फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   maharashtra update mumbai thane pune crime politics education event and other news in hindi

Maharashtra Updates: नासिक में दो छात्रों ने की साथी की हत्या, किरीट सोमैया बोले- मस्जिदों से हटे लाउडस्पीकर

Sun, 03 Aug 2025 11:10 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: नितिन गौतम Updated Sun, 03 Aug 2025 11:10 PM IST
विज्ञापन
maharashtra update mumbai thane pune crime politics education event and other news in hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

महाराष्ट्र के नासिक शहर में 16 वर्षीय छात्र की उसके ही दो सहपाठियों ने कोचिंग सेंटर में पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, मृतक यशराज तुकाराम गंगुर्डे का 31 जुलाई को स्कूल में सीटिंग अरेंजमेंट को लेकर दोनों आरोपियों से विवाद हुआ था, जो उस वक्त सुलझ गया था। लेकिन शनिवार रात को कोचिंग सेंटर में मिलने पर विवाद दोबारा बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने उसे लात-घूंसों से पीटा, जिससे वह बेहोश हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन


किरीट सोमैया ने  मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने की मांग की
भाजपा नेता और पूर्व सांसद किरिट सोमैया ने रविवार को पुणे के विश्रामबाग पुलिस स्टेशन में अधिकारियों से मुलाकात कर मस्जिदों पर लगे अवैध लाउडस्पीकर हटाने की मांग की। सोमैया ने कहा कि मुंबई में लाउडस्पीकर हटाने की कार्रवाई के बाद अब पुणे में भी यही प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए। उन्होंने पुलिस आयुक्त और अन्य थानों को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि विश्रामबाग क्षेत्र में करीब 14 मस्जिदें हैं जहां से ध्वनि प्रदूषण हो रहा है। सोमैया ने मुंबई में हुई कार्रवाई के उदाहरण भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और बॉम्बे हाईकोर्ट की सिफारिशों के अनुरूप है।
विज्ञापन



बिना टिकट पकड़े गए यात्री ने टिकट परीक्षक के कार्यालय में की तोड़फोड़
मुंबई में एक लोकल ट्रेन से उतरे चार यात्रियों में से एक बिना टिकट पकड़ा गया, जिसके बाद यात्री ने हंगामा कर दिया और टिकट परीक्षक के कार्यालय में तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं यात्री ने रेलवे कर्मचारियों पर भी हमला कर दिया। यह घटना शनिवार दोपहर मुंबई के बोरीवली रेलवे स्टेशन पर हुई, जिसका एक वीडियो वायरल हुआ है। दरअसल, ये चार यात्री दादर से विरार जा रही लोकल ट्रेन में सफर कर रहे थे। तीन लोगों के पास सेकंड क्लास का टिकट था, लेकिन वे फर्स्ट क्लास डिब्बे में बैठे थे। एक यात्री के पास कोई टिकट नहीं था। इसलिए उन्हें ट्रेन से उतरने के लिए कहा गया। जब उन्हें टिकट परीक्षक (टीटीई) के ऑफिस में ले जाया गया, तब एक यात्री गुस्से में चिल्लाने लगा और कंप्यूटर का कीबोर्ड, मॉनिटर वगैरह तोड़ने लगा। वीडियो में दिख रहा है कि रेलवे कर्मचारी उसे रोकने की कोशिश कर रहे हैं। उस यात्री ने एक टिकट परीक्षक पर हमला भी किया और वहां वीडियो बना रहे लोगों को धमकाया। एक महिला सह-यात्री बहुत डर गई और रोने लगी। इस झगड़े में रेलवे कर्मचारी और कुछ यात्री घायल हो गए। उन्हें इलाज दिया गया और बाद में उस गुस्सैल यात्री को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


युवेंद्र पवार की सगाई में दिखी पवार परिवार की एकजुटता 
मुंबई में रविवार को शरद पवार के भतीजे युवेंद्र पवार की सगाई के मौके पर पवार परिवार के सभी प्रमुख सदस्य एक साथ नजर आए। यह समारोह युवेंद्र की मंगेतर तनीष्का कुलकर्णी के घर पर आयोजित किया गया। युवेंद्र, डिप्टी सीएम अजित पवार के छोटे भाई श्रीनिवास पवार के बेटे हैं। सगाई में एनसीपी (शरद पवार गुट) प्रमुख शरद पवार, अजित पवार, सुप्रिया सुले, उनके पति और बच्चे शामिल हुए। साल 2023 में अजित पवार द्वारा बीजेपी सरकार में शामिल होने के बाद पारिवारिक रिश्तों को लेकर कई सवाल उठे थे, लेकिन यह समारोह उन मतभेदों के बावजूद रिश्तों की मजबूती को दर्शाता है। 2024 के विधानसभा चुनाव में युवेंद्र को अपने ही चाचा अजित पवार से बारामती सीट पर हार का सामना करना पड़ा था, वहीं लोकसभा चुनाव में अजित पवार की पत्नी सुनेत्री पवार को सुप्रिया सुले ने हराया था। इसके बावजूद पारिवारिक रिश्तों की गर्माहट इस समारोह में साफ नजर आई।

