{"_id":"677f9d3e108b7a8c8f0d63d6","slug":"jaishankar-stresses-on-importance-of-diaspora-as-india-strives-to-build-global-workforce-news-update-2025-01-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"Pravasi Bharatiya Divas: 'विदेश में कोई परेशानी हो तो सरकार पर रख सकते हैं विश्वास', सम्मेलन में बोले जयशंकर","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Pravasi Bharatiya Divas: 'विदेश में कोई परेशानी हो तो सरकार पर रख सकते हैं विश्वास', सम्मेलन में बोले जयशंकर
Thu, 09 Jan 2025 03:26 PM IST
काव्या मिश्रा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भुवनेश्वर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भुवनेश्वर
Published by: काव्या मिश्रा
Updated Thu, 09 Jan 2025 03:26 PM IST
सार
विदेश मंत्री एस जयशंकर प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में भारतीय प्रवासियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस दौरान कहा कि हमें अपने प्रवासी भारतीयों की उपलब्धियों पर गर्व है।
विज्ञापन
पीएम नरेंद्र मोदी का अभिवादन करते विदेश मंत्री जयशंकर
- फोटो : पीटीआई
विस्तार
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने गुरुवार को कहा कि भारत के प्रवासी समुदाय का महत्व हर साल बढ़ता जा रहा है क्योंकि भारत एक वैश्विक कार्यबल बनाने की दिशा में काम कर रहा है।
विज्ञापन
'प्रवासी भारतीयों की उपलब्धियों पर गर्व'
जयशंकर प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में भारतीय प्रवासियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस दौरान जोर देते हुए कहा कि अगर विदेश में कभी भी कोई परेशानी हो तो वे विश्वास रख सकते हैं कि नरेंद्र मोदी सरकार आपके साथ है। उन्होंने आगे कहा, ‘हमें अपने प्रवासी भारतीयों की उपलब्धियों पर गर्व है।’
विज्ञापन
हम वैश्विक श्रमबल बनाने का प्रयास कर रहे: विदेश मंत्री
उन्होंने यह भी कहा, ‘वैश्वीकरण के दौर में, हर गुजरते साल के साथ प्रवासी समुदाय का महत्व बढ़ता जा रहा है, चाहे प्रौद्योगिकी हो, सर्वोत्तम कार्यप्रणाली हो या संसाधन, चाहे पर्यटन हो, व्यापार हो या निवेश, दोनों तरफ से प्रयास जरूरी है क्योंकि हम वैश्विक श्रमबल बनाने का प्रयास कर रहे हैं।’
विज्ञापन
'जीवन जीना आसान हो सकता'
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के जन-केंद्रित बदलावों से प्रवासी भारतीयों को भी लाभ मिल रहा है। विदेश मंत्री ने कहा कि ये कारोबार सुगमता को बढ़ावा दे सकते हैं, जीवन जीना आसान बना सकते हैं, संपर्क और यात्रा को सुविधाजनक बना सकते हैं। प्रवासी भारतीयों के हितों को सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल तकनीकों का उपयोग भी स्पष्ट है।
'मोदी सरकार आपके साथ'
उन्होंने कहा, ‘पिछले दशक में, हमने पासपोर्ट जारी करने और नवीनीकरण के साथ-साथ सत्यापन प्रक्रिया का सरलीकरण देखा। वाणिज्य दूतावास सेवाओं में सुधार हुआ, कल्याणकारी उपायों में वृद्धि हुई है और शिकायत निवारण मंच प्रभावी हुए हैं। दुनियाभर में दूतावास और वाणिज्य दूतावास अधिक उत्तरदायी हुए हैं। मुश्किल समय में, आप आश्वस्त हो सकते हैं कि मोदी सरकार आपके साथ है।’
जयशंकर ने ओडिशा की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर का उल्लेख किया। साथ ही कहा कि ओडिशा का प्रभाव विदेश नीति और एक्ट ईस्ट नीति में भी देखा जाता है। उन्होंने इस मौके पर प्रवासियों से भारत के गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और पहचान को और मजबूत करने का आह्वान किया।
भारत ने हाइड्रोजन से चलने वाला ट्रेन इंजन बनाया, दूसरों से शक्तिशाली
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारतीय रेलवे ने हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाला ट्रेन इंजन विकसित किया है। इसमें दुनिया में सबसे अधिक हॉर्स पावर है, यह दूसरों से अधिक शक्तिशाली है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री वैष्णव प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि दुनिया में केवल चार देश ही ऐसे रेल इंजन बनाते हैं। वे 500 से 600 हॉर्स पावर के बीच उत्पादन करते हैं, जबकि भारतीय रेलवे की ओर से स्वदेशी तकनीक का उपयोग कर निर्मित इंजन का उत्पादन 1,200 हॉर्स पावर का है। यह इस श्रेणी में अब तक का सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में इस तरह की पहली ट्रेन का परीक्षण जल्द ही जींद-सोनीपत मार्ग पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इंजन का निर्माण पूरा हो चुका है और वर्तमान में इसका सिस्टम एकीकरण कार्य चल रहा है।
पोलैंड के 7 साल के बच्चे ने भारतीय गीतों से लोगों को किया प्रभावित
पोलैंड के सात वर्षीय बच्चे भेविन गोस्वामी ने सम्मेलन में भारतीय गीतों से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पोलैंड में अपने परिवार के साथ रहने वाले गोस्वामी ने ‘मेरे घर राम आए हैं...’ और ‘वंदे मातरम...’ जैसे गीत गाए। भेविन की मां करोलिना गोस्वामी ने कहा, मैं पोलैंड से हूं और पिछले 10 सालों से भारत में रह रही हूं। भारतीय संस्कृति और भोजन सबसे अच्छे हैं।