{"_id":"6093bcc48ebc3e77ad69f9b9","slug":"indian-railways-has-transported-2-067-tonnes-of-medical-oxygen-to-various-states-through-the-oxygen-express-in-past-16-days","type":"story","status":"publish","title_hn":"अब तक 34 ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेनों ने देशभर में पहुंचाई प्राणवायु, सबसे ज्यादा दिल्ली और फिर यूपी को मिली संजीवनी","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
अब तक 34 ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेनों ने देशभर में पहुंचाई प्राणवायु, सबसे ज्यादा दिल्ली और फिर यूपी को मिली संजीवनी
Thu, 06 May 2021 03:24 PM IST
Harendra Chaudhary
डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली
डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Harendra Chaudhary
Updated Thu, 06 May 2021 03:24 PM IST
सार
रेलवे मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार, अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी ना हो और समय रहते ऑक्सीजन पहुंच जाए, इसके लिए रेलवे ऑक्सीजन एक्सप्रेस चला रही है। अगर यही टैंकर सड़क रास्ते से जाते, तो उन्हें ज्यादा समय लगता...
विज्ञापन
ऑक्सीजन एक्सप्रेस
- फोटो : PTI (फाइल फोटो)
विस्तार
देशभर में कोरोना वायरस की दूसरी लहर से लोग बेहाल हैं। जीवन रक्षक दवाईयों के साथ साथ ऑक्सीजन की कमी भी देखने को मिल रही है। इस बीच राज्यों में ऑक्सीजन की आपूर्ति करने के लिए रेलवे भी आगे आया है। पिछले 16 दिनों में भारतीय रेलवे ने ऑक्सीजन एक्सप्रेस के जरिए अब तक पूरे देश में 2,067 टन मेडिकल ऑक्सीजन विभिन्न राज्यों को पहुंचाई है। इसमें सबसे ज्यादा दिल्ली को 707 टन और उसके बाद उत्तर प्रदेश को 641 टन मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति की गई है। हर ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेन में करीब 16 टन मेडिकल ऑक्सीजन लदी होती है और ये ट्रेन करीब 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हैं।
विज्ञापन
रेलवे मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार, अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी ना हो और समय रहते ऑक्सीजन पहुंच जाए, इसके लिए रेलवे ऑक्सीजन एक्सप्रेस चला रही है। ट्रेनों के जरिए ऑक्सीजन टैंकर को लोड कर राज्यों में पहुंचाया जा रहा है, ताकि समय बचाया जा सके। अगर यही टैंकर सड़क रास्ते से जाते, तो उन्हें ज्यादा समय लगता। लेकिन ट्रेन से इन्हें कम वक्त में ही पहुंचाया जा सकता है।
विज्ञापन
रेलवे के अनुसार, रेलवे देश के लगातार विभिन्न राज्यों में लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन पहुंचा रहा है। अब तक 34 ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेनें अपना सफर पूरा कर चुकी हैं। विभिन्न राज्यों में 137 टैंकरों में 2,067 टन लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन पहुंचा चुकी है। अब तक महाराष्ट्र को 174, उत्तर प्रदेश को 641, मध्यप्रदेश को 190, हरियाणा को 229, तेलंगाना को 123 और दिल्ली को 707 टन लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन पहुंचाई गई है।
विज्ञापन
रेल मंत्रालय ने कहा कि जरूरतमंद राज्यों को कम से कम समय में अधिक मात्रा में लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति करना भारतीय रेलवे का लक्ष्य है। सरकार से मिले निर्देशों के आधार पर दिल्ली-एनसीआर समेत तमाम राज्यों में ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेनों के जरिए ऑक्सीजन की सप्लाई को निरंतर सुनिश्चित किया जाता रहेगा। ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेनों के जरिये अब तक महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और तेलंगाना को कई टन ऑक्सीजन पहुंचाई जा चुकी है।