महाराष्ट्र : मुंबई की एक अदालत ने सचिन वाजे की नजरबंदी याचिका की खारिज, पढ़ें देश की महत्वपूर्ण खबरें
आरोपी पूर्व पुलिस अधिकारी सचिन वाजे ने दिल के ऑपरेशन के बाद जेल भेजे जाने के बजाय घर में ही हिरासत में रखे जाने की अपील की थी। वाजे की हाल ही में ओपन हार्ट सर्जरी हुई है। वाजे और नौ अन्य आरोपी इस वक्त न्यायिक हिरासत में हैं।
विस्तार
मुंबई की एक अदालत ने एंटीलिया मामले के आरोपी पूर्व पुलिस अधिकारी सचिन वाजे की उनके घर में नजरबंद किये जाने की अर्जी बुधवार को खारिज कर दी। वाजे ने दिल के ऑपरेशन के बाद जेल भेजे जाने के बजाय घर में ही हिरासत में रखे जाने की अपील की थी। वाजे की हाल ही में ओपन हार्ट सर्जरी हुई है।
वाजे के वकील ने पिछले हफ्ते विशेष एनआईए अदालत में अर्जी दी थी। एनआईए ने इसका विरोध करते कहा कि अगर इन्हें घर में रहने की इजाजत दी गई तो इस बात का पूरा खतरा है कि वह कभी भी भाग सकता है। जज एटी वानखेड़े ने वाजे की अर्जी खारिज करते हुए उसे तलोजा जेल भेने का निर्देश दिया। हालांकि इस दौरान उसे घर का खाना देने और नियमित रूप से जेजे अस्पताल में चेकअप के लिए ले जाने का निर्देश दिया। वाजे और नौ अन्य आरोपी इस वक्त न्यायिक हिरासत में हैं। आइए जानते हैं देश की अन्य महत्वपूर्ण खबरें...
कानपुर से दिल्ली समेत चार शहरों के लिए इंडिगो की उड़ानें 31 अक्तूबर से
विमानन कंपनी इंडिगो कानपुर से दिल्ली समेत चार शहरों के लिए सीध उड़ाने 31 अक्तूबर से शुरू करेगा। इंडिगो के नेटवर्क में जुड़ने वाला कानपुर 71वां शहर होगा। कंपनी ने बताया कि कानपुर दिल्ली के बीच पहली उड़ान 31 अक्तूबर और कानपुर से मुंबई, हैदराबाद और बंगलूरू की सीधी उड़ान 1 नवंबर से शुरू होगी। उधर, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट कर बताया कि 31 अक्तूबर से दिल्ली-भोपाल के बीच इंडिगो की उड़ान शुरू होगी।
महाराष्ट्र में पुलिस कोरोना शहीदों के परिजनों के लिए 138 करोड़ की सहायता मंजूर
महाराष्ट्र सरकार ने कोरोना महामारी में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए पुलिस अधिकारियों और अन्य स्टाफ सदस्यों के परिवारों के लिए 138 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता को मंजूरी दी। नागपुर निवासी संजय थुल ने आरटीआई के तहत पुलिस बल में कोरोना से हुई मौतों की कुल संख्या और मृतकों के परिवारों को सरकार की ओर से दी गई सहायता के बारे में विवरण मांगा था।
आरटीआई के जरिये मिली जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र पुलिस के 370 अधिकारी/स्टाफ सदस्य (मुंबई को छोड़कर) और मुंबई पुलिस के 123 कर्मी इस साल 14 सितंबर तक कोरोना महामारी में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए। राज्य सरकार ने ऐसे 277 राज्य पुलिस अधिकारियों / कर्मचारियों (मुंबई को छोड़कर) के परिवारों के लिए 138.50 करोड़ रुपये और 106 मुंबई पुलिस अधिकारियों / कर्मचारियों के परिजनों के लिए 53 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता को मंजूरी दी।
अलाप्पुझा में नर्स पर हमला करने वाले दो बाइक सवार गिरफ्तार
अलाप्पुझा में ड्यूटी के बाद घर लौट रही महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता पर हमला करने वाले दो बाइक सवार हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया, हमलावरों को कोल्लम से चावरा थाने के अधिकारियों ने वहां दर्ज एक स्नैचिंग मामले के संबंध में गिरफ्तार किया। पूछताछ में यह पता चला कि वे दोनों नर्स पर हुए हमले में भी शामिल थे।
उन्होंने बताया कि दोनों के खिलाफ राज्य के कई पुलिस स्टेशनों में इसी तरह के कई मामले दर्ज किए गए हैं। वे स्नैचिंग के कई मामलों और पोक्सो मामले में भी आरोपी थे। केरल हाईकोर्ट ने इस घटना के बाद 22 सितंबर को पुलिस को निर्देश दिया था कि वह नर्स की तरह ही राज्य के अन्य कोरोना योद्धाओं की रक्षा पर ज्यादा ध्यान दे।
शेरों की लड़ाई में तीन महीने के शावक की मौत
गिर जगंल में सितंबर के दौरान यह छठी घटना
गिर वन क्षेत्र में इस महीने शेरों की मौत की यह छठी घटना है। उन्होंने बताया कि बेदिया गांव के लोगों ने शव के बारे में वन विभाग को सूचना दी थी, शव के पास शेर के पैरों के निशान मिले थे। बाद में जांच के दौरान पता चला कि शावक को शेरों ने ही मारा था। वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दो सितंबर को गिर-पश्चिम मंडल में जामवाला रेंज से 12 वर्षीय शेरनी का शव बरामद किया गया था।
ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के आरोप में 23 लोग गिरफ्तार
हैदराबाद में आईपीएल क्रिकेट मैचों के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी में शामिल 23 लोगों को गिरफ्तार किया गया। साइबराबाद पुलिस आयुक्त एम स्टीफन रवींद्र ने बुधवार को बताया, पुलिस ने मंगलवार को सात जगहों पर सट्टेबाजी की सूचना के आधार पर इन सटोरियों को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि सटोरियों के पास से 2.21 लाख रुपये के सट्टेबाजी के बोर्ड, लैपटॉप, मोबाइल फोन, टीवी सहित अन्य सामग्री और 93 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं। पकड़ा गया मुख्य सट्टेबाज महा आंध्र प्रदेश का निवासी है और यह लंबे समय से फरार था। सट्टेबाजी का यह रेकेट तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से चलाया जा रहा था।
मुंबई में बनाया जाएगा युद्ध स्मारक और सैन्य संग्रहालय
स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव वर्ष में देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में युद्ध स्मारक और सैन्य संग्रहालय बनाया जाएगा। जहां सैनिकों के पराक्रम की यशोगाथा, उनके युद्ध कौशल का गौरवशाली इतिहास, विभिन्न युद्धों और युद्ध में इस्तेमाल हुए अस्त्र-शस्त्रों के अलावा छत्रपति शिवाजी महाराज के सैन्य कौशल की भी जानकारी मिलेगी। साथ ही, यह भारतीय स्वतंत्रता के इतिहास से भी परिचित कराएगा।
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बुधवार को सेना के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद विभागीय अधिकारियों को सैन्य संग्रहालय के लिए मुंबई में जगह सुनिश्चित करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा, भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में इस स्मारक सह संग्रहालय का निर्माण कराया जाएगा जिसका कुछ हिस्सा अगले साल 15 अगस्त तक आम जनता के लिए उपलब्ध होगा।
एनएचआरसी ने कहा- सफाईकर्मियों की मौत पर तय हो जवाबदेही
कोच्चि तट पर फिलीपीनी नाविक को नौसेना ने बचाया
नौसेना ने कोच्चि तट पर एक व्यापारिक जहाज के फिलीपीनी नाविक को हेलिकॉप्टर के जरिये सुरक्षित बचाया। जहाज एमवी लिरिक पोएट के मुख्य अधिकारी माइकल जॉन अबेगर को मंगलवार को दक्षिणी नौसेना कमान द्वारा एक एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर से सुरक्षित बचाया गया। यह जहाज जिब्राल्टर से माचोंग जा रहा था। नौसेना के प्रवक्ता ने कहा कि फिलीपीन के नागरिक को बचाने के लिए आईएनएस गरुड़ से तत्काल एएलएच को रवाना किया गया।
आशंका है कि कोरोना वायरस से संक्रमित होने के चलते अबेगर की हालत तेजी से बिगड़ने लगी थी। हेलिकॉप्टर के चालक दल ने खराब मौसम के बावजूद मिशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया और अबेगर को आईएनएस गरुड़ पर लाए। इसके बाद उन्हें नौसेना अस्पताल आईएनएचएस संजीवनी में भर्ती कराया गया।