कर्नाटक : अवैध खदान से जिलेटिन की छड़ें हटाते समय धमाका, छह लोगों की मौत, सीआईडी जांच के आदेश
कर्नाटक के चिकबलपुर के एक गांव में पत्थर की एक अवैध खदान में जिलेटिन की छड़ों को हटाते समय मंगलवार तड़के हुए विस्फोट में छह लोगों की मौत हो गई। राज्य सरकार ने विस्फोट की सीआईडी जांच के आदेश दिए हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के गृह नगर शिवमोगा में भी 22 जनवरी को एक ऐसे ही हादसे में छह लोगों की ही मौत हो गई थी।
छापेमारी के बाद बंद की थी खदान
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में संकेत मिला है कि चिकबलपुर की खदान में पेट्रोलियम जेल और अमोनियम नाइट्रेट का इस्तेमाल किया गया है। यह खदान अवैध रूप से चल रही थी और कुछ दिन पहले छापेमारी के बाद इसे बंद कर दिया गया था।
क्षत-विक्षत हो गए शव
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री एवं चिकबलपुर से विधायक के. सुधाकर ने घटनास्थल दौरा किया और कहा कि शव बुरी तरह से विकृत हो गए हैं और यहां वहां पड़े हैं।
पीएम ने ट्वीट कर जताई संवेदना
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा, कर्नाटक के चिकबलपुर में हादसे की वजह से हुई जनहानि से दुखी हूं। मैं मृतकों के परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
"Pained by the loss of lives due to a mishap at Chikkaballapur in Karnataka. Condolences to the bereaved families. Praying that the injured recover quickly," tweets PM Modi on the loss of 6 lives in quarry blast in Chikkaballapur pic.twitter.com/QYGWM8hlcS
— ANI (@ANI) February 23, 2021
रोक के बाद भी अवैध उत्खनन हो रहा था
मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने भी हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कर्नाटक के गृह मंत्री बसवराज बोम्मई ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद सीआईडी जांच के आदेश दिए। पुलिस के अनुसार, घटना पेरसेंड्रा के पास हिरणागवल्ली में हुई। स्थानीय लोगों द्वारा जिलेटिन की छड़ों के अधिक इस्तेमाल की शिकायत किए जाने के बाद पुलिस ने सात फरवरी को यहां उत्खनन रोक दिया था, लेकिन यहां अवैध रूप से काम जारी था। कुछ दिन पहले यहां छापा भी मारा गया था और ठेकेदार को जिलेटिन का इस्तेमाल ना करने को लेकर चेतावनी दी गई थी
विपक्ष ने भाजपा को जिम्मेदार ठहराया
विपक्षी कांग्रेस और जनता दल (सेकुलर) ने मंगलवार के विस्फोट के लिए राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। कर्नाटक कांग्रेस के प्रमुख डीके शिवकुमार ने एक बयान में कहा, गैर जिम्मेदाराना सरकार की वजह से चिकबलपुर में विस्फोट हुआ जिसमें छह लोगों की मौत हुई। सरकार और कितने निर्दोष लोगों की कुर्बानी लेगी? विपक्ष के नेता सिद्धरमैया ने ट्वीट किया कि शिवमोगा में जिलेटिन विस्फोट के एक महीने के अंदर ही चिकबलपुर में विस्फोट हो जाना राज्य सरकार की निष्क्रियता, गैर जिम्मेदाराना और इस अवैधता एवं भ्रष्टाचार में सांठगांठ की गवाही दे रहा है। जद (एस) नेता और पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने आरोप लगाया कि राज्य में अवैध खनन में कई मंत्री और विधायक शामिल हैं।