कलियागंज मामला: NCSC उपाध्यक्ष ने ममता पर लगाया वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप; BJP ने किया बंद का आह्वान
लापता होने के एक दिन बाद शुक्रवार सुबह किशोरी कालियागंज में एक नहर में मृत पाई गई थी। उसके परिवार ने आरोप लगाया कि हत्या से पहले उसके साथ दुष्कर्म किया गया था। मौत के बाद इलाके में हिंसा भड़क उठी थी।
विस्तार
उत्तर दिनाजपुर जिले में एक किशोरी के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म और उसके बाद हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामले का राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी) ने संज्ञान लिया है। आयोग के उपाध्यक्ष अरुण हलदार ने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर इस मामले में वोट बैंक की राजनीति के लिए एक विशेष समुदाय को बचाने का आरोप लगाया।
एनसीएससी के उपाध्यक्ष ने कहा- प्रोटोकॉल का नहीं किया पालन
लापता होने के एक दिन बाद शुक्रवार सुबह किशोरी (17 वर्षीय) कालियागंज में एक नहर में मृत पाई गई थी। उसके परिवार ने आरोप लगाया कि हत्या से पहले उसके साथ दुष्कर्म किया गया था। मौत के बाद इलाके में हिंसा भड़क उठी और कालियागंज पुलिस थाने में आग लगा दी गई। हलदार ने कहा कि जब वह घटना स्थल पर पहुंचे तो किसी प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया।
संवैधानिक पद का अपमान कर रहे डीएम-एसपी: अरुण हलदार
उन्होंने कहा, "डीएम (डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट) और एसपी (पुलिस अधीक्षक) को मौजूद होना था, लेकिन वे वहां नहीं थे। कम से कम जांच अधिकारी को मौजूद होना चाहिए था लेकिन वह भी वहां नहीं थे। आप मेरा अपमान नहीं कर रहे हैं बल्कि एक संवैधानिक पद का अपमान कर रहे हैं।" उन्होंने कहा कि एनसीएससी ने पश्चिम बंगाल सरकार को नोटिस जारी किया है और मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
मुख्यमंत्री बनर्जी पर लगाया वोट की राजनीति करने का आरोप
उन्होंने बनर्जी पर वोट बैंक की राजनीति के लिए मामले में एक विशेष समुदाय को बचाने का भी आरोप लगाया। हलदार ने जांच अधिकारी और एसपी को बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने कहा, "अगर पश्चिम बंगाल सरकार नोटिस का जवाब नहीं देती है तो हम समन जारी करेंगे। अगर वे विफल होते हैं, तो संबंधित अधिकारियों की गिरफ्तारी होगी।"
भाजपा ने उत्तर बंगाल में 12 घंटे के बंद का किया आह्वान
उधर, विपक्षी भाजपा ने लड़की मौत के मामले को आदिवासी समुदाय पर अत्याचार बताया है और शुक्रवार को उत्तर बंगाल के जिलों में 12 घंटे के बंद का आह्वान किया है। भगवा पार्टी के बंद के आह्नान पर पलटवार करते हुए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा पश्चिम बंगाल के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की कोशिश कर रही है।
उत्तर बंगाल में आंतक का राज कायम, कल 12 घंटे का बंद: भाजपा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुंकात मजूमदार ने कहा, टीएमसी ने उत्तर बंगाल के कई इलाकों में आंतक का राज कायम किया है। हमने राज्य प्रशासन और सत्तारूढ़ पार्टी द्वारा उत्तर बंगाल के जिलों में आदिवासी समुदाय पर अत्याचार के विरोध में कल 12 घंटे के बंद का फैसला किया है। इस तरह के अत्याचार अभूतपूर्व हैं। बंद सुबह छह बजे से शाम छह बजे तकत रहेगा। मजूमदार ने कहा, टीएमसी के कुशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते रहेंगे।
बंद के दौरान जारी रहेंगी आपातकालीन सेवाएं और छात्रों की आवाजाही
उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाजाही, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं को बंद के दायरे से बाहर रखा जाएगा। उत्तर बंगाल क्षेत्र में कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, दार्जिलिंग, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा शामिल हैं। गौरतलब है कि भाजपा ने 2019 के लोकसभा और 2021 के विधानसभा चुनावों में इस क्षेत्र में गहरी पैठ बनाई थी।
मामले को सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास कर रही भाजपा: टीएमसी
वहीं, टीएमसी ने भाजपा के बंद के आह्वान को पंचायत चुनाव से पहले लड़की के मौत के मामले का राजनीतिकरण और सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास करार दिया। टीएमसी के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा, 'पुलिस ने कालियागंज में शांति बहाल कर दी है। लेकिन भाजपा पंचायत चुनावों से पहले इस मुद्दे का राजनीतिकरण और सांप्रदायिकरण करने के लिए बेताब है। राज्य के लोग क्षेत्र में शांति भंग करने के ऐसे प्रयासों को हराएंगे। भाजपा पश्चिम बंगाल के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की कोशिश कर रही है।"