फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   in 46th mann ki baat Narendra Modi talk about chandra shekhar azad and lokmanya tilak

46वें मन की बात में क्या कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शब्दश: यहां पढ़ें

Sun, 29 Jul 2018 12:42 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Updated Sun, 29 Jul 2018 12:42 PM IST
विज्ञापन
in 46th mann ki baat Narendra Modi talk about chandra shekhar azad and lokmanya tilak

मेरे प्यारे देशवासियो, नमस्कार। इन दिनों बहुत से स्थान पर अच्छी वर्षा की खबरें आ रही हैं। कहीं-कहीं पर अधिक वर्षा के कारण चिन्ता की भी खबर आ रही है और कुछ स्थानों पर अभी भी लोग वर्षा की प्रतीक्षा कर रहे हैं। भारत की विशालता, विविधता, कभी-कभी वर्षा भी पसंद-नापसंद का रूप दिखा देती है, लेकिन हम वर्षा को क्या दोष दें, मनुष्य ही है जिसने प्रकृति से संघर्ष का रास्ता चुन लिया और उसी का नतीजा है कि कभी-कभी प्रकृति हम पर रूठ जाती है। और इसीलिये हम सबका दायित्व बनता है– हम प्रकृति प्रेमी बनें, हम प्रकृति के रक्षक बनें, हम प्रकृति के संवर्धक बनें, तो प्रकृतिदत्त जो चीजे हैं उसमें संतुलन अपने आप बना रहता है।

विज्ञापन


पिछले दिनों वैसे ही एक प्राकृतिक आपदा की घटना ने पूरे विश्व का ध्यान आकर्षित किया, मानव-मन को झकझोर दिया। आप सब लोगों ने टी.वी. पर देखा होगा, थाईलैंड में 12 किशोर फुटबॉल खिलाड़ियों की टीम और उनके कोच घूमने के लिए गुफा में गए। वहां आमतौर पर गुफा में जाने और उससे बाहर निकलने, उन सबमें कुछ घंटों का समय लगता है। लेकिन उस दिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। जब वे गुफा के भीतर काफी अन्दर तक चले गए– अचानक भारी बारिश के कारण गुफा के द्वार के पास काफी पानी जम गया। उनके बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया। कोई रास्ता न मिलने के कारण वे गुफा के अन्दर के एक छोटे से टीले पर रुके रहे– और वो भी एक-दो दिन नहीं– 18 दिन तक। आप कल्पना कर सकते हैं किशोर अवस्था में सामने जब मौत दिखती हो और पल-पल गुजारनी पड़ती हो तो वो पल कैसे होंगे! एक तरफ वो संकट से जूझ रहे थे, तो दूसरी तरफ पूरे विश्व में मानवता एकजुट होकर के ईश्वरदत्त मानवीय गुणों को प्रकट कर रही थी।
विज्ञापन


दुनिया भर में लोग इन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रार्थनाएं कर रहे थे। यह पता लगाने का हर-संभव प्रयास किया गया कि बच्चे हैं कहां, किस हालत में हैं। उन्हें कैसे बाहर निकाला जा सकता है। अगर बचाव कार्य समय पर नहीं हुआ तो मानसून के सीजन में उन्हें कुछ महीनों तक निकालना संभव नहीं होता। खैर जब अच्छी खबर आयी तो दुनिया भर को शान्ति हुई, संतोष हुआ, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम को एक और नजरिये से भी देखने का मेरा मन करता है कि पूरा ऑपरेशन कैसा चला। हर स्तर पर जिम्मेवारी का जो अहसास हुआ वो अद्भुत था। 
विज्ञापन
विज्ञापन


