Congress: कर्नाटक के नेताओं के साथ खरगे-राहुल की अहम बैठक; चार राज्यों के लिए स्क्रीनिंग कमेटी भी गठित
कांग्रेस ने 4 राज्यों के लिए स्क्रीनिंग कमेटी घोषित कर दी है। राजस्थान में गौरव गोगोई चेयरमैन, एमपी में जितेन्द्र सिंह , छत्तीसगढ़ में अजय माकन और तेलंगाना में के. मुरलीधरन चेयरमैन बनाया गया है।
विस्तार
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी नेता राहुल गांधी ने पार्टी मुख्यालय में कर्नाटक कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक की। कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार भी बैठक में शामिल हुए। पार्टी मुख्यालय में हुई बैठक में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, पार्टी महासचिव व कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला, मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और कई अन्य नेता मौजूद थे। इस दौरान 2024 के चुनावों के लिए चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक में अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करने के साथ ही राज्य से कम से कम 20 लोकसभा सीट जीतने का लक्ष्य तय किया गया। बैठक में राहुल गांधी ने यह कड़ा संदेश भी दिया कि कांग्रेस की सरकार में किसी तरह का कोई भ्रष्टाचार नहीं होना चाहिए। बैठक के बाद सुरजेवाला ने कहा कि आज कर्नाटक के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। हमने इस बैठक में आगामी संसदीय चुनाव के लिए कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिए।"
उन्होंने बताया कि पार्टी संगठन के एक वरिष्ठ नेता और एक मंत्री हर एक संसदीय सीट के प्रभारी होंगे। जब तक संसद का चुनाव नहीं हो जाता, पार्टी संगठन की तैयारी की जिम्मेदारी उनकी होगी। पार्टी राज्य की कुल 28 लोकसभा सीटों में से कम से कम 20 सीट जीतने के लक्ष्य को लेकर काम करेगी।
#WATCH | Congress national president Mallikarjun Kharge and party leader Rahul Gandhi hold a meeting with leaders of Karnataka Congress at party HQ in Delhi. pic.twitter.com/wmu378KHYT
— ANI (@ANI) August 2, 2023
बैठक के बाद खरगे ने ट्वीट कर कहा कि हम साथ मिलकर 6.5 करोड़ कन्नड़वासियों के लिए प्रगति और कल्याण का एक नया अध्याय लिख रहे हैं। हम अपनी पांच ‘गारंटी’ को पूरा करने की दिशा में पूरा प्रयास कर रहे हैं। हमारे सभी वादे पूरे किए जाएंगे। पांचों गारंटियां कार्यान्वयन के अंतिम चरण में हैं। उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है कि कर्नाटक की जनता भी 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी पर भरोसा जताएगी। कर्नाटक हम पर भरोसा करता है। इस साल मई में हुए कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज की थी।
विधानसभा चुनाव 2023: 4 राज्यों के लिए स्क्रीनिंग कमेटी घोषित
कांग्रेस ने 4 राज्यों के लिए स्क्रीनिंग कमेटी घोषित कर दी है। राजस्थान में गौरव गोगोई चेयरमैन, एमपी में जितेन्द्र सिंह , छत्तीसगढ़ में अजय माकन और तेलंगाना में के. मुरलीधरन चेयरमैन बनाया गया है।
चुनाव याचिका मामले में मंत्री प्रियंक खरगे को समन भेजा
इस बीच कर्नाटक हाईकोर्ट ने मई में हुए विधानसभा चुनाव में चित्तपुर निर्वाचन क्षेत्र से प्रियंक खरगे के चुनाव को चुनौती देने वाली याचिका पर बुधवार को उन्हें समन जारी किया। अश्वथ राव द्वारा दाखिल याचिका पर आज सुनवाई हुई और अदालत ने खरगे को पांच सितंबर को पेश होने का निर्देश दिया। याचिका में अन्य आरोपों के साथ-साथ उनके जाति प्रमाण पत्र पर भी सवाल उठाया गया है।