{"_id":"626a2e9d6de4ad53c2477be5","slug":"maharashtra-innocent-daughter-of-rana-couple-recited-hanuman-chalisa-wishing-for-early-release-of-parents","type":"story","status":"publish","title_hn":"महाराष्ट्र: अब राणा दंपती की बेटी ने किया हनुमान चालीसा का पाठ, माता-पिता की जल्द रिहाई की कामना","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
महाराष्ट्र: अब राणा दंपती की बेटी ने किया हनुमान चालीसा का पाठ, माता-पिता की जल्द रिहाई की कामना
Thu, 28 Apr 2022 11:35 AM IST
सुरेंद्र जोशी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अमरावती
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अमरावती
Published by: सुरेंद्र जोशी
Updated Thu, 28 Apr 2022 11:35 AM IST
सार
अमरावती में राणा दंपती के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में आरोही ने कहा कि मेरे मम्मी और पापा को जल्द ही छोड़ दिया जाए इसलिए मैं प्रार्थना कर रही हूं।
विज्ञापन
सांसद नवनीत राणा व बेटी आरोही राणा
- फोटो : social media
विस्तार
महाराष्ट्र के हनुमान चालीसा विवाद में अब भावुकता का पुट आ गया है। जेल में बंद सांसद नवनीत राणा व विधायक रवि राणा की आठ साल की बेटी आरोही राणा ने अपने घर पर हनुमान चालीसा का पाठ किया और माता-पिता की रिहाई की कामना की।
विज्ञापन
अमरावती में राणा दंपती के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में आरोही ने कहा कि मेरे मम्मी और पापा को जल्द ही छोड़ दिया जाए इसलिए मैं प्रार्थना कर रही हूं।
कल होगी जमानत पर सुनवाई
सांसद नवनीत राणा और विधायक रवि राणा अभी मुंबई की जेल में बंद हैं। उनकी जमानत याचिका पर मुंबई की सेशंस कोर्ट में 29 अप्रैल को सुनवाई होगी। राणा दंपती ने पिछले हफ्ते सीएम उद्धव ठाकरे के मुंबई स्थित निज निवास 'मातोश्री' के बाहर हनुमान चालीसा पढ़ने का एलान किया था। इसके बाद शिवसेना समर्थकों व उनके समर्थकों के बीच बवाल हुआ था। राणा दंपती ने मातोश्री नहीं जाने की घोषणा भी की, लेकिन इस बीच मुंबई पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन पर शांति भंग करने, दो समुदायों में वैमनस्य फैलाने व राष्ट्रद्रोह की धाराएं लगाई गई हैं।
विज्ञापन
घर के खाने की गुहार
उधर, राणा दंपती ने जेल में घर से खाना बुलवाने की इजाजत के लिए एक अर्जी दाखिल की है। इस अर्जी पर भी सत्र न्यायालय शुक्रवार को विचार करेगा।
हिरासत में रहने के दौरान नवनीत राणा ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर थाने में दुर्व्यवहार करने व पीने का पानी तक नहीं देने व शौचालय नहीं जाने देने जैसे आरोप लगाए थे। इसके बाद में मुंबई के पुलिस कमिश्नर संजय पांडे ने एक वीडियो शेयर किया था। इसमें थाने के अंदर नवनीत राणा अपने पति रवि राणा संग चाय पीते नजर आए थे।
विज्ञापन
उधर, गृह मंत्रालय ने महाराष्ट्र सरकार से सांसद नवनीत राणा की गिरफ्तारी और खार थाने में अमानवीय व्यवहार के आरोपों के बारे में एक तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है। वहीं, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी विशेषाधिकार और आचार समिति को राणा की शिकायत जांच के लिए भेजी है।