सभी ने, चाहे सरकार हो, इन बच्चों के माता-पिता हों, उनके परिवारजन हों, मीडिया हो, देश के नागरिक हों– हर किसी ने शान्ति और धैर्य का अदभुत आचरण करके दिखाया। सबके-सब लोग एक टीम बनकर अपने मिशन में जुटे हुए थे। हर किसी का संयमित व्यवहार– मैं समझता हूं एक सीखने जैसा विषय है, समझने जैसा है। ऐसा नहीं कि मां-बाप दुखी नहीं हुए होंगे, ऐसा नहीं कि मां के आंख से आंसूं नहीं निकलते होंगे, लेकिन धैर्य, संयम, पूरे समाज का शान्तचित्त व्यवहार– ये अपने आप में हम सबके लिए सीखने जैसा है। इस पूरे ऑपरेशन में थाईलैंड की नौसेना के एक जवान को अपनी जान भी गंवानी पड़ी। 

पूरा विश्व इस बात पर आश्चर्यचकित है कि इतनी कठिन परिस्थितियों के बावजूद पानी से भरी एक अंधेरी गुफा में इतनी बहादुरी और धैर्य के साथ उन्होंने अपनी उम्मीद नहीं छोड़ी। यह दिखाता है कि जब मानवता एक साथ आती है, अदभुत चीजें होती हैं। बस जरूरत होती है हम शांत और स्थिर मन से अपने लक्ष्य पर ध्यान दें, उसके लिए काम करते रहें। पिछले दिनों हमारे देश के प्रिय कवि नीरज जी हमें छोड़कर के चले गए। नीरज जी की एक विशेषता रही थी– आशा, भरोसा, दृढसंकल्प, स्वयं पर विश्वास। हम हिन्दुस्तानियों को भी नीरज जी की हर बात बहुत ताकत दे सकती है, प्रेरणा दे सकती है। 

उन्होंने लिखा था- 

‘अंधियार ढलकर ही रहेगा,
आंधियां चाहे उठाओ,
बिजलियां चाहे गिराओ,
जल गया है दीप तो अंधियार ढलकर ही रहेगा’।
नीरज जी को आदरपूर्वक श्रद्धांजलि देता हूं।

“नमस्ते प्रधानमंत्री जी मेरा नाम सत्यम है। मैंने इस साल दिल्ली विश्वविद्यालय में फर्स्ट ईयर में एडमिशन लिया है। हमारे स्कूल के बोर्ड एग्जाम के समय आपने हमसे एग्जाम स्ट्रेस और एजुकेशन की बात की थी। मेरे जैसे स्टूडेंट्स के लिए अब आपका क्या सन्देश है।” वैसे तो जुलाई और अगस्त के महीने किसानों के लिए और सभी नौजवानों के लिए बहुत महत्वपूर्ण होते हैं। क्योंकि यही वक्त होता है जब कॉलेज का पीक सीजन होता है। ‘सत्यम’ जैसे लाखों युवा स्कूल से निकल करके कैलेज में जाते हैं। अगर फरवरी और मार्च एग्जाम, पेपर्स, आंसर में जाता है तो अप्रैल और मई छुट्टियों में मौजमस्ती करने के साथ-साथ रिजल्ट्स, जीवन में आगे की दिशाएं तय करने, करियर च्वाइस इसी में खप जाता है।

जुलाई वह महीना है जब युवा अपने जीवन के उस नये चरण में कदम रखते हैं जब फोकस क्वेश्चन से हटकर के कट-ऑफ पर चला जाता है। छात्रों का ध्यान होम से हॉस्टल पर चला जाता है। छात्र पैरेंट्स की छाया से प्रोफेसर्स की छाया में आ जाते हैं। मुझे पूरा यकीन है कि मेरा युवा-मित्र कॉलेज जीवन की शुरुआत को लेकर काफी उत्साही और खुश होंगे। पहली बार घर से बाहर जाना, गांव से बाहर जाना, एक प्रोटेक्टिव एनवायरमेंट से बाहर निकल करके खुद को ही अपना सारथी बनना होता है। इतने सारे युवा पहली बार अपने घरों को छोड़कर, अपने जीवन को एक नयी दिशा देने निकल आते हैं।