राज ठाकरे के भाषण के बाद नवी मुंबई में डांस बार में तोड़फोड़, एमएनएस के 15 कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज
 महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के कार्यकर्ताओं ने शनिवार देर रात नवी मुंबई के पनवेल इलाके में एक डांस बार में जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस के अनुसार, यह घटना उस वक्त हुई जब कुछ लोगों ने नाइट राइडर्स बार में घुसकर फर्नीचर और शराब की बोतलें तोड़ दीं और बार की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें साफ देखा जा सकता है कि कुछ लोग बार में जबरन घुसकर उत्पात मचा रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में एमएनएस के पदाधिकारी योगेश चिले सहित 15 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। यह घटना उस भाषण के कुछ घंटे बाद हुई जब एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे ने रायगढ़ में एक रैली में छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमि पर डांस बार के संचालन की निंदा की थी। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।

ठाणे में कासेली क्रीक में कूदा 53 वर्षीय व्यक्ति, तलाश अभियान जारी
ठाणे जिले के कासेली क्रीक में रविवार सुबह एक व्यक्ति ने पुल से छलांग लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान 53 वर्षीय राजेशकुमार कैलाशनाथ दुबे के रूप में हुई है। यह घटना सुबह करीब 8 बजे की है, जिसकी जानकारी ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रमुख यासीन तडवी ने दी। घटना के बाद पुलिस, दमकल विभाग और राहत दल मौके पर पहुंच चुके हैं। तलाशी के लिए एक बस, फायर इंजन और रेस्क्यू बोट तैनात की गई है। हालांकि कीचड़भरी जमीन, गंदा पानी और ज्वार-भाटा के चलते तलाशी अभियान में दिक्कतें आ रही हैं। नारपोली पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, लेकिन आशंका है कि दुबे ने खुद छलांग लगाई। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

पुणे कार दुर्घटना के आरोपी को 3 दिनों की जमानत
बॉम्बे हाईकोर्ट ने पुणे पोर्श कार दुर्घटना मामले में एक आरोपी को पिता के निधन पर तीन दिनों की अस्थायी जमानत दे दी है। न्यायमूर्ति अश्विन भोबे ने शुक्रवार को आदित्य अविनाश सूद को 2 से 5 अगस्त तक जमानत दे दी। मामला 19 मई 2024 का है। पुणे के कल्याणी नगर में कार सवारों ने बाइक सवार दो आईटी पेशेवरों को कुचला था। आदित्य सूद उन 10 लोगों में शामिल था, जिन्हें नाबालिग चालक के अल्कोहल टेस्ट को रद्द करने के लिए खून के नमूनों की अदला-बदली के मामले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार आदित्य के खून के नमूने उनके पिता के खून के नमूनों से बदले गए थे।

मनसे कार्यकर्ताओं ने नवी मुंबई के डांस बार में तोड़फोड़ की

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ताओं ने नवी मुंबई स्थित एक डांस बार पर हमला किया और परिसर में तोड़फोड़ की। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार देर रात पनवेल में हुई।

उन्होंने बताया कि मनसे कार्यकर्ताओं के एक समूह ने पनवेल के बाहरी इलाके में स्थित नाइट राइडर्स बार में घुसकर कथित तौर पर फर्नीचर में तोड़फोड़ की, शराब की बोतलें तोड़ीं और संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया। हमले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें टूटी हुई मेजें, टूटे हुए शीशे और बार के अंदरूनी हिस्से में तोड़फोड़ दिखाई दे रही है।

मनसे के एक पदाधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, 'छत्रपति शिवाजी महाराज की पवित्र भूमि पर डांस बार के लिए कोई जगह नहीं है। हम पनवेल या राज्य में कहीं और इस तरह की अश्लीलता को पनपने नहीं देंगे।' एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पनवेल पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि हम सीसीटीवी फुटेज एकत्र कर रहे हैं और गवाहों के बयान ले रहे हैं। कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।

ठाणे में निर्माण स्थल पर करंट लगने से मजदूर की मौत, दो ठेकेदारों पर मामला दर्ज

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक निर्माण स्थल पर करंट लगने से 34 वर्षीय एक मजदूर की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 30 जुलाई को गोवेगांव में हुई इस घटना के संबंध में ठेकेदार मनोज दिलीप पाटिल और मुरली यादव के खिलाफ धारा 106(1) (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित नारायण युगेश्वर कामत उर्फ चौधरी को बिजली के तार के संपर्क में आने से बिजली का झटका लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई ने पुलिस में दर्ज अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि निर्माण स्थल पर मजदूरों के लिए कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी। इस मामले में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

सनातन धर्म वाले बयान जितेंद्र आव्हाड के बयान पर शिवसेना की कड़ी प्रतिक्रिया
एनसीपी-एससीपी के विधायक जितेंद्र आव्हाड के सनातन धर्म पर दिए गए बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस पर शिवसेना नेता शाइना एनसी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आजकल विपक्ष का सनातन धर्म पर हमला करना फैशन बन गया है। जितेंद्र आव्हाड का यह कहना कि सनातन धर्म हिंदू धर्म से अलग है और विकृत विचारधारा है, उनकी अज्ञानता और अशिक्षा को दर्शाता है। शाइना ने कहा कि ऐसे बयान जातीय भेदभाव और सामाजिक विभाजन को बढ़ावा देने वाले हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है और इसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed