जानिए कौन हैं मेजर श्वेता पांडे, तिरंगा फहराते समय प्रधानमंत्री मोदी के साथ होंगी मौजूद
भारत कोरोना काल के बीच 74वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर साल की तरह लाल किले से झंडा फहराएंगे और देश को संबोधित भी करेंगे। हर साल प्रधानमंत्री के साथ झंडा फहराते समय फ्लैग ऑफीसर मौजूद रहते हैं। इस बार यह जिम्मेदारी भारतीय सेना की एक महिला अधिकारी को मिली है। आइए जानते हैं कौन हैं वो मेजर श्वेता पांडे जो झंडा फहराते समय सहयोग के लिए पीएम मोदी के साथ मौजूद होंगी।
Major Shweta Pandey will assist PM Narendra Modi in unfurling the national flag during the 74th Independence Day celebration tomorrow. She was part of an Indian military contingent at the Victory Day Parade in Moscow in June this year: Indian Army officials pic.twitter.com/vhUZYQkIne
— ANI (@ANI) August 14, 2020
रक्षा मंत्रालय ने दी जानकारी
रक्षा मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को इस संबंध में जानकारी दी गई। बताया गया कि मेजर श्वेता पांडे भारतीय सेना की 505 बेस वर्कशॉप में एक ईएमई (इनेक्ट्रॉनिक और मैकेनिकल इंजीनियर) अधिकारी हैं। वह इस साल जून में मास्को में हुई विजय दिवस परेड में एक भारतीय सैन्य टुकड़ी का हिस्सा भी थीं। बता दें कि मेजर पांडे से पहले भी कई महिला और पुरुष अधिकारी झंडा फहराए जाने के दौरान प्रधानमंत्री का सहयोग करने की इस भूमिका को निभाते आए हैं।
लखनऊ की रहने वाली हैं मेजर पांडे
मेजर श्वेता पांडे लखनऊ की रहने वाली हैं। मार्च 2012 में चेन्नई स्थित ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी से उन्होंने प्रशिक्षण लिया था। उनके पिता राज रतन पांडे यूपी सरकार में वित्त विभाग में अतिरिक्त निदेशक रूप में कार्यरत थे। उनकी मां अमिता पांडे संस्कृत और हिंदी विषय की प्रोफेसर हैं।
पीएम मोदी की घोषणाओं पर रहेगी सबकी नजर
सभी की निगाहें इस बात पर होंगी कि प्रधानमंत्री संबोधन में क्या कहेंगे क्योंकि 15 अगस्त को वह बड़ी घोषणाएं करते रहे हैं, अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते रहे हैं और देश के समक्ष बड़ी चुनौतियों को लोगों के ध्यान में लाते रहे हैं।
पिछले वर्ष मिले प्रचंड बहुमत के बाद स्वतंत्रता दिवस के भाषण में उन्होंने तीन तलाक के खिलाफ कानून लाने और जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को समाप्त करने की बात प्रमुखता से रखी थी। उन्होंने जनसंख्या को नियंत्रित करने और पांच हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य हासिल करने की जरूरत पर भी बल दिया था।
कोविड-19 पर कर सकते हैं चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी जब 74वें स्वतंत्रता दिवस पर देश को संबोधित करेंगे तो कोविड-19 से निपटने में सरकार के प्रयासों का जिक्र कर सकते हैं। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का यह दूसरा वर्ष है और सरकार ने अर्थव्यवस्था में व्यापक सुधार की पहल शुरू की है, जबकि कोविड-19 से यह बुरी तरह प्रभावित हुई है।
यह भी पढ़ें: प्रधानमंत्री मोदी के पिछले साल के भाषण में कही गईं प्रमुख बातें