कई छात्रों ने अभी तक अपने-अपने कॉलेज ज्वाइन कर लिए होंगे, कुछ ज्वाइन करने वाले होंगे। आप लोगों से मैं यही कहूंगा शांत रहिए, जिंदगी का आनंद उठाइए, जीवन में अन्तर्मन का भरपूर आनंद लें। किताबों के बिना कोई चारा तो नहीं है, स्टडी तो करना पड़ता है, लेकिन नयी-नयी चीजें खोजने की प्रवृति बनी रहनी चाहिए। पुराने दोस्तों का अपना महामूल्य है। बचपन के दोस्त मूल्यवान होते हैं, लेकिन नये दोस्त चुनना, बनाना और बनाए रखना, यह अपने आप में एक बहुत बड़ी समझदारी का काम होता है। कुछ नया सीखें, जैसे नयी-नयी स्किल्स, नयी-नयी भाषाएं सीखें।

जो युवा अपने घर छोड़कर बाहर किसी और जगह पर पढ़ने गए हैं उन जगहों को डिस्कवर करें, वहां के बारे में जानें, वहां के लोगों को, भाषा को, संस्कृति को जानें, वहां के पर्यटन स्थल होंगे– वहां जाएं, उनके बारे में जानें। नयी पारी प्रारम्भ कर रहे हैं सभी नौजवानों को मेरी शुभकामनाएं हैं। अभी जब कॉलेज सीजन की बात हो रही है तो मैं न्यूज में देख रहा था कि कैसे मध्यप्रदेश के एक अत्यंत गरीब परिवार से जुड़े एक छात्र आशाराम चौधरी ने जीवन की मुश्किल चुनौतियों को पार करते हुए सफलता हासिल की है। उन्होंने जोधपुर एम्स की एमबीबीएस की परीक्षा में अपने पहले ही प्रयास में सफलता पायी है। उनके पिता कूड़ा बीनकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मैं उनकी इस सफलता के लिए उन्हें बधाई देता हूं।

ऐसे कितने ही छात्र हैं जो गरीब परिवार से हैं और विपरीत परिस्थियों के बावजूद अपनी मेहनत और लगन से उन्होंने कुछ ऐसा कर दिखाया है, जो हम सबको प्रेरणा देता है। चाहे वो दिल्ली के प्रिंस कुमार हों, जिनके पिता डीटीसी में बस चालक हैं या फिर कोलकाता के अभय गुप्ता जिन्होंने फुटपाथ पर स्ट्रीट लाइट्स के नीचे अपनी पढ़ाई की। अहमदाबाद की बिटिया आफरीन शेख हो, जिनके पिता ऑटो रिक्शा चलाते हैं। नागपुर की बेटी खुशी हो, जिनके पिता भी स्कूल बस में ड्राइवर हैं या हरियाणा के कार्तिक, जिनके पिता चौकीदार हैं या झारखण्ड के रमेश साहू जिनके पिता ईंट-भट्टा में मजदूरी करते हैं। खुद रमेश भी मेले में खिलौना बेचा करते थे या फिर गुडगांव की दिव्यांग बेटी अनुष्का पांडा, जो जन्म से ही स्पायनल मस्कुलर एट्रोफी नामक एक आनुवांशिक बीमारी से पीड़ित है, इन सबने अपने दृढसंकल्प और हौसले से हर बाधा को पार कर– दुनिया देखे ऐसी कामयाबी हासिल की। हम अपने आस-पास देखें तो हमको ऐसे कई उदाहरण मिल जाएंगे।

देश के किसी भी कोने में कोई भी अच्छी घटना मेरे मन को ऊर्जा देती है, प्रेरणा देती है और जब इन नौजवानों की कथा आपको कह रहा हूं तो इसके साथ मुझे नीरज जी की भी वो बात याद आती है और जिंदगी का वही तो मकसद होता है। नीरज जी ने कहा है –

