केरल : पलक्कड़ में पत्नी के साथ जा रहे आरएसएस के कार्यकर्ता की हत्या, पढ़ें देश की पांच खबरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केरल के पलक्कड़ में सोमवार सुबह करीब 9 बजे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई। कार्यकर्ता की पहचान 27 वर्षीय संजीत के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि हमले के दौरान वह अपनी पत्नी के साथ जा रहा था। उसी दौरान उस पर हमला हुआ। पलक्कड़ भाजपा जिलाध्यक्ष के.एम. हरिदास ने इसे एसडीपीआई द्वारा सुनियोजित राजनीतिक हत्या करार दिया है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, संजीत अपनी पत्नी के साथ जा रहा था जब उसे रोककर उस पर बेरहमी से हमला किया गया। राज्य में एसडीपीआई को सत्ताधारी पार्टी का समर्थन मिला है। हालांकि, संजीत को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसने दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
18 माह बाद न्यूयॉर्क से दिल्ली की सीधी फ्लाइट शुरू
अमेरिकी एयरलाइन्स ने 12 नवंबर से न्यूयॉर्क से दिल्ली की फ्लाइट शुरू हो गई है। कंपनी ने सोमवार को बयान जारी कर ये जानकारी देते हुए बताया कि बोइंग 777-300 एयरक्राफ्ट में फर्स्ट क्लास की आठ सीटें, बिजनेस क्लास की 52, प्रीमियम इकॉनमी की 28 और इकनॉमी क्लास की 216 सीटें हैं। मालूम हो कि पहले से निर्धारित विमान सेवा पिछले साल 23 मार्च से निलंबित थी।
कोवाक्सिन देती है छह माह की प्रतिरक्षा स्मृति
कोवाक्सिन कोरोना वायरस और उसके स्वरूपों के खिलाफ कम से कम छह माह की कोशिकीय प्रतिरक्षा स्मृति (सेलुलर इम्युनोलॉजिकल मेमोरी) प्रदान करती है। यह जानकारी राष्ट्रीय प्रतिरक्षा विज्ञान संस्थान (एनआईआई) के निदेशक पुष्कर शर्मा ने दी है। इसका मतलब है कि यह टीका न्यूनतम इस अवधि के लिए कोरोना से सुरक्षित रख सकता है।
प्रतिरक्षा स्मृति प्रतिरक्षा तंत्र की वह क्षमता है, जो उसे रोगाणु के खिलाफ ज्यादा तेजी और प्रभावी ढंग से लड़ने में मजबूती देती है। शर्मा ने बताया, बीबीवी152/कोवाक्सिन सार्स कोव-2 के साथ ही चिंताजनक वायरस स्वरूपों- डेल्टा, अल्फा, बीटा और गामा के लिए मजबूत कोशिकीय (सेलुलर) प्रतिरक्षा स्मृति प्राप्त करता है, जो 6 महीने तक बनी रहती है।
इसरो कांड : वैज्ञानिक नारायणन के खिलाफ अर्जी हाईकोर्ट ने की खारिज
इसरो के पूर्व वैज्ञानिक नंबी नारायणन को झूठे जासूस कांड में फंसाने के आरोपी केरल के पूर्व पुलिस अधिकारी एस विजयन की एक अर्जी केरल हाईकोर्ट ने खारिज कर दी है। अर्जी में विजयन ने नारायणन पर आरोप लगाया था, उन्हाेंने सीबीआई अधिकारियों को करोड़ों रुपए की जमीनें देकर मामले में हो रही जांच को प्रभावित किया था।
हाईकोर्ट ने उन्हें निचली अदालत में यह आरोप रखने की छूट दी। विजयन और 17 अन्य केरल पुलिसकर्मियों व इंटेलिजेंस अधिकारियों पर आरोप हैं कि उन्हाेंने 1994 में नांबियार को झूठे सुबूत रच कर इसरो जासूसी मामले में फंसाया था।
केरल में झंडे के 42000 खंभे, हाईकोर्ट हैरान
केरल में झंडों के 42 हजार खंभे लगे हैं, यह जानकारी राज्य सरकार ने केरल हाईकोर्ट को दी, जिसे सुनकर कोर्ट भी हैरानी रह गई। यह भी कहा कि वास्तविक संख्या इससे दोगुनी हो सकती है, इन अवैध झंडों को बनाए नहीं रखा जा सकता। जो लोग यह अवैध खंभे नहीं हटा रहे हैं, हाईकोर्ट ने सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने को कहा।
सरकार की रिपोर्ट के अनुसार सबसे ज्यादा 5,159 झंडे पलक्कड़ और 5,064 झंडे कन्नूर में हैं। इस पर जस्टिस देवन रामचंद्रन ने कहा कि क्या कहीं भी झंडा लगाया जा सकता है? क्या इन्हें हटाने की हिम्मत कोई नहीं कर पाता? उल्लेखनीय है कि केरल में राजनीतिक और धार्मिक पहचान के तौर पर भारी संख्या में इस प्रकार के झंडे सार्वजनिक जगहों पर लगाए जाते हैं।
मद्रास हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के तबादले को लेकर विवाद बढ़ा
सुप्रीम कोर्ट कोलेजियम द्वारा मद्रास हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संजीब बनर्जी का मेघालय हाईकोर्ट में तबादला करने के खिलाफ वकीलों की नाराजगी बढ़ रही है। 20 हजार सदस्य संख्या वाली मद्रास हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन और मद्रास बार एसोसिएशन ने तबादले का खुला विरोध कर दिया है। दूसरी ओर कुछ पूर्व पदाधिकारियों व वरिष्ठ वकीलों ने इस विरोध को अतार्किक बताया है। हाईकोर्ट के करीब 30 वकीलों ने भी तबादले के खिलाफ प्रदर्शन किया और 200 वकीलों ने सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस व कोलेजियम को पिछले हफ्ते पत्र लिखकर तबादले पर फिर से विचार करने को कहा।
बुलाई गई आपात बैठक
बार एसोसिएशन द्वारा आपात बैठक बुलाई गई, जिसमें हाईकोर्ट के असिस्टेंट सॉलिसिटर जनरल जी कार्तिकेयन ने केवल सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस के खिलाफ विरोध को अतार्किक बताया। भाजपा की विधि शाखा के प्रमुख और एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष पीसी पॉल कनकराज ने मुद्दे के राजनीतिकरण का आरोप लगाया।