Goa: न्याय के लिए भटक रहे ले. कर्नल; एसपी के कुत्तों के काटने के मामले में अब होगी मानवाधिकार आयोग में सुनवाई
गोवा पुलिस से लेकर सीएम तक से भी जब मामले में कुछ नहीं हुआ तो उन्होंने अब गोवा मानवाधिकार आयोग का दरवाजा खटखटाया। जहां मामले की सुनवाई 29 जनवरी को होगी।
विस्तार
बॉर्डर पर दुश्मनों से लोहा लेने वाले गोवा के लेफ्टिनेंट कर्नल जीसस फर्टाडो को तीन वर्षोंं से न्याय नहीं मिल रहा है। वे बीते तीन सालों से खुद पर हुए कुत्तों के हमले में न्यायिक लड़ाई लड़ रहे हैं लेकिन अब तक उन्हें निराशा ही हाथ लगी। कहीं कोई सुनवाई न होने के कारण उन्होंने गोवा मानवाधिकार आयोग का दरवाजा खटखटाया, जहां 29 जनवरी मामले की सुनवाई को होगी।
एसपी के खिलाफ एफआईआर नहीं दर्ज की
गौरतलब है कि उन्हें जिन कुत्तों ने काटा था वे गोवा के पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) बोसुएट सिल्वा के थे। 31 अक्टूबर 2020 को मडगांव में जब वे सुबह की सैर पर निकले थे, तब ये घटना हुई थी, जिसके बाद वे मामले में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे। लेकिन एसपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई। लेफ्टिनेंट ने बताया कि उन्हें न्याय के लिए अलग-अलग लोगों के पास भागना पड़ा। इसी क्रम में वे गोवा सीएम के पास भी पहुंचे। हालांकि, सीएम ने तो जांच के आदेश दे दिए। लेकिन मुख्य सचिव के निर्देशों के बाद भी जांच पूरी नहीं हुई। लेफ्टिनेंट कर्नल जीसस फर्टाडो ने दावा किया है कि इससे पहले की तीन पुलिस जांच में आरोपी को निर्दोष घोषित किया गया था। साथ ही पुलिस द्वारा कहा गया कि कुत्तों को देखकर, वे घबरा गए, जिसके बाद कुत्तों ने उनपर ही हमला कर दिया।
गोवा मानवाधिकार आयोग का दरवाजा खटखटाया
गोवा पुलिस से लेकर सीएम तक से भी जब मामले में कुछ नहीं हुआ तो उन्होंने अब गोवा मानवाधिकार आयोग का दरवाजा खटखटाया। जहां मामले की सुनवाई 29 जनवरी को होगी।