महाराष्ट्र: बांद्रा में पांच मंजिला इमारत धराशायी, नौ लोग घायल, जानिए पूरा मामला
महाराष्ट्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। मुंबई के बांद्रा (पूर्वी) के बेहराम नगर इलाके में पांच मंजिला इमारत धराशायी हो गई है। इसमें कम से कम पांच लोगों के फंसे होने की आशंका है। मौके पर दमकल की पांच गाड़ियां, एक बचाव वैन और छह एंबुलेंस भेजी गई हैं। बीएमसी ने इसकी जानकारी दी है।
बृहन्मुंबई नगर निगम के मुताबिक, मुंबई के बांद्रा में ढही इमारत से नौ घायलों को बचाया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। नगर निकाय के अधिकारियों ने बताया कि इमारत दोपहर 3.50 बजे के करीब धराशायी हुई। इस हादसे में एक 64 वर्षीय बुजुर्ग और तीन किशोरियों समेत कुल नौ लोग घायल हुए हैं।
इनमें से एक की हालत गंभीर है, जबकि अन्य सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। दमकल विभाग और पुलिस के कर्मचारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया था। इसके लिए आधा दर्जन एंबुलेंस, दमकल की पांच गाड़ियां और एक वैन को मौके पर भेजा गया था।
#WATCH | Visuals from the site of 5-storey building collapse in Behram Nagar locality of Bandra (East), Mumbai.
Five people are feared trapped in the building, as per BMC pic.twitter.com/J5MXuAmIdn — ANI (@ANI) January 26, 2022
अंधेरी इलाके में लगी आग
वहीं, एक दूसरी घटना में अंधेरी (पूर्व) इलाके में बुधवार रात करीब 10 बजे सिलेंडर गैस रिसाव के कारण लगी आग लग गई। इस घटना में तीन लोग झुलस गए। बीएमसी के मुताबिक, इनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
कोयला उतारने के दौरान ट्रक की चपेट में आने से तीन नाबालिग बहनों की मौत
वहीं, ठाणे जिले की भिवंडी तहसील में कोयला उतारने के दौरान एक कंटेनर ट्रक की चपेट में आने से तीन नाबालिग बहनों की मौत हो गई। भिवंडी तालुका पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि जान गंवाने वाली लड़कियों की दो साल की बहन मंगलवार की रात टेम्बिवली गांव में एक ईंट भट्ठे पर हुई दुर्घटना में बाल-बाल बच गई, जहां उनके माता-पिता मजदूर के रूप में कार्यरत थे। पुलिस ने बताया कि घटना के सिलसिले में ईंट भट्ठा मालिक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।