिनको सरकार हमेशा अपनी बड़ी उपलब्धि बताती रही है। उन्होंने बताया कि किस तरह टॉयलेट को कक्षाएं बताकर शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार किया गया। नड्डा का बड़ा आरोप था कि केजरीवाल सरकार ने गली-गली शराब पहुंचाकर लोगों को शराब के नशे में डुबाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यह विकास का मॉडल नहीं है, यह भ्रष्टाचार का मॉडल है।
विज्ञापन
जनता के विश्वास पर सत्ता में लौट रही भाजपा
दिल्ली भाजपा की प्रवक्ता नेहा शालिनी दुआ ने अमर उजाला से कहा कि एक बार भी सत्ता में पहुंचने वाली पार्टी को चुनाव में ‘एंटी इनकमबेंसी फैक्टर’ का सामना करना पड़ता है। यदि पार्टी जनता की उम्मीदों के मुताबिक काम नहीं करती है तो जनता उसे सत्ता से बाहर कर देती है। भाजपा लगातार तीन बार दिल्ली की नगर निगम में सत्ता में आई तो इसका कारण केवल जनता के विश्वास पर उसका खरा उतरना है। उन्होंने कहा कि यह भाजपा की विशेषता है कि वह निकाय चुनावों से लेकर प्रदेश और राष्ट्रीय चुनावों तक में लगातार जनता के विश्वास पर खरी उतर रही है और यही कारण है कि जनता उन्हें बार-बार सेवा का अवसर दे रही है।
कोरोना काल में भी फेल रही आप
उन्होंने आरोप लगाया कि कोरोना काल में केजरीवाल सरकार की कलई खुल गई। सरकार अपने मोहल्ला क्लिनिक को बड़ी उपलब्धि घोषित कर रही थी, लेकिन देखा यही गया कि इन मोहल्ला क्लीनिकों में किसी का टीका तक नहीं लगाया जा सका। अस्पतालों में लोगों का इलाज तक नहीं हो पाया और सरकार ने यूपी-बिहार के लोगों से अपना पल्ला झाड़ने के लिए उन्हें बसों में भर-भरकर दिल्ली के बॉर्डर पर छोड़ आई। यह दिखता है कि अरविंद केजरीवाल काम करना नहीं जानते हैं, वे केवल आरोप लगाने की राजनीति करते हैं।
‘भ्रष्टाचारी मंत्रियों को भगत सिंह बताना क्रांतिकारियों का अपमान’
नेहा शालिनी दुआ ने आरोप लगाया कि अपने भ्रष्ट मंत्रियों को भगत सिंह और राजगुरु जैसा शहीद बताकर केजरीवाल उन क्रांतिकारियों का भी अपमान कर रहे हैं जो देश की आजादी के लिए कुर्बान हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार के मंत्री सत्येन्द्र जैन भ्रष्टाचार के मामले में जेल में हैं, शराब मामले में भ्रष्टाचार करने के कारण उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर जांच जारी है, वे कभी भी गिरफ्तार हो सकते हैं।
देश-समाज को तोड़ने वाले बयान देने के कारण उनके मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम इस्तीफा दे चुके हैं और अमान्तुल्लाह खान जैसे लोग गैरकानूनी कार्यों के कारण अदालती कार्रवाई का सामना कर रहे हैं। इसके बाद भी अरविंद केजरीवाल स्वयं को कट्टर ईमानदार बताने का काम करें तो यह हास्यास्पद है।
हम जीतेंगे दिल्ली: आम आदमी पार्टी
आम आदमी पार्टी नेता आरोप लगाते रहे हैं कि भाजपा नगर निगम चुनावों से भाग रही है। आप नेता दुर्गेश पाठक ने आरोप लगाया है कि नगर निगमों में भ्रष्टाचार चरम पर है, यही कारण है कि लोग अब निगमों से भाजपा की छुट्टी करना चाहते हैं। सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया है कि मनीष सिसोदिया पर सीबीआई की जांच की कार्रवाई पार्टी का चुनावी अभियान प्रभावित करने की कोशिश करने के लिए की जा रही है। आम आदमी पार्टी नेताओं का दावा है कि भाजपा की यह कोशिश काम नहीं आएगी और इस बार निगम में आम आदमी पार्टी को सत्ता मिलेगी।