फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Me Too Movement: these big names from bollywood and newroom are facing allegations

#MeToo: नाना पाटेकर से लेकर एमजे अकबर तक, अब तक इन लोगों पर लगे शोषण के आरोप

Sun, 14 Oct 2018 05:06 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Updated Sun, 14 Oct 2018 05:06 PM IST
विज्ञापन
Me Too Movement: these big names from bollywood and newroom are facing allegations
मी टू अभियान के तहत इन बड़े लोगों पर आरोप लग चुके हैं

हॉलीवुड में एक साल पहले निर्माता हार्वे विंस्टीन पर कई महिलाओं ने यौन शोषण करने का आरोप लगाया था। बहुत सी महिलाओं ने हैशटैग मी टू (#MeToo ) के जरिए अपनी आपबीती सोशल मीडिया पर साझा की थी। यह अभियान अब भारत पहुंच गया है। इसके जरिए यहां कई सफेदपोश लोगों के नाम रोजाना सामने आ रहे हैं जिन्होंने अपने साथ काम करने वाली महिलाओं का किसी न किसी रूप में शोषण किया है।

विज्ञापन


#MeToo ने उस समय जोर पकड़ा जब पिछले कई वर्षों से फिल्मों से गायब रहीं पूर्व मिस इंडिया और फिल्म अभिनेत्री तनुश्री दत्ता वापस आईं और उन्होंने नाना पाटेकर पर कई आरोप लगा दिए। उन्होंने बताया कि किस तरह दस साल पहले एक फिल्म की शूटिंग के दौरान नाना पाटेकर ने उन्हें गलत तरीके से छुआ। पिछले महीने एक इंटरव्यू में तनुश्री ने अपनी आपबीती सुनाई थी। इस खुलासे ने तो मानों जैसे पीड़िताओं को हिम्मत देने का काम किया क्योंकि बहुत सी महिलाओं ने अपने आरोपियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर लिखना शुरू कर दिया है।
विज्ञापन


मी टू अभियान की आंच नाना पाटेकर से शुरू होकर भूषण कुमार तक पहुंच गई है। इससे कॉमेडियन, पत्रकार भी अछूते नहीं रहे। इस अभियान के अतंर्गत भाजपा सरकार मे विदेश राज्यमंत्री का पद संभाल रहे एमजे अकबर पर भी कई महिला पत्रकारों ने यौन शोषण का आरोप लगाया। महिलाओं का कहना है कि विभिन्न संस्थानों में संपादक रहते हुए उन्होंने उनका शोषण किया था। पत्रकार प्रिया रमानी और प्रेरणा सिंह बिंद्रा सहित कई महिलाएं उनपर अश्लील टिप्पणी, अश्लील हरकतें करने का आरोप लगा चुकी हैं। जिसकी वजह से उन्हें लेकर भाजपा सरकार असमंजस की स्थिति में आ गई है। महिला मंत्रियों का कहना है कि अकबर पर लगे आरोपों की जांच की जानी चाहिए। वहीं विपक्ष उनका इस्तीफा मांग रहा है। इसी बीच रविवार को वरिष्ठ पत्रकार और पद्मश्री सम्मान से सम्मानित पत्रकार विनोद दुआ पर एक महिला ने यौन शोषण का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


आज हम आपको बताते हैं उन लोगों के नाम जो मी टू अभियान की चपेट में आ चुके हैं

1. नाना पाटेकर- तनुश्री दत्ता ने नाना पर आरोप लगाया कि साल 2008 में फिल्म 'हॉर्न ओके प्लीज' की शूटिंग के दौरान गणेश आचार्य ने अचानक गाने के स्टेप्स बदलवा दिए थे। बीच गाने में नाना पाटेकर की एंट्री हो गई और वह उन्हें गलत ढंग से छूने लगे। तनुश्री ने इसका विरोध किया और शूटिंग छोड़कर जाने लगीं। तब नाना पाटेकर के इशारे पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के राजनीतिक गुंडों ने उन पर हमला कर दिया था।

2. अभिजीत भट्टाचार्य- एक फ्लाइट अटेंडेंट ने अभिजीत भट्टाचार्य पर आरोप लगाते हुए कहा कि '20 साल पहले कोलकता के एक पब में उन्होंने उसे लगभग किस कर लिया था और उनका बायां कान नोंच लिया था।'

