आयकर विभाग : 400 करोड़ की अघोषित आय का पता लगाया, पढ़ें देश-दुनिया की आठ खबरें
आयकर विभाग ने हरियाणा की प्लाईवुड और इनवर्टर बनाने वाली कंपनी की ओर से तीन सालों में 400 करोड़ की अघोषित आय का पता लगाया है। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने सोमवार को कहा कि अज्ञात कंपनी के यमुनानगर, अंबाला, करनाल और मोहाली में 11 जनवरी को करीब 30 ठिकानों पर मारे गए छापों के बाद इसका खुलासा हुआ।
विभाग को इससे संबंधित कई संदिग्ध दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य मिले हैं। यह समूह करीब 40 फीसदी तक बिक्री को छिपाकर दिखा रहा था। वहीं, समूह की बैटरी निर्माण यूनिट में मजदूरी के भुगतान और कच्चे माल की खरीद में गड़बड़ियां पाई गईं। यहां से 110 करोड़ रुपये जब्त किए गए। इसका खाते में कोई उल्लेख नहीं था। इसके अलावा अन्य ठिकानों से करीब 6.60 करोड़ और 2.10 करोड़ के जेवरात जब्त किये गए हैं। इसके साथ ही 22 बैंक लॉकर पर रोक लगा दी गई है।
मोदी सरकार की नीतियों से चंद उद्योगपतियों को लाभ हुआ : कांग्रेस
कांग्रेस ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने कोरोना महामारी के दौरान गरीबों और अमीरों में फर्क किया है। इसके कारण गरीब परेशान रहे और अमीरों की मौज रही। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, पीएम मोदी अपने दोस्तों के लिए धन पैदा कर रहे हैं कर व बेरोजगारी से देश की जनता को कमजोर कर रहे हैं।
उन्होंने ऑक्सफेम रिपोर्ट का जिक्र करते हुए ट्वीट कर कहा कि क्या मोदी विश्व आर्थिक मंच पर इन मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे? कांग्रेस ने कहा कि मोदी सरकार की अमीरों के हितों वाली नीति से चुनिंदा बड़े उद्योगपतियों को लाभ हुआ, जबकि 84 फीसदी गरीबों की आमदनी नीचे चली गई। साथ ही पार्टी ने केंद्र सरकार से पेट्रोल डीजल की कीमतें 25 रुपये प्रति लीटर कम करने और लोगों को कर में छूट देने की मांग की।
कामगार वर्ग के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री एनडी पाटिल का निधन
शेतकरी कामगार पक्ष के 92 वर्षीय वयोवृद्ध नेता नारायण ज्ञानदेव पाटिल का निधन महाराष्ट्र के कोल्हापुर में उम्र संबंधी बीमारियों की वजह से सोमवार हो गया। पाटिल ने किसानों और हाशिये के वर्गों की लड़ाई जिंदगी भर लड़ी। वह किसानों और मजदूरों के न्याय और अधिकारों के लिए 1948 में शेतकरी कामगार पक्ष (एसकेपी) में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता शरद पवार समेत विभिन्न दलों के नेताओं ने उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ठाकरे ने राजकीय सम्मान के साथ उनके अंतिम संस्कार का आदेश दिया है। पाटिल का जन्म 15 जुलाई 1929 में पश्चिमी महाराष्ट्र के सांगली जिले के धावली गांव में हुआ था।
पीएम मोदी ने एमजीआर को जयंती पर दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमजी रामचंद्रन को 105वें जन्मदिवस पर श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, “भारत रत्न एमजीआर को उनके जन्मदिवस पर याद कर रहे हैं। उनकी प्रशासकीय व्यवस्था में सामाजिक न्याय और सशक्तीकरण को प्रमुखता दी गई। उनकी योजनाओं से गरीबों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया।
