प्रशांत किशोर की ट्वीट पर नीतीश कुमार का जवाब- राजनीति सीखने में वक्त लगेगा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रणनीति से राजनीति में आए जदयू उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर के खिलाफ पार्टी के अंदर से उठ रहे विरोध के बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चुप्पी तोड़ दी है। पीके का पार्टी से किनारा करने के अंदेशे वाले ट्वीट का जवाब देते हुए कहा है कि प्रशांत किशोर जदयू का हिस्सा हैं वो पार्टी के उपाध्यक्ष हैं। प्रशांत किशोर लोकसभा चुनाव में पार्टी के स्टार प्रचारक बनाए गए हैं। ऐसे में पार्टी में अपनी भूमिका को लेकर अगर उन्हें कोई भ्रम है तो यह उनकी दिक्कत है। एक न्यूज चैनल के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने यह बात कही।
बता दें कि बीते दिनों प्रशांत किशोर ने ट्वीट कर के कहा था कि पार्टी में उनकी भूमिका सीखने और सहयोग करने की है। उन्होंने लिखा था कि बिहार में एनडीए माननीय मोदी जी एवं नीतीश जी के नेतृत्व में मजबूती से चुनाव लड़ रहा है। जदयू की ओर से चुनाव-प्रचार एवं प्रबंधन की जिम्मेदारी पार्टी के वरिष्ठ और अनुभवी नेता श्री आरसीपी सिंह जी के मजबूत कंधों पर है। राजनीति के इस शुरुआती दौर में मेरी भूमिका सीखने और सहयोग की है।
बिहार में NDA माननीय मोदी जी एवं नीतीश जी के नेतृत्व में मजबूती से चुनाव लड़ रहा है।
— Prashant Kishor (@PrashantKishor) March 29, 2019
JDU की ओर से चुनाव-प्रचार एवं प्रबंधन की जिम्मेदारी पार्टी के वरीय एवं अनुभवी नेता श्री RCP सिंह जी के मजबूत कंधों पर है।
मेरे राजनीति के इस शुरुआती दौर में मेरी भूमिका सीखने और सहयोग की है।
'प्रशांत किशोर को राजनीति सीखने में वक्त लगेगा'
नीतीश कुमार ने कहा कि प्रशांत और हमारे बीच में अच्छे रिश्ते हैं। वो हमेशा मेरा सम्मान करते हैं और मैं भी उनपर भरोसा करता हूं। लेकिन कुछ मुद्दे ऐसे हैं, जिनपर हम आमने-सामने होते हैं। प्रशांत किशोर पहले चुनावी रणनीतिकार थे और अब वे राजनेता बने हैं, जाहिर सी बात है कि उन्हें अभी राजनीति सीखने में थोड़ा वक्त लगेगा।
नीतीश कुमार ने कहा कि प्रशांत किशोर की टीम देश की अलग-अलग पार्टियों के लिए काम करती रही है, आज भी वो अपना काम कर रही है। प्रशांत को कई लोग जानते हैं और कौन उनसे क्या कहता है और उसपर वो क्या सोचते हैं, ये तो वही जानें। वो लालू जी से भी बात करते हैं, जेल से भी लालूजी बात करते हैं, तो एेसे में किसी के बोलने और मिलने पर रोक नहीं। लेकिन राजनीति में बहुत बातें सोचनी और समझनी पड़ती हैं।