‘गीत आकाश को धरती का सुनाना है मुझे,
हर अंधेरे को उजाले में बुलाना है मुझे,
फूल की गंध से तलवार को सर करना है,
और गा-गा के पहाड़ों को जगाना है मुझे’

मेरे प्यारे देशवासियो, कुछ दिन पहले मेरी नजर एक न्यूज पर गई, लिखा था– ‘दो युवाओं ने किया मोदी का सपना साकार’। जब अन्दर पढ़ा तो जाना कि कैसे आज हमारे युवा तकनीक का स्मार्ट और क्रिएटिव यूज करके सामान्य व्यक्ति के जीवन में बदलाव का प्रयास करते हैं। घटना यह थी कि एक बार अमेरिका के सैन जोस शहर, जिसे तकनीकी हब के रूप में जाना जाता है। वहां मैं भारतीय युवाओं के साथ चर्चा कर रहा था। मैंने उनसे अपील की थी। वो भारत के लिए अपने टैलेंट को कैसे यूज कर सकते हैं, ये सोचें और समय निकाल कर के कुछ करें। मैंने ब्रेन ड्रेन को ब्रेन गेन में बदलने की अपील की थी। रायबरेली के दो आईटी प्रोफेशनल्स योगेश साहू जी और रजनीश बाजपेयी जी ने मेरी इस चुनौती को स्वीकार करते हुए एक अभिनव प्रयास किया।

अपने प्रोफेशनल्स स्किल्स का उपयोग करते हुए योगेश जी और रजनीश जी ने मिलकर एक स्मार्ट गांव एप तैयार किया है। ये ऐप न केवल गांव के लोगों को पूरी दुनिया से जोड़ रहा है बल्कि अब वे कोई भी जानकारी और सूचना स्वयं खुद के मोबाइल पर ही प्राप्त कर सकते हैं। रायबरेली के इस गांव तौधकपुर के निवासियों, ग्राम-प्रधान, जिलाधिकारी, सीडीओ, सभी लोगों ने इस ऐप के उपयोग के लिए लोगों को जागरूक किया। यह ऐप गांव में एक तरह से डिजिटल क्रांति लाने का काम कर रहा है। गांव में जो विकास के काम होते हैं, उसे इस ऐप के जरिये रिकॉर्ड करना, ट्रैक करना, मॉनिटर करना आसान हो गया है।

इस ऐप में गांव की फोन डायरेक्टरी, न्यूज सेक्शन, इवेंट्स लिस्ट, हेल्थ सेंटर और इनफोर्मेशन सेंटर मौजूद है। यह ऐप किसानों के लिए भी काफी फायदेमंद है ऐप का ग्राम फीचर, किसानों के बीच फैक्ट रेट, एक तरह से उनके उत्पाद के लिए एक मार्केट प्लेस की तरह काम करता है। इस घटना को यदि आप बारीकी से देखेंगे तो एक बात ध्यान में आएगी वह युवा अमेरिका में, वहां के रहन-सहन, सोच-विचार उसके बीच जीवन जी रहा है। कई सालों पहले भारत छोड़ा होगा लेकिन फिर भी अपने गांव की बारीकियों को जानता है, चुनौतियों को समझता है और गांव से इमोशनली जुड़ा हुआ है। इस कारण, वह शायद गांव को जो चाहिए ठीक उसके अनुरूप कुछ बना पाया।

