India-Russia: चेन्नई-व्लादिवोस्तोक मैरीटाइम कॉरिडोर को खोलने पर चर्चा, सोनोवाल बोले- व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
सर्बानंद सोनोवाल ने कहा, यह कॉरिडोर दोनों देशों के समृद्ध समुद्री इतिहास वाले दो ऐतिहासिक शहरों (चेन्नई और व्लादिवोस्तोक) के बीच विकास और निवेश सहयोग के माध्यम के रूप में काम करेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारत चेन्नई-व्लादिवोस्तोक मैरीटाइम कॉरिडोर का उद्घाटन करने के लिए रूस के साथ चर्चा कर रहा है। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच समुद्री संबंधों को बढ़ावा देना है। यह बात रविवार को सर्बानंद सोनोवाल ने कही। केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री ने यहां 148 करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि भारत चेन्नई-व्लादिवोस्तोक मैरीटाइम कॉरिडोर को खोलने के लिए रूस के साथ बातचीत कर रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच चर्चा का उद्देश्य समुद्री व्यापार को मजबूत करना है। सोनोवाल ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास को गति देने के लिए अपने व्यापार और निवेश क्षमता को फिर से जीवंत करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।
सोनोवाल ने कहा, यह कॉरिडोर दोनों देशों के समृद्ध समुद्री इतिहास वाले दो ऐतिहासिक शहरों (चेन्नई और व्लादिवोस्तोक) के बीच विकास और निवेश सहयोग के माध्यम के रूप में काम करेगा। सोनोवाल ने बाद में चेन्नई बंदरगाह पर 56 करोड़ रुपये की तीन नई परियोजनाओं और कामराजार बंदरगाह पर 92 करोड़ रुपये की एक अन्य परियोजना का उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा, 'ये दोनों बंदरगाह पिछले चार साल में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बंदरगाहों, वायुमार्गों और रेलवे जैसे क्षेत्रों में परिवर्तनकारी पहलों पर विशेष जोर दे रहे हैं। सोनोवाल ने चेन्नई बंदरगाह पर आयोजित एक कार्यक्रम में परियोजनाओं के उद्घाटन की याद में चार पट्टिकाओं का अनावरण किया।
उन्होंने कहा, आज (चेन्नई और कामराजार बंदरगाहों पर) जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, उनसे बंदरगाहों की दक्षता बढ़ेगी और क्षमता भी बढ़ेगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि दोनों बंदरगाहों ने चालू वित्त वर्ष के दौरान 100 मिलियन मीट्रिक टन माल के प्रबंधन का लक्ष्य रखा है।