{"_id":"5b99dbab867a557f180c3f44","slug":"maharashtra-kolhapur-woman-second-time-delivered-baby-in-train","type":"story","status":"publish","title_hn":"महाराष्ट्र: महिला ने दूसरी बार ट्रेन में दिया बच्चे को जन्म, 2 साल में पैदा हुए तीन बच्चे","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
महाराष्ट्र: महिला ने दूसरी बार ट्रेन में दिया बच्चे को जन्म, 2 साल में पैदा हुए तीन बच्चे
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
Updated Thu, 13 Sep 2018 09:08 AM IST
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
महाराष्ट्र के कोल्हापुर की रहने वाली एक महिला ने ट्रेन में ही एक बच्चे को जन्म दे दिया, जिसके बाद जच्चा-बच्चा दोनों को रायबाग स्टेशन से एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल मां-बेटे दोनों स्वस्थ हैं। महिला का ये तीसरा बच्चा है। उसका एक बेटा और एक बेटी पहले से हैं। हैरानी की बात तो ये है कि एक साल पहले इन दोनों बच्चों का जन्म भी ट्रेन में ही हुआ था।
विज्ञापन
दरअसल, यल्लवा मयूर गायकवाड़ (23) नाम की महिला अपनी ननद के साथ सोमवार की सुबह रायबाग जाने के लिए हरिप्रिया एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में बैठी। लेकिन रायबाग से 15 किलोमीटर पहले ही रास्ते में उसे प्रसव पीड़ा होने लगी। इस दौरान यात्रियों ने महिला की हालत देखकर अपनी-अपनी सीट छोड़ दी, जिसके बाद कोच के एक हिस्से को कपड़ों से ढंककर लेबर रूम बना दिया गया।
विज्ञापन
इस दौरान रेलकर्मियों को भी सूचना दी गई, जिसके बाद महिला का प्रसव होने तक ट्रेन को करीब डेढ़ घंटे तक रोक कर रखा गया। महिला का प्रसव उसकी ननद और ट्रेन में सफर कर रही एक अन्य महिला ने कराया। बच्चे के जन्म के बाद ट्रेन फिर से खुली और रायबाग स्टेशन पर रूकी, जहां महिला और उसके बच्चे को अस्पताल पहुंचाया गया।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, यल्लवा गायकवाड़ अपने पति और बच्चों के साथ कोल्हापुर में एक किराए के घर में रहती हैं। उनके पति वहीं पर मजदूरी का काम करते हैं जबकि वो खुद दूसरों के घरों में काम करती हैं। बता दें कि एक साल पहले भी यल्लवा ने महाराष्ट्र के बॉर्डर पर बने हातकणंगले रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन में दो बच्चों को जन्म दिया था।