3. विवेक अग्निहोत्री- तनुश्री ने डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री पर भी शोषण का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, 'विवेक मुझसे कहते हैं कि अपने कपड़े उतारो फिर इरफान खान और सुनील शेट्टी के सामने डांस करो। यह घटना साल 2005 की है। जब मैं फिल्म चॉकलेट की शूटिंग कर रही थी। इस सीन में सिर्फ दोनों एक्टर्स का क्लोजअप शॉट लेना था। वो सीन मेरा था ही नहीं। फिर भी डायरेक्टर ने मुझसे कहा कि कपड़े उतारो और उनके सामने नाचो।'

4. चेतन भगत- चेतन भगत पर एक महिला ने यौन शोषण का आरोप लगाते हुए बातचीत का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर शेयर किया था। हालांकि चेतन भगत ने उस महिला से माफी मांग ली है।

Me Too Movement: these big names from bollywood and newroom are facing allegations
जुल्फी सैयद

5. जुल्फी सैयद- मॉडल और एक्टर जुल्फी सैयद के खिलाफ एक महिला फोटो पत्रकार ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। जुल्फी सैयद बिग बॉस सीजन 2 में भी हिस्सा ले चुके हैं। उन्होंने प्यासा, चुपके से, बिल्लू जैसी फिल्मों में काम किया है। फोटो पत्रकार नताशा हेमरजानी ने बताया कि एक इवेंट कवर करने के दौरान वो क्रूज शिप पर जुल्फी सैयद से मिली थीं। उनका फोन चार्जिंग के लिए जुल्फी के कमरे में रखा हुआ था जब वो उनके कमरे में पहुंचीं तो जुल्फी ने दरवाजा बंद कर दिया और जबरन किस करने की कोशिश करने लगे। नताशा किसी तरह मौके से भागने में कामयाब रहीं।

6. विकास बहल- फैंटम फिल्म्स में काम करने वाली एक महिला ने विकास बहल पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। साल 2015 में महिला ने फैंटम फिल्म्स के को-ऑनर रहे अनुराग कश्यप से उस वक्त शिकायत की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। महिला के बाद कंगना रनौत ने भी विकास बहल पर गंभीर आरोप लगाए। कंगना ने अपने बयान में कहा है - 'मैं पीड़ित महिला की बात पर पूरी तरह से भरोसा करती हूं। जब हम 'क्वीन' की शूटिंग कर रहे थे तब भी विकास विवाहित थे। फिर भी वह रोजाना नए पार्टनर के साथ शारीरिक संबंध बनाने का जिक्र करते थे। मैं दूसरों को या उनकी शादी को जज नहीं करती लेकिन आप महसूस कर सकते हैं कि ये सब उनके लिए लत बन चुका है।' 'क्वीन' में काम करने वाली एक और एक्ट्रेस नयनी दीक्षित ने विकास बहल के बारे में भी ऐसा ही कुछ कहा।

7. वरुण ग्रोवर- गीतकार और स्टैंड अप कॉमेडियन वरुण ग्रोवर पर कॉलेज के दिनों में उनकी जूनियर रही एक युवती ने आरोप लगाए हैं कि कॉलेज में एक प्ले के दौरान वरुण ने उनसे बदतमीजी की थी।

8. गौरांग दोषी- एक्ट्रेस फ्लोरा सैनी ने एक फेसबुक पोस्ट के जरिए प्रोड्यूसर गौरांग दोषी पर साल 2007 में यौन शोषण का आरोप लगाया है। फ्लोरा ने ये भी कहा कि उनके साथ मारपीट की गई थी। उन्होंने अपनी तस्वीर शेयर की है जिसे देखकर पता चल रहा है उनको मारा गया है। फ्लोरा ने पोस्ट में लिखा कि 'यह मैं हूं। साल 2007 वैलेंटाइन डे पर मैं प्रोड्यूसर गौरांग दोषी को डेट कर रही थी। एक साल तक मैं उसके द्वारा उत्पीड़न का शिकार होती रही। उसने मेरे जबड़े पर चोट दी और जिंदगी भर के लिए एक डर।'

9. रजत कपूर- रजत कपूर पर दो महिला पत्रकारों ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। रजत ने फोन पर ही पत्रकार से फिजूल के सवाल पूछने शुरू कर दिए। रजत ने पत्रकार से कहा, 'आवाज से तो लग रहा है कि आप बहुत सेक्सी होंगी।' इतना ही नहीं रजत ने पत्रकार से उनकी बॉडी का साइज भी पूछा।

10. आलोक नाथ- लेखक और प्रोड्यूसर विनता नंदा ने आलोक नाथ पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। विनता ने बताया कि पहले उन्हें खूब शराब पिलाई गई और फिर आलोक नाथ ने उनका दुष्कर्म किया था। यह मामला 19 साल पुराना है।

11. पीयूष मिश्रा- 55 साल के अभिनेता पीयूष मिश्रा पर केतकी जोशी नाम की एक लड़की ने उन्हें छेड़ने और उनसे बदतमीजी करने का आरोप लगाया है। जोशी ने अपने फेसबुक पोस्ट में खुद के साथ हुई सारी आपबीती लिखी है कि 'साल 2014 में पीयूष एक फैन पार्टी में बतौर गेस्ट आए थे लेकिन उस दौरान उन्होंने 20-25 लोगों के सामने मुझसे फ्लर्ट करना शुरू कर दिया और पूरी पार्टी में सिर्फ शराब ही पीते रहे। जब मैं पीयूष के पास से गुजरी तो उन्होंने मेरा हाथ पकड़ खुद के हाथ से रगड़ना शुरू कर दिया।'

Me Too Movement: these big names from bollywood and newroom are facing allegations
सुभाष घई

12. सुभाष घई- फिल्म निर्देशक सुभाष घई पर एक अनजान महिला ने ड्रिंक में नशीली दवा मिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। लेखिका महिमा कुकरेजा ने ट्विटर पर एक अनजान महिला का अकाउंट शेयर किया। महिला ने कहा कि उसने कई साल पहले घई के साथ एक फिल्म में काम किया था। इस दौरान घई ने उन्हें स्क्रिप्ट पर बात करने के लिए कई बार अपने अपार्टमेंट में बुलाया। चुपके से उसके ड्रिंक में नशीली दवा मिलाई और उसे अपनी कार से घर तक छोड़ने का ऑफर दिया। महिला का कहना है कि बाद में होश आने पर उसने खुद को एक होटल के कमरे में पाया और तब उसके साथ दुष्कर्म किया जा चुका था। 

13. साजिद खान- फिल्म निर्माता साजिद खान पर भी यौन शोषण के आरोप लगे हैं। पत्रकार करिश्मा उपाध्याय, सलोनी चोपड़ा और रैचल वाइट ने बताया कि साजिद खान ने उनका मानसिक और शारीरिक तौर पर शोषण किया है।

14. लव रंजन- एक अभिनेत्री ने निर्देशक लव रंजन की फिल्म के लिए ऑडिशन देने के दौरान घटी घटना का जिक्र किया है। महिला ने आरोप लगाया कि लव ने साल 2010 में फिल्म की कास्टिंग के दौरान उनसे कहा था कि वह कपड़े उतारकर दिखाएं कि वह ब्रा और पैंटी में कैसी दिखेंगी। मिड डे से बात करते हुए अभिनेत्री ने खुलासा किया कि यह घटना 2010 की है। तब कास्टिंग डायरेक्टर विकी सिदाना ने उन्हें कॉल किया था। उस समय 'प्यार का पंचनामा' के लिए ऑडिशन चल रहे थे।

15. गुरसिमरन खंभा- एक महिला ने 2015-16 के बीच गुरसिमरन पर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है. महिला के अनुसार, 'गुरसिमरन और मैं 2-3 बार रिलेशनशिप में आए। इस दौरान हमारी लड़ाईयां हुईं और हमने उन्हें सुलझाया लेकिन परेशानी तब हुई जब गुरसिमरन ने मेरा उस वक्त फायदा उठाने की कोशिश की जब हम रिलेशनशिप में नहीं थे। मैंने उस समय सभी चीजों की अनदखी की और गुरसिमरन की दोस्त बनी रही। मुझसे ब्रेकअप के बाद गुरसिमरन को यह अहसास हुआ कि वो मुझे पसंद करता है। उस वक्त मैं किसी दूसरे इंसान के साथ रिश्ते में थी लेकिन गुरसिमरन मुझे शराब के नशे में कॉल किया करते थे और मुझे धमकी देते थे। गुरसिमरन की इस बदतमीजी का सिलसिला तकरीबन 5 महीने तक चला।’

16. तन्मय भट्ट- एआईबी के सीईओ तन्मय भट्ट पर महिला कर्मचारियों ने दुर्व्यवहार और यौन शोषण का आरोप लगाया है।

17. एमजे अकबर- केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पर दो महिला पत्रकारों सहित कई महिलाओं ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। अकबर कई अखबार और पत्रिकाओं में संपादक रह चुके हैं। साल 2017 में एक महिला पत्रकार ने बताया था कि उसके बॉस ने उसे होटल के कमरे में जॉब इंटरव्यू के लिए बुलाया था। प्रिया रमानी नाम की एक महिला ने ट्वीट किया है कि एमजे अकबर ने होटल रूम में इंटरव्यू के दौरान कई महिला पत्रकारों के साथ आपत्तिजनक हरकतें की हैं।

18. विनोद दुआ- फिल्ममेकर निष्ठा जैन ने सोशल मीडिया पर विनोद दुआ पर आरोप लगाते हुए लिखा है कि उस वक्त मैं जामिया मास कम्यूनिकेशन सेंटर से ग्रेजुएट कर रही थी। इस दौरान मैं इंटरव्यू के लिए विनोद दुआ के पास गई थीं। यह इंटरव्यू एक नए शो के लिए होना था जो पॉलिटिकल सटायर पर आधारित था। उन्होंने कहा जब वह इंटरव्यू के लिए बैठीं तभी दुआ ने एक सैक्शुअल जोक बोला जिससे वह असहज महसूस करने लगीं और गुस्सा भी आया। मेरे दोस्तों के जरिए विनोद दुआ को पता चल जाता था कि मैं कब तक ऑफिस में काम कर रही हूं। एक दिन विनोद दुआ ने मुझे पार्किंग के पास देख लिया। मुझे देखकर उन्होंने कार में आने के लिए कहा। मैंने सोचा वह अपनी गलती के लिए माफी मांगेंगे इसलिए मैं कार में बैठ गई लेकिन इसके बाद उनके चेहरे से ऐसा लगा कि वे मुझे देखकर लार टपका रहे हैं। मैं तुरंत कार से बाहर आई और ऑफिस की तरफ भागी।

Me Too Movement: these big names from bollywood and newroom are facing allegations
कैलाश खेर - फोटो : अमर उजाला

19. कैलाश खेर- बॉलिवुड गायक कैलाश खेर पर एक महिला पत्रकार ने शोषण का आरोप लगाया है। महिला ने कहा है कि एक इंटरव्यू के दौरान कैलाश उन्हें बार-बार गलत तरीके से छूने की कोशिश कर रहे थे।

20. उत्सव चक्रवर्ती- कॉमेडियन उत्सव चक्रवर्ती पर पिछले हफ्ते एक महिला ने अश्लील संदेश भेजने का आरोप लगाया है। महिला ने ट्विटर पर लिखा है कि चक्रवर्ती महिलाओं और युवा लड़कियों से टॉपलेस तस्वीरें भेजने की मांग किया करते थे।

21. रघु दीक्षित- गायक रघु दीक्षित पर एक महिला ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। अपना दर्द बयां करते हुए महिला ने लिखा- 'बहुत साल पहले मुझे उनके स्टूडियो रिकॉर्डिंग के लिए बुलाया गया था। उन्होंने अपनी पत्नी के बारे में उल्टा-सीधा बोलना शुरू कर दिया। उनकी पत्नी एक बेहतरीन इंसान हैं। जब उनकी पत्नी उस कथित रिकॉर्डिंग के लिए वहां पहुंची, जो हुई ही नहीं तो उन्होंने मुझसे कहा कि ऐसा दिखाओ जैसे मैं काम के लिए आई हूं। मैंने उनसे कहा कि मैं काम के लिए ही आई हूं। उनकी पत्नी ने कुछ कहा और वहां से चली गईं। जब हमने एडहॉक रिकॉर्डिंग कर ली तो मेरा चेक साइन करते हुए उन्होंने कहा कि मुझे किस दो। इसके बाद उन्होंने मुझे खींचने की कोशिश की। मैं रोते हुए नीचे चली गई। उन्होंने बहुत सी लड़कियों के साथ इससे बदतर हरकतें की हैं।'

