पेशी पर निकला डॉन और ट्रेन में रचा ली शादी, कोर्ट ने नापा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गैंगस्टर अबु सलेम का फिल्मी कनेक्शन जगजाहिर है, लेकिन अपनी असल जिंदगी में भी सलेम फिल्मी हीरो की तरह पेश आएगा, इसका अंदाजा नहीं था। फर्जी पासपोर्ट समेत कई गंभीर आरोपों में पिछले 12 सालों से जेल में कैद अबु सलेम ने चलती ट्रेन में शादी रचाकर सबको हैरान कर दिया।वाकया आठ जनवरी का है, जब सलेम को फर्जी पासपोर्ट मामले में एक केस की पेशी के लिए लखनऊ ले जाया जा रहा था। 2002 में पुर्तगाल से प्रत्यर्पण के तहत सलेम को भारत लाया गया था।
उस पर टी सीरीज के मालिक गुलशन कुमार और मनीषा कोइराला के सेक्रेटरी प्रदीप जैन के मर्डर के केस समेत और भी कई गंभीर आरोपों के तहत मामले चल रहे हैं। एक अखबार के मुताबिक सलेम ने चलती ट्रेन में शादी रचाई। सलेम को कोर्ट में पेशी के लिए लखनऊ ले जाया जा रहा था। इसी यात्रा के दौरान उसने मुंब्रा (मुंबई) की एक लड़की से शादी की।
उनका निकाह मुंबई में एक काजी ने फोन पर पढ़ा। इस निकाह के गवाह बने अबु के भतीजे रशीद अंसारी और मुंबई व लखनऊ पुलिस के एक-एक जवान। ट्रेन में गैंगस्टर की इस शादी के बारे में पुलिस महकमा भी कुछ बोलने को तैयार नहीं है, क्योंकि यह सुरक्षा में चूक का गंभीर मामला है।
एक अधिकारी ने कहा, पुलिस का काम सलेम को लखनऊ सुरक्षित पहुंचाना था। वह ट्रेन में क्या करता है और किससे बातें करता है, इससे पुलिस का कोई लेना-देना नहीं है। जब अंसारी से इस बारे में बात की गई तो उन्होंने शादी के बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया और कहा, कृपया, उसकी निजी जिंदगी के बारे में मुझसे सवाल मत कीजिए। मैं सिर्फ कानूनी मुद्दे पर बात कर सकता हूं।
अभिनेत्री मोनिका बेदी से भी शादी की थी
सलेम शुरू से ही रंगीन जिंदगी जीने का आदी रहा है। इससे पहले उसने अभिनेत्री मोनिका बेदी से भी शादी की थी, जबकि मोनिका ने हमेशा से इस शादी से इंकार किया। बेदी ने हाल ही में छोटे पर्दे के जरिए कमबैक किया है। उनको भी सलेम के साथ सन् 2002 में पुर्तगाल से प्रत्यर्पित किया गया था। वहीं टाडा अदालत ने ठाणे के पुलिस आयुक्त को गैंगस्टर अबु सलेम के ट्रेन में कथित शादी करने के मामले की जांच करने का आदेश दिया है।
अभियोजक दीपक साल्वी ने कहा कि टाडा अदालत ने ठाणे पुलिस आयुक्त को यह जांच करने के लिए कहा है कि कैसे न्यायिक हिरासत में मौजूद एक आरोपी अदालत की अनुमति के बिना ट्रेन में शादी कर सकता है। विशेष जज जीए सनाप ने मुंबई के एक अखबार में छपी रिपोर्ट पर स्वत: संज्ञान लेते हुए यह निर्देश दिया। ठाणे के पुलिस प्रमुख को 10 दिनों में रिपोर्ट देने को कहा गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक पिछले माह सलेम ने ठाणे में मुंबई की एक लड़की के साथ ट्रेन में शादी की और मुंबई के एक काजी ने फोन पर निकाह करवाई। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सलेम के भतीजे और वकील राशिद अंसारी और कुछ पुलिसकर्मी शादी के गवाह बने। हालांकि अदालत के बाहर मीडिया से बातचीत में सलेम ने इस रिपोर्ट को आधारहीन और बकवास बताया। सलेम को 11 नवंबर 2005 को पुर्तगाल से भारत लाया गया था।