{"_id":"6264802033816c4415773ef2","slug":"kirit-somaiya-injured-in-car-attack","type":"story","status":"publish","title_hn":"हनुमान चालीसा पर 'महाभारत': सोमैया का आरोप- मुझ पर हुए हमले की पुलिस ने नहीं लिखी एफआईआर, डीसीपी बोले- मामला दर्ज है","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
हनुमान चालीसा पर 'महाभारत': सोमैया का आरोप- मुझ पर हुए हमले की पुलिस ने नहीं लिखी एफआईआर, डीसीपी बोले- मामला दर्ज है
Sun, 24 Apr 2022 04:35 AM IST
Jeet Kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
Published by: Jeet Kumar
Updated Sun, 24 Apr 2022 04:35 AM IST
सार
हमले के बाद किरीट सोमैया पुलिस थाने पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ता जमा हो गए। उनके समर्थकों ने उद्धव सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं सौमैया ने पुलिस पर उनकी एफआईआर दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया।
विज्ञापन
हमले में घायल किरीट सोमैया
- फोटो : एएनआई
विस्तार
सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा की गिरफ्तारी के बाद मुंबई में सियासी बवाल शुरू हो गया है। खार पुलिस स्टेशन में राणा दंपती से मुलाकात कर लौट रहे भाजपा नेता किरीट सोमैया की गाड़ी पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया जिसमें वे घायल हो गए। किरीट सोमैया ने आरोप लगाया है कि उनकी गाड़ी पर शिवसैनिकों ने हमला किया।
विज्ञापन
हमले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि सोमैया की गाड़ी पर कुछ लोग पत्थर फेंक रहे हैं, हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार चप्पल और बोतलें भी फेंकी गईं। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान सोमैया की कार के शीशे टूट गए और उनके चेहरे पर चोट लग गई। एक अन्य वीडियो में सोमैया के होंठ के पास हल्का सा खून बहता हुआ भी दिखाई दिया।
विज्ञापन
हमले के तुरंत बाद सोमैया बांद्रा थाने पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी जुटना शुरू कर दिया था। देर रात ही थाने के सामने महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी हुई। इस बीच किरीट सोमैया ने भी शिवसेना और मुंबई पुलिस पर निशाना साधा।
विज्ञापन
मुंबई पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने से किया इनकार
किरीट सोमैया ने कहा कि मुंबई पुलिस ने न सिर्फ मेरी प्राथमिकी दर्ज करने से इनकार कर दिया, बल्कि मेरे खिलाफ एक फर्जी एफआईआर दर्ज की है। एफआईआर में कहा गया है कि केवल एक पत्थर फेंका गया। जबकि मुझ पर 70-80 शिवसैनिकों ने हमला किया था, सूचना के बावजूद खार पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर गंभीर आरोप लगाया और कहा कि मेरी जान लेने का उद्धव का यह तीसरा प्रयास है। पहले वाशिम फिर पुणे और अब खार। उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस ने उद्धव ठाकरे और पुलिस कमिश्नर संजय पांडे के दबाव में मेरे नाम एक झूठी एफआईआर दर्ज कर दी है, जिस पर मेरे हस्ताक्षर नहीं हैं।
हालांकि सोमैया की ओर से रिपोर्ट नहीं लिखे जाने के आरोप पर महाराष्ट्र पुलिस ने अपनी सफाई दी है। डीसीपी मंजूनाथ शिंगे ने मीडिया के सामने आकर कहा कि भाजपा नेता किरीट सोमैया की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है, निष्पक्ष जांच होगी।
फडणवीस ने उठाए पुलिस पर सवाल
भाजपा नेता और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि किरीट सोमैया पर हमले को लेकर मैं आज गृह सचिव और गृहमंत्री से बात करूंगा और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के रूप में काम करने वाली पुलिस के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए एक पत्र भी लिखूंगा।
साथ ही कहा कि किरीट सोमैया ने हमले की संभावना के बारे में खार पुलिस को पहले ही सूचित कर दिया था और जेट प्लस सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बजाय, उन्होंने शिवसेना के गुंडों को राज्य सरकार के दबाव में हमला करने की अनुमति दी।
ये है मामला
बडनेरा से निर्दलीय विधायक रवि राणा और उनकी पत्नी व सांसद नवनीत राणा ने शनिवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के निजी आवास मातोश्री के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करने का एलान किया था। इसके बाद शिवसेना कार्यकर्ता नवनीत राणा के घर के बाहर पहुंच गए थे। शिवसेना के सैकड़ों कार्यकर्ता राणा परिवार के आवास के बाहर जमकर प्रदर्शन किया । कई कार्यकर्ताओं ने तो बैरिकेड्स तोड़कर गेट के अंदर भी घुसने की कोशिश की।