अपने गांव, अपनी जड़ों से यह जुड़ाव और वतन के लिए कुछ कर दिखाने का भाव हर हिन्दुस्तानी के अन्दर स्वाभाविक रूप से होता है। लेकिन कभी-कभी समय के कारण, कभी दूरियों के कारण, कभी पारिस्थितियों के कारण, उस पर एक हल्की सी राख जम जाती है, लेकिन अगर कोई एक छोटी सी चिंगारी भी, उसका स्पर्श हो जाए तो सारी बातें फिर एक बार उभर करके आ जाती हैं और वो अपने बीते हुए दिनों की तरफ खींच के ले आती हैं। हम भी जरा जांच कर लें कहीं हमारे केस में भी तो ऐसा नहीं हुआ है, स्थितियां, परिस्थिति, दूरियों ने कहीं हमें अलग तो नहीं कर दिया है, कहीं राख तो नहीं जम गई है। जरुर सोचिये।

“आदरणीय प्रधानमंत्री जी नमस्कार, मैं संतोष काकड़े कोल्हापुर, महाराष्ट्र से बात कर रहा हूं। पंढरपुर की वारी ये महाराष्ट्र की पुरानी परंपरा है। हर साल ये बड़े उत्साह और उमंग से मनाया जाता है। लगभग 7-8 लाख वारकरी इसमें शामिल होते हैं। इस अनोखे उपक्रम के बारे में देश की बाकी जनता भी अवगत हो, इसलिए आप वारी के बारे और जानकारी दीजिये।”

संतोष जी आपके फोन कॉल के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। सचमुच में पंढरपुर वारी अपने आप में एक अद्भुत यात्रा है। साथियों आषाढ़ी एकादशी जो इस बार 23 जुलाई, को थी उस दिन को पंढरपुर वारी की भव्य परिणिति के रूप में भी मनाया जाता है। पंढरपुर महाराष्ट्र के सोलापुर जिले का एक पवित्र शहर है। आषाढ़ी एकादशी के लगभग 15-20 दिन पहले से ही वारकरी यानी तीर्थयात्री पालकियों के साथ पंढरपुर की यात्रा के लिए पैदल निकलते हैं। इस यात्रा, जिसे वारी कहते हैं, में लाखों की संख्या में वारकरी शामिल होते हैं। संत ज्ञानेश्वर और संत तुकाराम जैसे महान संतों की पादुका, पालकी में रखकर विट्ठल-विट्ठल गाते, नाचते, बजाते पैदल पंढरपुर की ओर चल पड़ते हैं। यह वारी शिक्षा, संस्कार और श्रद्धा की त्रिवेणी है। तीर्थ यात्री भगवान विट्ठल, जिन्हें विठोवा या पांडुरंग भी कहा जाता है उनके दर्शन के लिए वहां पहुंचते हैं।

भगवान विट्ठल गरीबों, वंचितों, पीड़ितों के हितों की रक्षा करते हैं। महाराष्ट्र, कर्नाटक, गोवा, आन्ध्र प्रदेश, तेलंगाना वहां के लोगों में अपार श्रद्धा है, भक्ति है। पंढरपुर में विठोवा मंदिर जाना और वहां की महिमा, सौन्दर्य, आध्यात्मिक आनंद का अपना एक अलग ही अनुभव है। ‘मन की बात’ के श्रोताओं से मेरा आग्रह है कि अवसर मिले तो एक बार जरूर पंढरपुर वारी का अनुभव लें। ज्ञानेश्वर, नामदेव, एकनाथ, रामदास, तुकाराम– अनगिनत संत महाराष्ट्र में आज भी जन-सामान्य को शिक्षित कर रहे हैं। अंधश्रद्धा के खिलाफ लड़ने की ताकत दे रहे हैं और हिंदुस्तान के हर कोने में यह संत परंपरा प्रेरणा देती रही है। चाहे वो उनके भारुड हो या अभंग हो हमें उनसे सदभाव, प्रेम और भाईचारे का महत्वपूर्ण सन्देश मिलता है।

अंधश्रद्धा के खिलाफ श्रद्धा के साथ समाज लड़ सके इसका मंत्र मिलता है। ये वो लोग थे जिन्होंने समय-समय पर समाज को रोका, टोका और आईना भी दिखाया और यह सुनिश्चित किया कि पुरानी कुप्रथाएं हमारे समाज से खत्म हों और लोगों में करुणा, समानता और शुचिता के संस्कार आएं। हमारी यह भारत-भूमि बहुरत्ना वसुंधरा है जैसे संतों की एक महान परंपरा हमारे देश में रही, उसी तरह से सामर्थ्यवान मां-भारती को समर्पित महापुरुषों ने, इस धरती को अपना जीवन आहुत कर दिया, समर्पित कर दिया। एक ऐसे ही महापुरुष हैं लोकमान्य तिलक जिन्होंने अनेक भारतीयों के मन में अपनी गहरी छाप छोड़ी है। हम 23 जुलाई, को तिलक जी की जयंती और 01 अगस्त, को उनकी पुण्यतिथि में उनका पुण्य स्मरण करते हैं। लोकमान्य तिलक साहस और आत्मविश्वास से भरे हुए थे। उनमें ब्रिटिश शासकों को उनकी गलतियों का आईना दिखाने की शक्ति और बुद्धिमत्ता थी। 

अंग्रेज लोकमान्य तिलक से इतना अधिक डरे हुए थे कि उन्होंने 20 वर्षों में उन पर तीन बार राजद्रोह लगाने की कोशिश की, और यह कोई छोटी बात नहीं है। मैं, लोकमान्य तिलक और अहमदाबाद में उनकी एक प्रतिमा के साथ जुड़ी हुई एक रोचक घटना आज देशवासियों के सामने रखना चाहता हूं। अक्टूबर, 1916 में लोकमान्य तिलक जी अहमदाबाद जब आए, उस जमाने में, आज से करीब सौ साल पहले 40,000 से अधिक लोगों ने उनका अहमदाबाद में स्वागत किया था और यहीं यात्रा के दौरान सरदार वल्लभ भाई पटेल को उनसे बातचीत करने का अवसर मिला था और सरदार वल्लभ भाई पटेल लोकमान्य तिलक जी से अत्यधिक प्रभावित थे और जब 01 अगस्त, 1920 को लोकमान्य तिलक जी का देहांत हुआ तभी उन्होंने निर्णय कर लिया था कि वे अहमदाबाद में उनका स्मारक बनाएंगे।

सरदार वल्लभ भाई पटेल अहमदाबाद नगर पालिका के मेयर चुने गए और तुरंत ही उन्होंने लोकमान्य तिलक के स्मारक के लिए विक्टोरिया गार्डन को चुना और यह  विक्टोरिया गार्डन जो ब्रिटेन की महारानी के नाम पर था। स्वाभाविक रूप से ब्रिटिश इससे अप्रसन्न थे और कलेक्टर इसके लिए अनुमति देने से लगातार मना करता रहा लेकिन सरदार साहब, सरदार साहब थे। वह अटल थे और उन्होंने कहा था कि भले ही उन्हें पद त्यागना पड़े, लेकिन लोकमान्य तिलक जी की प्रतिमा बन कर रहेगी। अंततः प्रतिमा बन कर तैयार हुई और सरदार साहब ने किसी और से नहीं बल्कि 28 फरवरी, 1929– इसका उद्घाटन महात्मा गांधी से कराया और सब से बड़ी मजे की बात है उस उद्घाटन समारोह में, उस भाषण में पूज्य बापू ने कहा कि सरदार पटेल के आने के बाद अहमदाबाद नगर पालिका को न केवल एक व्यक्ति मिला है बल्कि उसे वह हिम्मत भी मिली है जिसके चलते तिलक जी की प्रतिमा का निर्माण संभव हो पाया है। और मेरे प्यारे देशवासियो, इस प्रतिमा की विशिष्टता यह है कि यह तिलक की ऐसी दुर्लभ मूर्ति है जिसमें वह एक कुर्सी पर बैठे हुए हैं, इसमें तिलक के ठीक नीचे लिखा है ‘स्वराज हमारा जन्म सिद्ध अधिकार है’ और यह सब अंग्रेजों के इस कालखंड की बात तो सुना रहा हूं।

