चुनाव आयोग ने संजय राउत को थमाया नोटिस, कन्हैया कुमार को कहा था ‘जहर की बोतल’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनाव में जारी सियासी घमासान के बीच नेताओं की जुबान भी फिसलने लगी है। ऐसे ही विवादित बयान के मामले में शिवसेना प्रवक्ता व सांसद संजय राउत भी फंस गए हैं। उन्होंने बिहार के बेगुसराय से सीपीआई के उम्मीदवार कन्हैया कुमार को जहर की बोतल कहा तो चुनाव आयोग ने उन्हें नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
मुंबई के जिला निर्वाचन कार्यालय ने संजय राउत को आचार संहिता के कथित उल्लंघन के सिलसिले में नोटिस जारी किया है। यह मामला बिहार के बेगूसराय से सीपीआई के उम्मीदवार और युवा नेता कन्हैया कुमार पर एक टिप्पणी से जुड़ा है। शिवसेना के मुखपत्र के संपादक राउत ने एक लेख में कहा था कि कन्हैया कुमार को चुनाव में हराया जाना ही चाहिए, चाहे इसके लिए भाजपा को ईवीएम से छेड़छाड़ ही क्यों न करनी पड़े।
राउत ने मराठी समाचार पत्र में लिखा था कि कन्हैया कुमार ‘एक जहर की बोतल’ हैं। उन्हें संसद ना पहुंचने दें। बता दें कि जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार बिहार की बेगूसराय सीट से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
चुनाव आयोग को दूंगा जवाब : राउत
चुनाव आयोग की नोटिस पर राउत ने कहा है कि वह नोटिस का जवाब देकर अपना रुख स्पष्ट करेंगे। उन्होंने कहा कि मैंने जो लिखा था उसके संबंध में मुझे नोटिस मिला है। हम चुनाव आयोग का सम्मान करते हैं और समय सीमा के अंदर नोटिस का जवाब देकर अपना रुख स्पष्ट करूंगा।