Kerala: कोच्चि के कचरा संयंत्र में आग लगने के बाद आसमान में छाया धुंआ, लोगों से घरों से बाहर न निकलने की अपील
कोच्चि के ब्रह्मपुरम अपशिष्ट संयंत्र में गुरुवार को आग लगने के बाद कूड़े के ढेर से अभी भी धुआं निकल रहा है। इसको देखते हुए कलेक्टर ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। एर्नाकुलम जिले की कलेक्टर रेणु राज ने कहा कि ब्रह्मपुरम और आसपास के क्षेत्रों में रविवार को दुकानें और प्रतिष्ठान बंद रहेंगे।
विस्तार
केरल के कोच्चि में ब्रह्मपुरम अपशिष्ट संयंत्र में भीषण आग लगने के बाद आसमान में धुंआ छा गया है। बचाव अभियान जारी है। नौसेना आग बुझाने के प्रयास में जुटी है। नौसेना की दक्षिणी कमान ने शनिवार को कहा कि कोच्चि के कचरा संयंत्र में आग लगने के बाद 5000 लीटर से अधिक पानी का छिड़काव किया गया है। दक्षिणी नौसेना कमान ने कहा कि मौके पर सेना की फायर गाड़ियों के अलावा, नौसेना के हेलिकॉप्टर के जरिए पानी की बौछार की जा रही है।
#WATCH | In addition to defence firetenders on ground, aerial firefighting using Large Area Aerial Liquid Dispersal Eqpt by naval ALH. Over 5000 litres of water sprayed in active fire zones. Massive fire broke at Brahamapuram waste plant in Kochi
विज्ञापन
(Video: Southern Naval Command) pic.twitter.com/lEnBzSrCFz — ANI (@ANI) March 4, 2023
वहीं, अपशिष्ट संयंत्र में गुरुवार को आग लगने के बाद कूड़े के ढेर से अभी भी धुआं निकल रहा है। इसको देखते हुए कलेक्टर ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। एर्नाकुलम जिले की कलेक्टर रेणु राज ने शनिवार को मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि ब्रह्मपुरम और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों को जितना संभव हो सके, रविवार को घर से बाहर जाने से बचना चाहिए। अभी धुएं को नियंत्रित नहीं किया जा सका है, इसलिए जितना हो सके घर पर रहें। रविवार को दुकानें और प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। स्वास्थ्य विभाग के सचिव की ओर से यह निर्देश जारी किया गया है।
कलेक्टर ने कहा कि हालांकि आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन कचरे के ढेर से लगातार धुआं उठ रहा है। इसे रोकने का प्रयास जारी है। दमकल की और गाड़ियों को तैनात किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 100 एकड़ के लैंडफिल को छह जोन में फिर से जलाया जा रहा है। इनमें से चार जोन में आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को लगाया गया है। जबकि नौसेना और कोचीन रिफाइनरी के फायर तंत्र का उपयोग शेष जोन में किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा 27 दमकल गाड़ियों के अलावा कोचीन पोर्ट ट्रस्ट और कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (सीआईएएल) की अतिरिक्त फायर ब्रिगेड रविवार को तैनात की जाएंगी। नदी से पानी उठाने के लिए अलप्पुझा जिले से दो बड़े पंप लाए जाएंगे। छोटे डीजल पंप उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया गया है।
अस्पतालों में सुविधाएं तैयार करने के निर्देश
कलेक्टर ने यह भी कहा कि हवा के बदलते रुख के कारण आग बुझान के अभियान पर असर पड़ा है, जिसके चलते कचरे के ढेर से ज्यादा धुआं उठ रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को एहतियात के तौर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और अस्पतालों में सुविधाएं तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।