लोकमान्य तिलक जी के प्रयासों से ही सार्वजनिक गणेश उत्सव की परंपरा शुरू हुई। सार्वजनिक गणेश उत्सव परम्परागत श्रद्धा और उत्सव के साथ-साथ समाज-जागरण, सामूहिकता, लोगों में समरसता और समानता के भाव को आगे बढ़ाने का एक प्रभावी माध्यम बन गया था। वैसे समय वो एक कालखंड था जब जरुरत थी कि देश अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई के लिए एकजुट हो, इन उत्सवों ने जाति और सम्प्रदाय की बाधाओं को तोड़ते हुए सभी को एकजुट करने का काम किया। समय के साथ इन आयोजनों की लोकप्रियता बढ़ती गई। इसी से पता चलता है कि हमारी प्राचीन विरासत और इतिहास के हमारे वीर नायकों के प्रति आज भी हमारी युवा-पीढ़ी में क्रेज है। आज कई शहरों में तो ऐसा होता है कि आपको लगभग हर गली में गणेश-पंडाल देखने को मिलता है। गली के सभी परिवार साथ मिलकर के उसे ऑर्गेनाइज करते हैं। एक टीम के रूप में काम करते हैं। यह हमारे युवाओं के लिए भी एक बेहतरीन अवसर है, जहां वे लीडरशिप और ऑर्गेनाइजेशन जैसे गुण सीख सकते हैं, उन्हें खुद के अन्दर विकसित कर सकते हैं।

मेरे प्यारे देशवासियो। मैंने पिछली बार भी आग्रह किया था और जब लोकमान्य तिलक जी को याद कर रहा हूं तब फिर से एक बार आपसे आग्रह करूंगा कि इस बार भी हम गणेश उत्सव मनाएं, धूमधाम से मनाएं, जी-जान से मनाएं लेकिन इको-फ्रेंडली गणेश उत्सव मनाने का आग्रह रखें। गणेश जी की मूर्ति से लेकर साज-सज्जा का सामान सब कुछ इको-फ्रेंडली हो और मैं तो चाहूंगा हर शहर में इको-फ्रेंडली गणेश उत्सव की अलग स्पर्धाएं हों, उनको इनाम दिए जाएं और मैं तो चाहूंगा कि माईगोव पर भी और नरेंद्र मोदी ऐप पर भी इको-फ्रेंडली गणेश-उत्सव की चीजे व्यापक प्रचार के लिए रखी जाएं। मैं जरूर आपकी बात लोगों तक पहुंचाऊंगा। लोकमान्य तिलक ने देशवासियों में आत्मविश्वास जगाया उन्होंने नारा दिया था– ‘स्वराज हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है और हम लेकर के रहेंगे’।

आज ये कहने का समय है स्वराज हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है और हम उसे लेकर रहेंगे। हर भारतीय की पहुंच सुशासन और विकास के अच्छे परिणामों तक होनी चाहिए। यही वो बात है जो एक नए भारत का निर्माण करेगी। तिलक के जन्म के 50 वर्षों बाद ठीक उसी दिन यानी 23 जुलाई को भारत-मां के एक और सपूत का जन्म हुआ, जिन्होंने अपना जीवन इसलिए बलिदान कर दिया ताकि देशवासी आजादी की हवा में सांस ले सके। मैं बात कर रहा हूं चंद्रशेखर आजाद की। भारत में कौन-सा ऐसा नौजवान होगा जो इन पंक्तियों को सुनकर के प्रेरित नही होगा –

‘सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है,
देखना है जोर कितना बाजु-ए-कातिल में है’

