महाराष्ट्र Update: कांग्रेस-एनसीपी की बैठक कल, उद्धव ठाकरे ने 22 को बुलाई बैठक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महाराष्ट्र के राजनीतिक समीकरण पल-पल बदल रहे हैं। मंगलवार सुबह शिवसेना के प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि राज्य में शिवसेना ही सरकार बनाएगी। वहीं एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने यह कहकर सस्पेंस बढ़ा दिया कि जिन्हें सरकार बनानी है उन्हीं से पूछ लो। अब खबर है कि राज्य में सरकार बनाने को लेकर आज या कल में कांग्रेस और एनसीपी के बीच बैठक हो सकती है। जिसमें न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर सहमति बन सकती है। वहीं सोनिया गांधी के घर कांग्रेस के प्रमुख नेताओं की बैठक हुई। अबतक का अपडेट--
सरकार गठन को लेकर कल मुंबई में होगा फैसला
महाराट्र में सरकार गठन को लेकर मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, 'कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) ने आज चर्चा की और निर्णय लिया कि आगे क्या कदम उठाने की जरूरत है। हम अब बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार कदम उठाएंगे।' वहीं केसी वेणुगोपाल ने सीडब्ल्यूसी की बैठक को लेकर कहा, 'हमने सीडब्ल्यूसी के सदस्यों को महाराष्ट्र की नवीनतम राजनीतिक स्थिति से अवगत कराया है। आज कांग्रेस-एनसीपी की बैठक जारी रहेगी। मुझे लगता है कि कल मुंबई में शायद हमारा फैसला होगा।'
सोनिया गांधी के घर पर बैठक
दिल्ली में केसी वेणुगोपाल, अधीर रंजन चौधरी, अंबिका सोनी, अहमद पटेल, एके एंटनी और अन्य कांग्रेस नेता कांग्रेस कार्य समिति की बैठक के लिए 10 जनपथ (पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के निवास) पर पहुंचे।
कांग्रेस-एनसीपी नेताओं की बुधवार को बैठक
कांग्रेस-एनसीपी नेताओं की बुधवार को दिल्ली में बैठक होगी। बैठक में एनसीपी प्रमुख शरद पवार, प्रफुल्ल पटेल, अजित पवार और कांग्रेस की ओर से अहमद पटेल, मल्लिकार्जुन खड़गे, पृथ्वीराज चव्हाण, अशोक चव्हाण शामिल होंगे।उद्धव ठाकरे ने बुलाई बैठक
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने 22 नवंबर को अपने आवास मातोश्री पर पार्टी विधायकों की बैठक बुलाई।वीर सावरकर को भारत रत्न पर बोले राउत
वीर सावरकर को भारत रत्न देने के सवाल पर संजय राउत ने कहा- हमने हमेशा इसका समर्थन किया है।Sanjay Raut, Shiv Sena on demand for conferring Bharat Ratna to VD Savarkar: We have always supported this. pic.twitter.com/K1Imj50T9S
— ANI (@ANI) November 19, 2019
एनसीपी और कांग्रेस के बीच होगी बैठक
सूत्रों ने बताया है कि एक या दो दिनों में कांग्रेस और एनसीपी के नेता न्यूनतम साझा कार्यक्रम को अंतिम आकार देने के लिए दिल्ली में मुलाकात करेंगे। शिवसेना के साथ चर्चा से पहले दोनों पक्षों के शीर्ष नेतृत्व द्वारा इस पर अंतिम मसौदा तैयार किया जाएगा।
सरकार बनेगी और सदन में 170 का बहुमत होगा: संजय राउत
राउत से जब पवार के बयान को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह गलत क्या बोल रहे हैं, सरकार शिवसेना ही बनाएगी। उन्होंने कहा, 'हमारी सरकार बनेगी और सदन में 170 का बहुमत होगा। शिवसेना बड़ी पार्टी है, महाराष्ट्र में हम सरकार बनाने जा रहे हैं, हमें किसी की मध्यस्थता की जरूरत नहीं है। सरकार बनेगी, सरकार का नेतृत्व शिवसेना करेगी।' शरद पवार को लेकर उन्होंने कहा कि शरद पवार को समझने में कई जन्म लग जाएंगे। राउत ने कहा कि हम किसानों के मसले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे, ये मुलाकात शरद पवार की अगुवाई में ही होगी।
जिंदगी में कुछ पाना हो तो तरीके बदलो
शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत रोजोना महाराष्ट्र की राजनीति को लेकर ट्वीट करते रहते हैं। मंगलवार को उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, 'अगर जिंदगी में कुछ पाना हो तो तरीके बदलो इरादे नहीं। जय महाराष्ट्र।' उनका ट्वीट इस बात का संकेत दे रहा है कि शिवसेना राज्य में सरकार बनाने के लिए हर तरह के विकल्पों पर विचार करने के लिए तैयार है।
शिवसेना ने ‘कृतघ्न’ भाजपा की तुलना मोहम्मद गोरी के ‘विश्वासघात’ से की
शिवसेना ने भाजपा की तुलना 13वीं सदी के हमलावर मोहम्मद गोरी से की जिसने पृथ्वीराज चौहान की हत्या कर दी थी जबकि चौहान ने कई बार उसकी जान बख्श दी थी। अपने मुखपत्र ‘सामना’ में तल्ख तेवरों में लिखे संपादकीय में शिवसेना ने कहा कि वह भाजपा को उखाड़ फेंकेंगी जिसने उसे चुनौती देने का साहस किया है। उसने यह भी दावा किया कि सत्तारूढ दल के ‘नेता बच्चे थे’ जब शिवसेना के सहयोग से एनडीए बना था ।
शिवसेना ने संपादकीय में लिखा, ‘मोहम्मद गोरी ने भारत में इस्लामी शासन की नींव रखी ओर हिंदू शासक पृथ्वीराज चौहान से कई युद्ध लड़े। हार के बाद हमेशा चौहान ने उसे बख्श दिया लेकिन जब गोरी ने युद्ध जीता तो उसे पृथ्वीराज चौहान को मार डाला।’
सोनिया से मिले पवार, सरकार गठन पर असमंजस बरकरार
शरद पवार और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की सोमवार शाम को हुई मुलाकात के बाद भी महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर असमंजस दूर नहीं हो सका। काफी अहम मानी जा रही बैठक के बाद पवार ने कहा, सोनिया के साथ राज्य के हालात पर चर्चा हुई लेकिन सरकार गठन पर बात नहीं हुई। उनके इस बयान को शिवसेना के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। दरअसल, सीएम पद को लेकर भाजपा से रिश्ता तोड़ा चुकी शिवसेना इन दोनों दलों के साथ सरकार बनाने की कोशिशों में जुटी हुई है।
कांग्रेस अध्यक्ष से करीब 50 मिनट चली बैठक के बाद पवार ने कहा कि हमने उन्हें राज्य के हालात की जानकारी दी, लेकिन किसी के साथ मिलकर सरकार बनाने पर बात नहीं हुई। हम हालात पर नजर रखे हैं और तय किया है कि एक-दो दिन में, दोनों दलों के प्रतिनिधि दिल्ली में बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे। पवार ने कहा, महाराष्ट्र में हमने सपा, स्वाभिमानी शेतकरी संगठन से भी समझौता किया था। अब उन्हें अनदेखा नहीं कर सकते। हमें सभी को विश्वास में लेना होगा।
इस बयान से बढ़ाया सस्पेंस
इससे पहले सोमवार को पवार ने यह कहकर सस्पेंस बढ़ा दिया था कि भाजपा और शिवसेना मिलकर चुनाव लड़े थे, ऐसे में उन्हीं से पूछा जाना चाहिए कि वे सरकार बनाने को लेकर क्या कर रहे हैं।