22. सुहेल सेठ- मशहूर लेखक और समाज सुधारक सुहेल सेठ पर दो महिलाओं ने शोषण का आरोप लगाया है। जिसमें से एक फिल्मनिर्माता नताशा राठौर हैं। उन्होंने बताया कि कैसे उनका फायदा उठाकर वह उन्हें अपने घर ले गए थे। ट्विटर पर राठौर ने लिखा, 'तुम मेरे ऊपर गिर गए जबकि मैं पूरी तरह से असहज थी। मेरे विरोध के वाजूद तुमने अपनी जीभ से मेरी गर्दन चाटी। मैंने तुम्हारा सिर हटाया और तमीज से पेश आने के लिए कहा। इसके बाद तुमने मेरे कुर्ते के अंदर अपना हाथ डाला और मेरे ब्रेस्ट को पकड़ लिया।' 

23. चिंतन रूपारेल- टेरिबली टाइनी टेल्स के संस्थापक चिंतन रूपारेल पर एक महिला वर्कशॉप अटेंडेट ने शोषण का आरोप लगाया है। अपने फीडबैक फॉर्म में महिला ने बताया है कि कैसे टीम के एक वरिष्ठ सदस्य उसे लगातार घूरत रहे जिसकी वजह से उसने काफी असहज महसूस किया।

24. सताद्रू ओझा- टाइम्स ऑफ इंडिया के सप्लीमेंट कलकत्ता टाइम्स के संपादक पर एक पूर्व महिला कर्मचारी ने बदतमीजी और यौन दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि ओझा ने उसे धमकी दी थी कि यदि वह उसे खुश नहीं कर पाती तो वह उसे नौकरी से निकाल देगा। 

25. अखिल कुमार- द वायर के रिपोर्टर और मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर अखिल कुमार पर दो महिलाओं ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। महिलाओं का आरोप है कि वह उन्हें गलत तरीके से छूते थे और उनपर संबंध बनाने का दबाव डालते थे। 

26. आशीष पटेल- यशराज फिल्म्स के टैलेंट मैनेजर आशीष पटेल पर एक महिला ने कथित दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। महिला की दास्तां को कार्यकर्ता जपलीन परीचा ने साझा किया है। 

Me Too Movement: these big names from bollywood and newroom are facing allegations
नागराज मंजुले

27. नागराज मंजुले- सैराट के निर्देशक नागराज मंजुले पर उनकी पूर्व पत्नी सुनीता ने शारीरिक, मानसिक और आर्थिक तौर पर शोषण करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उसने मेरे 2-3 गर्भपात करवाए हैं। जब भी मैं बच्चा रखने के बारे में कहती थी तो वह मुझे हाथ, बेल्ट और लकड़ी के डंडों से पीटा करता था। 

28. वैरामुथु- गायिका चिन्मयी श्रीपदा ने पद्म भूषण से सम्मानित तमिल कवि, गीतकार और लेखक वैरामुथु पर शोषण का आरोप लगाया है। ट्विटर पर उन्होंने लिखा- मैं 19 साल की थी तब अपनी मां के साथ एक बहुत ही सम्मानित व्यक्ति से मिलने गई थी। मैं अपनी मां के साथ थी लेकिन मुझे उसने अकेले अपने कमरे में बुलाया। मुझे अजीब नहीं लगा क्योंकि उसने ऐसा कुछ व्यवहार नहीं किया था। लेकिन जैसे ही मैं उसके कमरे में गई उसने मुझे गले लगा लिया। इसके बाद मैं अपना हाथ छुड़ाकर भागने लगी तो उन्होंने मेरा फोन और बैग पकड़ लिया।

29. भूषण कुमार- टी सीरीज के मालिक और बॉलिवुड के प्रतिष्ठित फिल्म निर्माता भूषण कुमार पर एक अज्ञात महिला ने आरोप लगाया है कि उनके प्रोडक्शन हाउस की तीन फिल्मों के गीत गाने के बदले उनसे उन्होंने यौन संबंध बनाने को कहा गया था। महिला ने आगे कहा- जब मैंने संबंध बनाने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया, तो मुझे भूषण की तरफ से करियर बर्बाद करने की धमकियां भी दी गईं थीं।

30. प्रशांत झा- राजनीतिक संपादक और हिंदुस्तान टाइम्स दिल्ली के ब्यूरो चीफ प्रशांत झा पर कई महिला पत्रकारों ने अश्लील संदेश भेजने का आरोप लगाया है। टाइम्स ऑफ इंडिया के रेसीडेंट संपादक केआर श्रीनिवास पर भी एक महिला ने शोषण का आरोप लगाया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed