राज्यसभा: कोरोना से मौत को लेकर विपक्ष के आरोपों पर पुरी का पलटवार, कहा- झूठी कहानी तैयार करने की कोशिश
विपक्षी नेताओं की ओर से केंद्र सरकार पर लगाए गए कोरोना से मौत के गलत आंकड़े जारी करने के आरोपों पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने राज्यसभा में निशाना साधा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केंद्रीय मंत्री पुरी ने कहा कि बिना जानकारी के टिप्पणी करना बुरा है लेकिन जब जानबूझकर एक झूठी कहानी तैयार करने की कोशिश की जाती है तो यह और भी गंभीर मसला हो जाता है। किसी भी भारतीय नागरिक की मृत्यु खेद का विषय है, फिर चाहे उसकी मौत कोविड से हुई हो या किसी और कारण से।
हरदीप सिंह पुरी ने कहा, 'नागरिक उड्डयन मंत्री के तौर पर मैं पहला व्यक्ति था जिसने चीन से आने वाली उड़ानों पर रोक लगाई थी। हम 25 मार्च 2020 को पूर्ण लॉकडाउन में गए। एक ओर हमें बताया गया था कि लॉकडाउन बहुत गंभीर है और उसी वक्त आप केक भी चाहते हैं और उसे खाना भी चाहते हैं।'
केंद्रीय मंत्री ने कहा, हमने एक इकोसिस्टम तैयार किया। आज हम (टीकों के) सबसे प्रमुख उत्पादकों में से एक हैं। हम टीकों को लेकर अपनी घरेलू मांग को पूरा करने जा रहे हैं। कल (सोमवार) तक की बात करें तो, हम अब तक देशभर में कोरोना वायरस रोधी टीकों की 42 करोड़ खुराकें लगा चुके हैं।
Uninformed comment is bad enough but when an attempt is made to deliberately produce a false narrative, it's an even more serious matter. Even one death of any Indian citizen on account of any cause, whether COVID or non-COVID related,is matter of regret: Union Min HS Puri, in RS pic.twitter.com/z1KdQDJoyv
— ANI (@ANI) July 20, 2021
वहीं, राज्य मंत्री स्वास्थ्य भारती प्रवीण पवार ने राज्यसभा को बताया कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की ओर से कोरोना से होने वाली मौतों के आंकड़े को छिपाने की कोई रिपोर्ट नहीं है। उन्होंने कहा, 'हांलांकि, कुछ राज्यों ने मृत्यु दर के आंकड़ों के मिलान के आधार पर अपने आंकड़ों को संशोधित जरूर किया है।'
इससे पहले शिवसेना सांसद संजय राउत ने राज्यसभा में सवाल उठाया था कि सरकार डाटा क्यों छिपा रही है? उन्होंने कहा था, 'बताइए, कितने लोगों की जान गई है (कोविड-19 के चलते)। कुछ रिपोर्ट बताती हैं कि कोरोना से मरने वाले लोगों की असल संख्या सरकार के आधिकारिक आंकड़ों से कहीं अधिक है।'
वहीं, सदन में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कोरोना वायरस महामारी को लेकर कहा, 'इतने बड़े देश में कोरोना महामारी से कितने लोग मरे क्या ये रहस्य ही बना रहेगा? सरकार देश में कोरोना से 4 लाख से अधिक मौतों की बात बताती है। जो झूठे आंकड़े सरकार जारी कर रही है, वो सत्य से दूर हैं।'