अभिनय में भी अपना लोहा मनवाया।“ बता दें कि तमिल फिल्म अभिनेता एमजीआर एआईएडीएमके पार्टी के संस्थापक रहे। वे 1977 से 1987 तक राज्य के मुख्यमंत्री पद पर आसीन रहे। दक्षिण भारत में कल्याणकारी योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू करने में अहम योगदान रहा।
इंग्लैंड पीएम जॉनसन की पत्नी कैरी ने मांगी माफी
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की पत्नी कैरी ने उस तस्वीर पर माफी मांगी हैं, जिसमें वह कोविड नियमों का उल्लंघन करते हुए दिखाई दे रही हैं। सितंबर 2020 में लंदन में एक निजी सदस्यों के क्लब में आयोजित सगाई पार्टी में वह शामिल हुई थीं। इस दौरान सामाजिक दूरी के नियम का पालन करने की जगह वह दोस्त को गले लगाते हुए दिख रही हैं।
द संडे टेलीग्राफ में छपी तस्वीर पर प्रवक्ता ने कहा कि कैरी ने नियमों की अवहेलना पर खेद व्यक्त किया है। उधर, इस मामले पर डाउनिंग स्ट्रीट ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। दरअसल, लॉकडाउन नियमों के उल्लंघन पर पिछले हफ्ते पीएम बोरिस जॉनसन ने हाउस आफ कॉमन्स में माफी मांगी थी।
दीव में 26 जनवरी से जनता के लिए खोल दिया जाएगा आईएनएस खुखरी
अपने 32 साल की शानदार सेवा के बाद सेवामुक्त हुए युद्धपोत आईएनएनस खुखरी को अब आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। दीव की कलेक्टर सलोनी राय ने बताया कि आईएनएस खुकरी मेमोरियल का उद्घाटन दीव के प्रशासक प्रफुल्ला पटेल करेंगे। इसे विशाखापत्तनम से दीव लाया गया है।
एक अन्य नाव की मदद से इस युद्धपोत को दीव के चक्रतीर्थ समुद्र तट पर रखा जाएगा। स्मारक 26 जनवरी को जनता के लिए खोल दिया जाएगा ताकि दीव आने वाले पर्यटक एक बार फिर युद्धपोत खुकरी की बहादुरी और निडर कहानी जान सकें। यह 171 से ज्यादा शहीद हुए भारतीय जवानों और कैप्टन महेंद्रनाथ मुल्ला के गौरवशाली इतिहास के बारे में लोगों को बताएगा।
तमिलनाडु में दो अलग घटनाओं में नदी में डूबने से नौ लोगों की मौत
तमिलनाडु में सोमवार को दो अलग-अलग घटनाओं में नौ लोगों के नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं भी हैं। ये हादसे तिरुपुर जिले के अमरावती नदी और पेरंबलुर जिले के वेल्लार नदी में हुए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि तिरुपुर जिले के दारापुरम के नजदीक अमरावती नदी में नहाते समय छह लोग डूब गये। मृतकों की पहचान मोहन, रंजीत, श्रीधर, चक्रवर्ती, अमीर तथा युवान के रूप में की गई है।
इनमें से पांच स्कूल के छात्र थे और एक कॉलेज का। वहीं, एक अन्य घटना में पेरंबलुर जिले के वेप्पनथट्टई के वेल्लार नदी में तीन महिलाएं नदी के नहाते समय डूब गईं। मृतकों की पहचान इनाम अग्रम गांव के निवासी के आर पद्मा(35), के. रेणुका (18) व वी शकुंतला(14) के रुप में की गई है। इस सिलसिले में पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जो बाइडन व फूमिओ किशिदा 21 को वर्चुअल बैठक करेंगे
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन व जापान के प्रधानमंत्री फूमियो किशिदा 21 जनवरी को वर्चुअल द्विपक्षीय बैठक में शामिल होंगे। बैठक में अमेरिका-जापान के गठबंधन ताकत को रेखांकित किया जाएगा। किशिदा नवंबर में प्रधानमंत्री चुने गए थे। दोनों नेताओं के बीच पहली मुलाकात होगी। इससे पहले बाइडन ने अप्रैल में प्रधानमंत्री योशीहिदे सुगा के साथ व्यक्तिगत मुलाकात की थी। एजेंसी