कांग्रेस पार्टी के घोषणा पत्र में मुर्गा-मछली तो हैं, मगर 'गाय' नहीं है
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इसमें मुर्गा-मछली को तो जगह मिल गई है, लेकिन गाय का जिक्र कहीं नहीं है। घोषणा पत्र के जिस पन्ने पर कृषि, किसान और कृषि श्रमिकों की बात की गई है, वहां भी गाय नहीं दिखी। इसके अलावा पेज नंबर 51 पर शीर्षक 'पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन' के अंतर्गत लिखा है कि हम पशु कल्याण को बढ़ावा देंगे और जानवरों से क्रूरता करने वालों को कड़ाई से दंडित करेंगे। यहां पर भी गाय का नाम नहीं है। जिस तरह से भाजपा ने कई राज्यों में गौ-सेवा आयोग तक गठित कर रखे हैं, ये सब कांग्रेस पार्टी के घोषणा पत्र में शामिल नहीं है।
पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन वाले पन्ने पर कई तरह की घोषणाएं की गई हैं। यहां नदियों का जिक्र किया गया है। कांग्रेस ने कहा है कि वह देशभर की सभी नदियों की सफाई को प्रमुखता देगी। नदियों में अपशिष्ट न गिरें, इसके लिए राज्य सरकारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया जाएगा।
कांग्रेस सरकार पंचायतों और नगरपालिकाओं को कानूनी एवं वित्तीय शक्तियां प्रदान करेगी, ताकि ये संस्थाएं पर्यावरण संरक्षण और प्रबंधन में राज्य सरकारों के साथ भागीदारी कर सकें। ऐसे समग्र प्रयासों में युवाओं, महिलाओं, समुदायों और गैर-सरकारी संगठनों को शामिल करेंगे।
2025 तक वनाच्छादित क्षेत्र को मौजूदा 21 प्रतिशत के स्तर से बढ़ाकर 25 प्रतिशत तक लाने का प्रयास किया जाएगा। यहां पर लिखा है कि कांग्रेस वन्यजीवों के आवासों को संरक्षित करने तथा मनुष्य और जंगली जीवों के बीच टकराव को कम करेगी।
अगर इस टकराव में मानव जीवन का नुकसान होता है तो उसे मुआवजा देने का वादा किया गया है। 17 वें पन्ने पर कृषि, किसान और कृषि श्रमिकों की बात की गई है। यहां बागवानी, फूलों की खेती, डेयरी और मुर्गीपालन जैसे सहायक कृषि कार्यों के लिए नीतियां एवं कार्यक्रम बनाने का जिक्र हुआ है।
किसानों की आय में वृद्धि करने के लिए कांग्रेस ने बागवानी, मछलीपालन और रेशम कीटपालन बढ़ाने का वादा किया है। यह भी कहा गया है कि देश में डेयरी और पोल्ट्री उत्पादों को दोगुना करने के लिए एक राष्ट्रीय परियोजना की शुरुआत करेंगे।