Live: लोकसभा में उठा कर्नाटक मुद्दा, कांग्रेस के सवाल पर राजनाथ बोले- हमारा कोई लेना-देना नहीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा में आज आम बजट पर चर्चा होगी। पांच जुलाई को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपना पहला बजट पेश किया था। राज्यसभा में आज आधार संशोधन विधेयक पर चर्चा की जाएगी। लोकसभा से पिछले हफ्ते यह बिल पास हो चुका है। इसके अलावा राज्यसभा में आज भारतीय दंत चिकित्सा परिषद को और प्रभावी बनाने को भी पेश किया जाएगा।
Live Updates:
यह बजट है त्रिशंकु
लोकसभा में कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बजट पर चर्चा के दौरान कहा कि वित्तमंत्री को बजट पेश करने पर बधाई। सरकार ने पांच साल तक आर्थिक प्रबंधन में कई गलतियां की हैं और उसकी झलक इस बजट में दिखाई दे रही है। थरूर ने कहा कि हमें सरकार से बाउंड्री की उम्मीद थी लेकिन बजट में कैच छोड़े और रक्षात्मक खेल दिखाया। यह त्रिशंकु बजट है। इसमें आम आदमी के लिए नए अवसरों को तलाशने की कोशिश नहीं हुई है। बजट में केवल एक बाद जीडीपी का जिक्र किया गया है। सरकार ने पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का जो लक्ष्य रखा है वह पता नहीं कैसे पूरा होगा।
राहुल गांधी से शुरू हुआ इस्तीफे का दौर
चौधरी के सवालों का जवाब देते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारी पार्टी का इसमें कोई हाथ नहीं है। हमारा इससे कोई लेना-देना नहीं है और हमने आजतक प्रलोभन देकर दल-बदल कराने की कोशिश नहीं की है। संसदीय लोकतंत्र की गरिमा को बनाकर रखने के लिए हम प्रतिबद्ध है। त्यागपत्र देने का सिलसिला हमने शुरू नहीं किया। यह सिलसिला राहुल गांधी ने कांग्रेस में शुरू किया है। जो बदस्तूर जारी है।
ये सरकार उड़ा रही लोकतंत्र की धज्जियां
लोकसभा में कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कर्नाटक सरकार गिरने के मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि ये हमारे विधायकों को चार्टर्ड प्लेन के जरिए लेकर गए। सरकार को तोड़ने के लिए दल-दबलू कोशिश हो रही है और इसके लिए केंद्र सरकार साजिश रच रही है। ये सरकार लोकतंत्र की धज्जियां उड़ा रही है और इसमें आपके पार्टी के नेताओं का हाथ है। आपके 303 सांसद हैं फिर भी आपका पेट नहीं भरा। आपके पेट कश्मीरी गेट के बराबर हो गया है।
रुकने चाहिए सड़क हादसे
नितिन गडकरी ने कहा कि देश में 30 फीसदी लाइसेंस फर्जी हैं लेकिन हम कुछ नहीं कर पाते हैं। सभी सदस्यों को सड़क सुरक्षा से जुड़े विधेयक को इस सदन से पास करना होगा। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु को छोड़कर देशभर में सड़क हादसे बढ़े हैं।। आप सभी लोग मिलकर मेरा बिल पारित करो। यह राजनीतिक मुद्दा नहीं है सड़क हादसे रुकने चाहिए।
हादसों की लें जिम्मेदारी
समाजवादी पार्टी के सांसद रामगोपाल यादव ने आगरा एक्सप्रेस वे पर हुए हादसे का मु्द्दा उठाते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से कहा कि इसे राज्य पर न डालें। हादसा कही भी होता है तो उसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। यादव ने कहा कि ड्राइवर स्पीड लिमिट का पालन नहीं करते और शराब पीकर गाड़ी चलाते हैं। वहां सीसीटीवी लगे हुए हैं लेकिन इस बात की जांच होनी चाहिए कि ओवरस्पीडिंग का चालान, जुर्माना, क्षमता से अधिक सवारियां भरने पर जुर्माना होता है या नहीं।
आगरा हादसा
राज्यसभा में युमना एक्सप्रेस वे को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि हाईवे को उत्तर प्रदेश सरकार ने बनाया है और केंद्र सरकार से इसका कोई मतलब नहीं है। इसकी देखरेख नोएडा प्राधिकरण करती है और उनसे इस हादसे की जानकारी ली गई है। मंत्री ने बताया कि यूपी हादसे को लेकर राज्य सरकार ने एक समिति बनाई है।
वोरा ने उठाया मानव तस्करी का मुद्दा
कांग्रेस सांसद मोतीलाल वोरा ने राज्यसभा मे मानव तस्करी का मुद्दा उठाया। उन्होंने छत्तीसगढ़ की एक घटना का जिक्र किया। भाजपा सांसद अजय प्रताप सिंह ने बघेली भाषा को संविधान की अनुसूची में शामिल करने का मसला उठाया।
कर्नाटक का मुद्दा
लोकसभा शुरू होते ही सांसदों ने कर्नाटक मुद्दे पर चर्चा करने की मांग की। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इसपर प्रश्न काल के बाद बोलने का मौका दिया जाएगा। वहीं राज्यसभा में आज विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सांसद पद की शपथ ली। उच्च सदन में पूर्व राज्यसभा महासचिव सुदर्शन अग्रवाल को श्रद्धांजलि दी गई।