कोलकाता पंडाल हादसा: कुणाल घोष बोले- चोरबागान भगदड़ में हुई मौतें प्रशासन की विफलता; सरकार से की क्या मांग?
कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की घटना के बाद टीएमसी विधायक कुणाल घोष ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और संबंधित पूजा समिति से जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि फिलहाल राहत और चिकित्सा सहायता प्राथमिकता है।
विस्तार
कुणाल घोष ने कहा कि इस मामले में कई प्रभावशाली लोग शामिल हैं, लेकिन फिलहाल उनका ध्यान अस्पताल में राहत कार्य और घायलों के इलाज पर है। उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिकता पिछले दिन शाम से ही प्रभावित लोगों की मदद और चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करना रही है।
मृतकों के पोस्टमार्टम की मांग
कुणाल घोष ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में जिन 19 लोगों के शवों की प्रक्रिया चल रही है, उनका पोस्टमार्टम तुरंत कराया जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस से यह सुनिश्चित करने की मांग की कि मृतकों के परिजनों को किसी तरह की परेशानी या उत्पीड़न का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि अंतिम संस्कार की प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी कराई जानी चाहिए।
#WATCH | Kolkata, West Bengal: On the Chorbagan Durga Puja pandal stampede incident, TMC MLA Kunal Ghosh says, "This accident is a complete failure of the administration, and the concerned Puja Committee must take responsibility for it. There are many influential individuals involved, but right now, we are at the hospital. Since yesterday evening, our priority has been relief work and medical treatment... Our current demands are as follows: First, regarding the 19 individuals—whose bodies are currently being processed through this Medical College—post-mortems must be conducted immediately. The police must ensure that the families face no difficulties or harassment, and the cremation process should be carried out smoothly. Regarding those who were admitted here for treatment, every single patient has been transferred to Apollo or other facilities by the government..."
— ANI (@ANI) October 18, 2026
सभी मरीजों को दूसरे अस्पतालों में भेजा गया
टीएमसी विधायक के मुताबिक, हादसे में घायल होकर अस्पताल में भर्ती कराए गए सभी मरीजों को सरकार ने अपोलो या अन्य चिकित्सा केंद्रों में स्थानांतरित कर दिया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल राहत कार्य, इलाज और प्रभावित परिवारों की मदद सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
सीएम अधिकारी ने 25 लाख रुपये मुआवजे का किया एलान
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को बताया कि उत्तर कोलकाता में मुक्तारामबाबू स्ट्रीट पर चोरबगान सार्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ में 19 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें से 17 की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मुख्यमंत्री अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में 25 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 24 खतरे से बाहर हैं और एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "जिन 19 परिवारों ने अपने किसी सदस्य को खोया है, उनके लिए मुआवजे का एलान किया गया है। उनमें से 13 परिवारों से मैंने वन-टू-वन मुलाकात की। मैंने उन्हें भरोसा दिया कि सरकार उनके साथ खड़ी है और उनकी मदद करेगी। उन्होंने भी सरकार पर भरोसा जताया है। पश्चिम बंगाल सरकार प्रत्येक पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा और एक नौकरी देगी तथा हर घायल का 100 प्रतिशत मेडिकल खर्च सरकार उठाएगी, साथ ही 5 लाख रुपये का अतिरिक्त मुआवजा भी देगी।"
दुर्गा पूजा समितियों से सीएम अधिकारी ने की क्या अपील?
उन्होंने कहा, "पूरे राज्य में 58,000 पूजाएं हो रही हैं। इस घटना को देखते हुए सभी को सावधानी बरतनी चाहिए और जरूरी एहतियात लेने चाहिए। भीड़ नियंत्रण बनाए रखना चाहिए और फायर ब्रिगेड तथा पुलिस के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करना चाहिए, जिसमें पर्याप्त लाइटिंग, एंट्री-एग्जिट पॉइंट और सुरक्षा शामिल है ताकि सभी सहयोग कर सकें।"