Maharashtra Updates: बंटेंगे तो कटेंगे नारे के साथ मुंबई में लगे योगी आदित्यनाथ के पोस्टर, जानें BJP क्या बोली
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मुंबई के कई इलाकों में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर और ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ संदेश वाले पोस्टर लगाए गए हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मुंबई इकाई के प्रमुख आशीष शेलार ने कहा कि उनकी पार्टी ने पोस्टर नहीं लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कई लोगों को लगता है कि अगर वोटों में बंटवारा होता है तो उसका नुकसान समाज को उठाना पड़ेगा।
इन पोस्टर में ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ और ‘एक रहेंगे, तो नेक रहेंगे, सुरक्षित रहेंगे’ के संदेश लिखे हैं। लाल रंग से लिखे संदेश वाले पोस्टर भगवा, पीले और हरे रंग के संयोजन वाले हैं। महाराष्ट्र में 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले लगाए इन पोस्टर में विश्वबंधु राय का नाम लिखा है।
इसके बारे में पूछे जाने पर भाजपा नेता शेलार ने कहा, ‘पार्टी ने पोस्टर नहीं लगाए हैं और न ही पार्टी में राय किसी पद पर हैं। यहां बड़ी संख्या में लोगों का यह मानना है कि अगर वोट कटेंगे तो विकास नहीं होने से समाज को नुकसान होगा। कई लोगों को लगता है कि उन्हें एकजुट रहना चाहिए और विकास एवं समृद्धि के लिए एकजुट होकर वोट देना चाहिए।’
उल्लेखनीय है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता आदित्यनाथ ने अगस्त में लोगों से समृद्धि की पराकाष्ठा पर पहुंचने के लिए एकजुट रहने का अनुरोध करते हुए कहा था कि बांग्लादेश में जो गलतियां हुई हैं, वे भारत में नहीं होनी चाहिए।
आगरा में एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कथित तौर पर कहा था, ‘आप देख रहे हैं बांग्लादेश में क्या हो रहा है? वे गलतियां यहां नहीं होनी चाहिए। बटेंगे तो कटेंगे। एक रहेंगे तो नेक रहेंगे, सुरक्षित रहेंगे और समृद्धि की पराकाष्ठा पर पहुंचेंगे।’
RO को नामांकन पत्र देने के दौरान अब नहीं लगेगी भीड़, केवल पांच लोगों को प्रवेश की अनुमति
मुंबई पुलिस ने महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के वास्ते निर्वाचन अधिकारी (आरओ) के कार्यालय में प्रवेश करने वाले लोगों की संख्या पांच तक सीमित कर दी है।
एक अधिकारी ने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत मंगलवार को जारी निषेधाज्ञा आदेश के अनुसार, आरओ कार्यालय के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रत्याशी के केवल तीन वाहनों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
आदेश में कहा गया है कि पुलिस ने नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान नारेबाजी, रैली, जुलूस, गीतों और संगीत वाद्य यंत्रों के इस्तेमाल के जरिए राजनीतिक प्रचार पर भी रोक लगा दी है। अधिकारी ने बताया कि अगर अलग-अलग राजनीतिक दलों के दो प्रत्याशी एक ही वक्त में नामांकन पत्र जमा कराने आते हैं तो कोई भी एक-दूसरे के खिलाफ उकसावे वाली कार्रवाई नहीं करेगा।
यह निषेधाज्ञा आदेश मुंबई जिले और उपनगरों में चार नवंबर तक लागू रहेगी।
महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए मतदान 20 नवंबर को होगा और वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को खत्म होगा।
पुणे में अवैध रूप से रह रहे 10 बांग्लादेशी गिरफ्तार
रंजनगांव इलाके में अवैध रूप से रह रहे 10 बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बाद में अदालत ने उन्हें 24 अक्तूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पुणे ग्रामीण के एसपी पंकज देशमुख ने कहा, 'कल रंजनगांव एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में हमने एक मामला दर्ज किया, जिसमें कुछ बांग्लादेशी नागरिकों से पूछताछ की गई। पूछताछ करने पर हमें पता चला कि वे रंजनगांव इलाके में अवैध रूप से रह रहे थे। इसलिए, हमने मामला दर्ज किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बाद में अदालत में पेश किया, जहां से 24 अक्तूबर तक ऐसे 10 आरोपियों की पुलिस हिरासत को मंजूरी दे दी है।
Pune, Maharashtra: 10 Bangladeshi nationals, living illegally in Ranjangaon area, arrested by Police. Court sent them to Police custody till 24th October.
— ANI (@ANI) October 23, 2024
(Pic: Pune Rural Police) https://t.co/2Ts1Biuc0F pic.twitter.com/27Cejkaj9i
उन्होंने कहा, ' हम पता लगा रहे हैं कि वे भारत में कितने समय से रह रहे हैं। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि वे छह महीने से लेकर 10 साल तक इस देश में रहे हैं। हम यह पता लगा रहे हैं कि इस देश में रहने का उनका मकसद क्या है। उनमें से कई श्रमिक गतिविधियों में लिप्त हैं और उन्हें दैनिक मजदूरी के आधार पर भुगतान किया जा रहा है। इसलिए, उनकी वास्तविक स्थिति क्या है, इस पर टिप्पणी करना बहुत जल्दबाजी है। लेकिन जांच के 2-3 दिनों में हम यह पता लगाने की स्थिति में होंगे कि इस देश में रहने का उनका मकसद क्या था। हमने एक खास मामले में मतदाता पहचान पत्र जैसे दस्तावेज जब्त किए और इसके अलावा कई लोगों के पास आधार कार्ड तथा पैन कार्ड हैं। हम इस पहलू की भी जांच कर रहे हैं कि क्या कोई संगठित रैकेट है या कोई एजेंट है जो बांग्लादेशी नागरिकों को हमारे देश में ला रहा है।'
मुंबई के मलाड से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां 19 वर्षीय लड़की ने ऊंची इमारत से कूदकर जान दे दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार दोपहर यहां मलाड (पश्चिम) इलाके में एक 19 वर्षीय लड़की ने एक ऊंची इमारत से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि लड़की ने दोपहर करीब 1.30 बजे एसवी रोड स्थित ट्रायम्फ टॉवर की 23वीं मंजिल से छलांग लगा दी। वह घनश्यामदास सराफ कॉलेज में बीबीए की द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आगे की जांच जारी है।
ठाणे जिले के भिवंडी कस्बे में शराब खरीदने के लिए रुपये नहीं मिलने पर 22 वर्षीय एक व्यक्ति ने मंगलवार को अपने ससुर के घर में कथित तौर पर आग लगा दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर अहमद दिलावर खान नाम के व्यक्ति के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि आरोपी को एक दिन पहले हथियार के साथ पकड़ा गया था, लेकिन स्थानीय अदालत ने उसे जमानत दे दी थी।
अजीत रानाडे ही रहेंगे गोखले संस्थान के कुलपति पद
पुणे स्थित गोखले इंस्टीट्यूट ऑफ पॉलिटिक्स एंड इकोनॉमिक्स (जीआईपीई) के नवनियुक्त कुलाधिपति संजीव सान्याल ने मंगलवार को संस्थान के कुलपति पद से डॉ. अजीत रानाडे को हटाने का आदेश वापस ले लिया। बता दें कि प्रसिद्ध अर्थशास्त्री रानाडे को 14 सितंबर को तत्कालीन कुलाधिपति बिबेक देबरॉय ने पद से हटा दिया था, जिसके बाद रानाडे ने इस फैसले को चुनौती देते हुए बॉम्बे उच्च न्यायालय का रुख किया और स्थगन आदेश हासिल किया।
ठाणे हिट एंड रन मामले का आरोपी गिरफ्तार
मुंबई के ठाणे में सोमवार को हिट एंड रन मामले में फरार आरोपी को नौपाड़ा पुलिस ने मंगलवार को एक व्यक्ति को मर्सिडीज कार से हुई टक्कर के मामले में गिरफ्तार किया है। इस टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। अधिकारी ने बताया कि 27 वर्षीय अभिजीत सुरेश नायर ने 24 घंटे तक फरार रहने के बाद आत्मसमर्पण कर दिया।
नशे में था ड्राइवर
अधिकारी ने बताया कि टक्कर में दर्शन शशिधर हेगड़े (21) स्कूटर पर थे। तभी नायर द्वारा चलाई जा रही कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। नायर कथित तौर पर नशे में था। इसके बाद नायर अपनी सेकेंड हैंड मर्सिडीज छोड़कर टैक्सी लेकर मौके से भाग गया। इंजीनियर बनने की इच्छा रखने वाले बीएससी के छात्र हेगड़े को गंभीर चोटें आईं और कलवे के छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
एंटीलिया बम धमकी मामले के आरोपी वाजे को मिली जमानत
बॉम्बे हाईकोर्ट ने एंटीलिया बम धमकी मामले में आरोपी और महाराष्ट्र पुलिस के बर्खास्त अधिकारी सचिन वाजे को भ्रष्टाचार के एक मामले में मंगलवार को जमानत दे दी। इसी मामले में महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख भी आरोपी हैं। हालांकि, जमानत मिलने के बाद भी वाजे जेल से रिहा नही होंगे क्योंकि वह भ्रष्टाचार के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी की हिरासत में है।
दक्षिण पुणे के निवासियों की चेतावनी- मांग पूरी नहीं हुई तो करेंगे चुनाव का बहिष्कार
#WATCH | Maharashtra Assembly Polls | Residents of South Pune, take a bold stance, warning the EC that they will boycott the polls unless their demands are met on the civic amenities. pic.twitter.com/uOMuFsDOuY
— ANI (@ANI) October 23, 2024
एक स्थानीय निवासी ने कहा, 'मुझे लगता है कि पानी मांगना नागरिकों का वैध अधिकार है। हम सबसे अधिक करों का भुगतान कर रहे हैं और हालांकि अब हम 2017 से पीएमसी के तहत हैं, पानी एक बुनियादी आवश्यकता है। हम बहुत स्पष्ट हैं, कोई पानी नहीं, कोई कर नहीं, कोई वोट नहीं क्योंकि लोग हर पांच साल में हमारे पास आ जाते हैं। वादे करते हैं, लेकिन पिछले दो दशकों से चीजें जस की तस बनी हुई हैं। अब इतने साल हो गए हैं। मुझे लगता है कि अब आम आदमी को सड़क पर आना होगा और अपने अधिकारों के लिए लड़ना होगा।'