ममता बनर्जी ने की मोदी और शाह को गिरफ्तार करने की मांग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ममता ने मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि वे करोड़ों का सूट पहन कर महान बनने का स्वांग करते हैं। उन्होंने कहा कि अडानी जैसे उद्योगपति लाखों-करोड़ के भ्रष्टाचार में डूबे हैं, लेकिन केंद्र सरकार उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। ममता ने कहा कि पश्चिम बंगाल में चिटफंड घोटाले वाममोर्चा सरकार के कार्यकाल में शुरू हुए थे। ऐसे में माकपा नेताओं को भी गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
ममता ने रोज वैली कांड में भाजपा नेता व केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो की भी गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने सीबीआई सूत्रों के हवाले से दावा किया कि तृणमूल सांसदों की गिरफ्तारी के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय से भारी दबाव था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने सत्ता में आने के बाद चिटफंड के खिलाफ कानून बनाया और गरीब निवेशकों को सरकारी खजाने से तीन सौ करोड़ रुपये लौटाए। ममता ने सवाल किया कि अब भी रोज वैली का न्यूज चैनल कैसे चल रहा है। उन्होंने सहारा पर भी सवाल उठाए और पूछा कि उस समूह के अखबार व चैनल कैसे चल रहे हैं।
पीएम पर बदले की राजनीति का आरोप मढ़ा
ममता ने कहा कि सहारा के मालिक सुब्रत राय केंद्रीय मंत्री के घर शादी में सम्मानित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कई राज्यों में करोड़ों की नकद रकम देकर जमीन खरीदी है। इसके अलावा उसके लोग ही कमीशन लेकर काले धन को सफेद बना रहे हैं।
इन आरोपों को ध्यान में रखते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को भी गिरफ्तार किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि चिटफंड कंपनियों की जांच की जिम्मेदारी केंद्र सरकार की है। आखिर सेबी ने समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बदले की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए ममता ने कहा कि केंद्र सरकार नोटबंदी की तरह तृणमूल कांग्रेस का मुंह बंद करने का प्रयास कर रही है, लेकिन उनकी पार्टी नोटबंदी के खिलाफ आंदोलन जारी रखेगी। ममता ने कहा कि उन्हें सुदीप की गिरफ्तारी की उम्मीद बिल्कुल नहीं थी।
उन्होंने केंद्र सरकार पर अमेरिका की काली सूची में शामिल पेटीएम जैसी कंपनी को बढ़ावा देने और सोनिया गांधी तथा मायावती जैसी नेताओं के अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल किया कि आखिर मोदी के विदेश दौरों के दौरान उनके साथ बक्से में क्या जाता था। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने दिल्ली की कुर्सी से मोदी को हटाने के लिए तमाम राजनीतिक दलों से सड़कों पर उतरने की अपील की है।