BJP: 'महाराष्ट्र में सुशासन की जीत और विभाजनकारी ताकतों की हार हुई...', भाजपा मुख्यालय से PM मोदी का संबोधन
BJP: महाराष्ट्र में भाजपा-नीत महायुति की प्रचंड जीत के बाद पीएम मोदी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे। भाजपा मुख्यालय में पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में झूठ, छल, फरेब बुरी तरह हारा है। विभाजनकारी ताकते हारी हैं, नकारात्मक राजनीति की हार हुई है परिवारवाद की हार हुई है। आज महाराष्ट्र ने विकसित भारत के संकल्प को मजबूत किया है।
विस्तार
महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की भारी जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम भाजपा मुख्यालय पहुंचे। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि आज महाविजय का उत्सव है। महाराष्ट्र में सुशासन की जीत हुई है और विभाजनकारी नीतियों की हार हुई है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र ने विकसित भारत के संकल्प को मजबूत किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा, आज देश के अनेक राज्यों में उपचुनावों के भी नतीजे आए हैं और लोकसभा की हमारी एक सीट और बढ़ गई है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान ने भाजपा का जमकर समर्थन दिया है। असम के लोगों ने भाजपा पर एक बार फिर भरोसा जताया है। मध्य प्रदेश में भी हमें सफलता मिली है। बिहार में भी एनडीए का समर्थन बढ़ा है। यह दिखाता है कि देश अब सिर्फ और सिर्फ विकास चाहता है।
'महाराष्ट्र में विभाजनकारी ताकतों की हार हुई'
उन्होंने कहा, आज महाराष्ट्र में विकासवाद और सुशासन की जीत हुई है, महाराष्ट्र में सच्चे सामाजिक न्याय की विजय हुई है। वहीं, आज महाराष्ट्र में झूठ, छल, फरेब बुरी तरह हारा है। विभाजनकारी ताकतें हारी हैं, नकारात्मक राजनीति की पराजय हुई है, आज परिवारवाद की हार हुई है।
'जनता ने सुशासन के मॉडल पर जताया भरोसा'
मोदी ने कहा, महाराष्ट्र देश का छठा राज्य है, जिसने भाजपा को लगातार तीन बार जनादेश दे दिया है। इससे पहले गोवा, गुजरात, छत्तीसगढ़, हरियाणा और मध्य प्रदेश में हम लगातार तीन बार जीत चुके हैं। बिहार में एनडीए को तीन बार से ज्यादा जनादेश मिला है। साठ साल के बाद आपने मुझे तीसरी मौका दिया। ये जनता का हमारे सुशासन के मॉडल पर विश्वास है और विश्वास को बनाए रखने में हम कोई कोर कसर बाकी नहीं रखेंगे।
'झारखंड के विकास के लिए करेंगे हर प्रयास'
उन्होंने कहा, मैं झारखंड की जनता को भी नमन करता हूं। झारखंड के तेज विकास के लिए हम अब और ज्यादा मेहनत से काम करेंगे। इसमें भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता अपना हर प्रयास करेगा।
महामंत्र बन चुका 'एक हैं तो सेफ हैं' का नारा
हरियाणा के बाद महाराष्ट्र के चुनाव का भी सबसे बड़ा संदेश है- एकजुटता। एक हैं, तो सेफ हैं- ये आज देश का महामंत्र बन चुका है। उन्होंने कहा, कांग्रेस और उसके पारिस्थितिकी तंत्र (इकोसिस्टम) ने सोचा था कि संविधान के नाम पर झूठ बोलकर, आरक्षण के नाम पर झूठ बोलकर एससी/एसटी और ओबीसी को छोटे-छोटे समूहों में बांट देंगे। कांग्रेस और उसके साथियों की इस साजिश को महाराष्ट्र ने सिरे से खारिज कर दिया है। महाराष्ट्र ने डंके की चोट पर कहा है- एक हैं, तो सेफ।
अपने संबोधन में क्या बोले भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा
प्रधानमंत्री से पहले भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा ने पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित किया। नड्डा ने कहा, यह एक ऐतिहासिक और विशेष दिन है। आज महाराष्ट्र और देश के विभिन्न राज्यों के उपचुनावों में जनता ने जो संदेश दिया है, वह निश्चित रूप से जिस काम को पीएम मोदी ने देशवासियों की सेवा करने का संकल्प उठाया.. उस पर जनता ने फिर से मुहर लगा दी है।
'जनता को गुमराह करने वालों को मुंह की खानी पड़ी'
भाजपा प्रमुख ने कहा, आज के दिन महाराष्ट्र और उपचुनावों में मिली जीत और पिछले दिनों हरियाणा में मिली जीत ने यह तय कर दिया है कि जिस बात को पीएम मोदी ने रखा... गांव, गरीब, वंचित, पीड़ित, दलित, महिला, युवा, किसान... इनको मुख्यधारा में शामिल करके देश को आगे ले जाना है। इस पर जनता ने फिर से मुहर लगा दी है।उन्होंने कहा, यह चुनाव इस बात का भी संदेश देता है कि जो लोग समाज को बांटने में लगे थे, जो लोग लोगों को गुमराह करने में लगे थे, उनको मुंह की खानी पड़ी है और मोदी जी के विकासवाद को देश ने फिर से सराहा है।
संबंधित वीडियो-
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.