Monsoon Update: उत्तर भारत के ये राज्य अब नहीं करें मानसून का इंतजार, बारिश की संभावना हुईं कम
Monsoon Update: निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पहलावत बताते हैं कि उत्तर भारत में कमजोर मानसून की स्थिति देखने को मिल रही है। दिल्ली, पंजाब और हरियाणा को जितनी बारिश मिलनी थी, उतनी बारिश उन्हें मिल चुकी है...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मानसून के दूसरे चरण में कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। जबकि उत्तर भारत के कई राज्य अभी भी जोरदार बारिश से अछूते नजर आ रहे हैं। हालांकि 15 अगस्त से उत्तर भारत में एक बार फिर मानसून की गतिविधियां तेज होंगी। लेकिन दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में बारिश के आसार कम दिखाई दे रहे है। इधर, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी मानसून कमजोर दिखाई दे रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड में आज यानी 10 अगस्त को भारी बारिश होने की संभावना है। जबकि हिमाचल प्रदेश में भी गरज के साथ बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। दक्षिण पूर्वी राजस्थान में 10 से 13 अगस्त तक छिटपुट वर्षा, जबकि कुछ स्थानों पर गरज के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में 12 और 13 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है। ओडिशा के कई इलाकों में आज और 13 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है। वहीं, गंगीय पश्चिम बंगाल में 10, 11 और 13 अगस्त को गरज के साथ भारी बारिश की आशंका है। झारखंड में भी 10 और 11 और 13 अगस्त को भारी बारिश होगी।
इसके अलावा नॉर्थ ईस्ट के भी राज्यों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में 10 और 13 अगस्त को भारी बारिश देखने को मिलेगी। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और कोंकण, गोवा के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा गुजरात, तेलंगाना और तमिलनाडु के तटीय घाट क्षेत्रों में भी बारिश के आसार हैं।
उत्तर भारत में कमजोर रहा मानसून
निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पहलावत अमर उजाला से चर्चा में कहते हैं कि छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और विदर्भ के अलावा राजस्थान और गुजरात के कुछ क्षेत्रों में 11 अगस्त तक अच्छी बारिश का अनुमान है। इसके बाद छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में बारिश कम होगी, लेकिन गुजरात, साउथ ईस्ट राजस्थान और पश्चिमी मध्यप्रदेश में अगले दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। 14 अगस्त से मानसून की गतिविधियां नार्थ की तरफ शिफ्ट होंगी। लेकिन फिर भी ज्यादा बारिश नहीं होगी। फिलहाल उत्तर भारत के राज्यों में अच्छी बारिश की स्थिति नजर नहीं आ रही है।
पहलावत बताते हैं कि उत्तर भारत में कमजोर मानसून की स्थिति देखने को मिल रही है। दिल्ली, पंजाब और हरियाणा को जितनी बारिश मिलनी थी, उतनी बारिश उन्हें मिल चुकी है। लेकिन उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में जैसा मानसून होना था वैसा नहीं आया। जलवायु परितर्वन असर इस बार भी मानसून पर नजर आ रहा है। इसलिए कुछ राज्यों में ज्यादा बारिश हो रही है जबकि कुछ राज्यों में बहुत कम।
देशभर में बने मौसमी सिस्टम
गहरे निम्न दबाव का क्षेत्र ओडिशा के तटीय क्षेत्रों और उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी के आसपास के हिस्सों पर बना हुआ है। संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 7.6 किमी तक फैला हुआ है। यह एक डिप्रेशन में या आज शाम तक केंद्रित होने की उम्मीद है और आंतरिक ओडिशा और छत्तीसगढ़ से होते हुए पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा।
मानसून की ट्रफ अब नलिया, अहमदाबाद, इंदौर, जबलपुर, पेंड्रा रोड, कम दबाव के केंद्र और फिर दक्षिण पूर्व की ओर उत्तरी अंडमान सागर से गुजर रही है। ईस्ट वेस्ट शीयर ज़ोन मोटे तौर पर 19 डिग्री अक्षांश उत्तर में चल रहा है। समुद्र के स्तर पर महाराष्ट्र तट से कर्नाटक तट तक अपतटीय ट्रफ बनी हुई है। पश्चिमी राजस्थान और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।
11 अगस्त को ऐसा रहेगा देश के राज्यों का मौसम
अगले 24 घंटों के दौरान गुजरात, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, दक्षिण पूर्व राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश यह साथ कुछ भागों में भारी बारिश हो सकती है।
गंगीय पश्चिम बंगाल, दक्षिण झारखंड, तेलंगाना, मराठवाड़ा और कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तेलंगाना के शेष हिस्सों, मध्य महाराष्ट्र, तटीय आंध्र प्रदेश और हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है।
झारखंड, तमिलनाडु, आंतरिक कर्नाटक, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, जम्मू-कश्मीर, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और लद्दाख के शेष हिस्सों में हल्की बारिश संभव है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और बिहार के शेष हिस्सों में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश संभव है।