इन पंक्तियों ने अशफाक उल्लाह खान, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद जैसे अनेक नौजवानों को प्रेरित किया। चंद्रशेखर आजाद की बहादुरी और स्वतंत्रता के लिए उनका जुनून, इसने कई युवाओं को प्रेरित किया। आजाद ने अपने जीवन को दांव पर लगा दिया, लेकिन विदेशी शासन के सामने वे कभी नहीं झुके। ये मेरा सौभाग्य रहा कि मुझे मध्यप्रदेश में चन्द्रशेखर आजाद के गांव अलीराजपुर जाने का सौभाग्य भी प्राप्त हुआ। इलाहाबाद के चंद्रशेखर आजाद पार्क में भी श्रद्धा-सुमन अर्पित करने का अवसर मिला और चंद्रशेखर आजाद जी वो वीर पुरुष थे जो विदेशियों की गोली से मरना भी नहीं चाहते थे– जियेंगे तो आजादी के लड़ते-लड़ते और मरेंगे तो भी आजाद बने रहकर के मरेंगे यही तो विशेषता थी उनकी। एक बार फिर से भारत माता के दो महान सपूतों – लोकमान्य तिलक जी और चंद्रशेखर आजाद जी को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं।

अभी कुछ ही दिन पहले फिनलैंड में चल रही जूनियर अंडर-20 विश्व एथेलेटिक्स चैम्पियनशिप में 400 मीटर की दौड़, उस स्पर्धा में भारत की बहादुर बेटी और किसान पुत्री हिमा दास ने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। देश की एक और बेटी एकता भयान ने मेरे पत्र के जवाब में इंडोनेशिया से मुझे email किया अभी वो वहां एशियन गेम्स की तैयारी कर रही हैं। ई-मेल में एकता लिखती हैं – ‘किसी भी एथलीट के जीवन में सबसे महत्वपूर्ण क्षण वो होता है जब वो तिरंगा पकड़ता है और मुझे गर्व है कि मैंने वो कर दिखाया।’ एकता हम सब को भी आप पर गर्व है। आपने देश का नाम रोशन किया है। ट्यूनिशिया में विश्व पैरा एथलेटिक्स Grand Prix 2018 में एकता ने गोल्ड और ब्रोंज मेडल जीते हैं। उनकी यह उपलब्धि विशेष इसलिए है कि उन्होंने अपनी चुनौती को ही अपनी कामयाबी का माध्यम बना दिया।

बेटी एकता भयान 2003 में, रोड एक्सीडेंट के कारण उसके शरीर का आधा हिस्सा नीचे का हिस्सा नाकाम हो गया, लेकिन इस बेटी ने हिम्मत नही हारी और खुद को मजबूत बनाते हुए ये मुकाम हासिल किया। एक और दिव्यांग योगेश कठुनिया जी ने, उन्होंने बर्लिन में पैरा एथलेटिक्स ग्रैंड प्रिक्स में डिसक्स थ्रो में गोल्ड मेडल जीतकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है उनके साथ सुंदर सिंह गुर्जर ने भी जैवलीन में गोल्ड मेडल जीता है। मैं एकता भयान जी, योगेश कठुनिया जी और सुंदर सिंह जी आप सभी के हौसले और जज्बे को सलाम करता हूं, बधाई देता हूं। आप और आगे बढ़ें, खेलते रहें, खिलते रहें।

मेरे प्यारे देशवासियो, अगस्त महीना इतिहास की अनेक घटनाएं, उत्सवों की भरमार से भरा रहता है, लेकिन मौसम के कारण कभी-कभी बीमारी भी घर में प्रवेश कर जाती है। मैं आप सब को उत्तम स्वास्थ्य के लिए, देशभक्ति की प्रेरणा जगाने वाले, इस अगस्त महीने के लिए और सदियों से चले आ रहे अनेक-अनेक उत्सवों के लिए, बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। फिर एक बार ‘मन की बात’ के लिए जरूर मिलेंगे। बहुत-बहुत धन्यवाद ।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed