Maharashtra News: नागपुर में प्रेम प्रसंग में हत्या; शिंदे बोले- ठाकरे का बयान महाराष्ट्र की संस्कृति नहीं
नागपुर में प्रेम प्रसंग में एक रिक्शा चालक की हत्या कर दी गई। उद्धव ठाकरे के गृहमंत्री अमित शाह को लेकर दिए बयान पर सीएम शिंदे ने कहा है कि ऐसे बयान महाराष्ट्र की संस्कृति का हिस्सा नहीं हैं।
विस्तार
नागपुर में प्रेम प्रसंग मे एक रिक्शा चालक की हत्या, दो गिरफ्तार
नागपुर के बुटीबोरी में प्रेम प्रसंग में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि संतोष मनोहर चुन्ने का एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था और महिला का कथित तौर पर एक दूसरे व्यक्ति से भी संबंध था। इस बीच महिला ने अपने साथी के साथ मिलकर चुन्ने की हत्या कर दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना रविवार सुबह मोहगांव गांव में हुई थी। फिलहाल सोमवार को मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
शिंदे ने अमित शाह को लेकर की गई टिप्पणी पर उद्धव पर निशाना साधा
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़नवीस की आलोचना करने पर शिवसेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे पर निशाना साधा। शिंदे ने कहा कि फड़नवीस की आलोचना करने वाले अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। सोमवार को शिवसेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे पर कटाक्ष किया और कहा कि डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़नवीस की आलोचना करने वाले अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं।
ठाकरे द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को अफगान राजा अहमद शाह अब्दाली का राजनीतिक वंशज कहने के बारे में जब शिंदे से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ऐसे बयान "महाराष्ट्र की संस्कृति" का हिस्सा नहीं हैं।
अजित पवार ने बारामती विधानसभा क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों से इस्तीफा देने के लिए कहा
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने सोमवार को बारामती विधानसभा क्षेत्र के अपने पार्टी पदाधिकारियों से इस्तीफा देने के लिए कहा है। पवार ने कहा कि वह निराशाजनक लोकसभा परिणाम की पृष्ठभूमि में संगठनात्मक ढांचे में बदलाव करना चाहते हैं।
पवार की पत्नी सुनेत्रा बारामती से मौजूदा सांसद सुप्रिया सुले से लोकसभा चुनाव हार गईं।
बारामती में पार्टी के एक कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा, ''लोकसभा चुनाव के दौरान बारामती विधानसभा क्षेत्र के कई बूथों पर हमें कमी नजर आई। बूथ समितियों के प्रमुखों की भी कहीं न कहीं कमी थी। इसे देखते हुए हमें बदलाव की जरूरत है। बूथ समितियां के साथ मिलकर जल्द ही हम बदलवा करेंगे।”
नागपुर में ‘बाइक निवेश धोखाधड़ी’ के आरोप में UP के तीन लोग गिरफ्तार
नागपुर पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने 4.5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी में कथित संलिप्तता के लिए उत्तर प्रदेश के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि तीनों आरोपियों की पहचान संजय रतन सिंह भाटी, राजेश शंकरलाल शर्मा और करणपाल सिंह कहारी सिंह के रूप में हुई है।
राज ठाकरे ने महाराष्ट्र-मणिपुर टिप्पणी पर शरद पवार की निंदा की
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा-शरदचंद्र पवार) के सुप्रीमो शरद पवार के उस बयान की आलोचना की है, जिसमें उन्होंने राज्य में मणिपुर जैसी अशांति फैलने की आशंका जताई थी।
ठाकरे ने पवार की टिप्पणियों के बारे में पूछे जाने पर कहा, “वह (शरद पवार) महाराष्ट्र में आखिर क्या चाहते हैं? क्या वह यहां मणिपुर जैसे हालात चाहते हैं? उन्हें महाराष्ट्र को दूसरा मणिपुर बनने से बचाने में भूमिका निभानी होगी।''
महाराष्ट्र: हथौड़े से हत्या करने के आरोप में दो मूक-बधिर व्यक्ति गिरफ्तार
मुंबई में पुलिस ने एक व्यक्ति की हत्या करने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों आरोपी मूक-बाधिर हैं जबकि मृतक भी मूक-बाधिर था। अधिकारी ने बताया कि चार घंटे के अंदर ही मामले का खुलासा कर दिया गया।