BJP In States: मोदी राज में कैसे बदला देश का सियासी नक्शा, किन-किन राज्यों में सरकार और आगे क्या होगा?
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
आज भारतीय जनता पार्टी का 44वां स्थापना दिवस है। 1980 में आज के ही दिन भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई थी और अटल बिहारी वाजपेयी इसके संस्थापक अध्यक्ष चुने गए थे। 1984 आम चुनाव में पहली बार भारतीय जनता पार्टी ने शिरकत की। चुनाव में कांग्रेस की आंधी चली। सहानभूति लहर में कांग्रेस के 404 प्रत्याशी चुनाव जीत गए। पहली बार चुनाव लड़ने वाली भारतीय जनता पार्टी यानी भाजपा के खाते में केवल दो सीटें आईं। तब प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने इसका मजाक भी बनाया था। कहा था, 'हम दो, हमारे दो।' उनका ये कटाक्ष पार्टी अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी, लाल कृष्ण आडवाणी और भाजपा के दो सांसदों पर था।लेकिन तब किसी को क्या पता था कि दो सांसदों वाली ये पार्टी एक दिन देश पर राज करेगी। खासतौर पर 2014 के बाद से देश के सियासी नक्शे में जबरदस्त बदलाव देखने को मिला। भाजपा ने उन राज्यों में भी अपनी सरकार बनाने में सफलता हासिल की, जहां कभी सिर्फ कांग्रेस और वाम दलों का राज हुआ करता था।
आज देश के 16 राज्यों में भाजपा सत्ता में है। इन राज्यों में देश की करीब 49.3 फीसदी आबादी रहती है। कांग्रेस अब छह राज्यों में सरकार का हिस्सा है। हिमाचल, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है। तीन अन्य राज्यों में कांग्रेस गठबंधन का हिस्सा है। इन राज्यों में देश की आबादी का कुल 26 फीसदी हिस्सा रहता है।
आइये जानते हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश की सत्ता में आने बाद देश के कितने राज्यों में भाजपा की सरकार थी? कब देश की सबसे ज्यादा आबादी वाले हिस्से में भाजपा और उसके सहयोगी सरकारों का शासन आया? और नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने बाद कांग्रेस कितनी सिमटी?
जब मोदी सत्ता में आए तब सात राज्यों में थीं भाजपा सरकारें
मई 2014 में नरेंद्र मोदी भारत के प्रधानमंत्री बने। मोदी के सत्ता में आने के वक्त देश के सात राज्यों में भाजपा और उसके सहयोगियों की सरकारें थीं। इनमें पांच राज्यों में भाजपा के मुख्यमंत्री थे। वहीं, आंध्र प्रदेश और पंजाब में उसकी सहयोगी पार्टी सरकार चला रही थी। इन दो राज्यों में देश की छह फीसदी से ज्यादा आबादी रहती है। बाकी पांच राज्यों छत्तसीगढ़, गोवा, गुजरात, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भाजपा के मुख्यमंत्री थे। इन राज्यों में देश की 19 फीसदी से ज्यादा आबादी रहती है। यानी, जब मोदी सत्ता में आए उस वक्त करीब 26 फीसदी आबादी पर भाजपा और उसकी सहयोगी सरकारें चल रही थीं।
2014 में जब नरेंद्र मोदी सत्ता में आए उस वक्त देश के 14 राज्यों में कांग्रेस और उसके सहयोगी पार्टियों की सरकार थी। कांग्रेस शासित इन राज्यों में देश की 37 फीसदी से ज्यादा आबादी रहती है। इन राज्यों में महाराष्ट्र, कर्नाटक जैसे बड़े राज्य शामिल थे।
2014 में सात राज्यों में भाजपा और उसके सहयोगियों की सरकार थी। चार साल बाद मार्च 2018 में 21 राज्यों में भाजपा और उसके सहयोगियों की सरकार थी। इन राज्यों में देश की करीब 71 फीसदी आबादी रहती है। ये वो दौर था जब भाजपा शासन आबादी के लिहाज से पीक पर था। वहीं, चार राज्यों में कांग्रेस की सरकार थी। इन राज्यों की सात फीसदी आबादी रहती है।
अभी किन-किन राज्यों की सरकार में है भाजपा?
|
राज्य |
किससे गठबंधन? |
|
अरुणाचल प्रदेश |
भाजपा-एनपीपी |
|
असम |
भाजपा, एजीपी, यूपीपीएल, बीपीएफ |
|
गोवा |
बीजेपी, एमजीपी |
|
गुजरात |
भाजपा |
|
हरियाणा |
भाजपा, जेजेपी, एचएलपी |
|
कर्नाटक |
भाजपा |
|
मध्य प्रदेश |
भाजपा |
|
महाराष्ट्र |
भाजपा, शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) |
|
मणिपुर |
भाजपा |
|
मेघालय |
भाजपा |
|
नगालैंड |
एनडीपीपी, एनपीएफ, भाजपा |
|
पुडुचेरी |
एआईएनआरसी, भाजपा |
|
सिक्किम |
एसकेएम, भाजपा |
|
त्रिपुरा |
भाजपा, आईपीएफटी |
|
उत्तर प्रदेश |
भाजपा |
|
उत्तराखंड |
भाजपा |
कितने राज्यों की सरकार में कांग्रेस?
|
राज्य |
किससे गठबंधन? |
|
छत्तीसगढ़ |
कांग्रेस |
|
राजस्थान |
कांग्रेस |
|
हिमाचल प्रदेश |
कांग्रेस |
|
झारखंड |
जेएमएम, कांग्रेस |
|
बिहार |
जेडीयू, आरजेडी, कांग्रेस |
|
तमिलनाडु |
डीएमके, कांग्रेस |
अब आगे क्या होगा?
अभी 16 राज्यों में भाजपा सत्ता में है। इस साल यानी 2023 में नौ राज्यों में विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम थे। इनमें शामिल राज्यों मेघालय, नगालैंड और त्रिपुरा में चुनाव हो चुके हैं। वहीं अन्य राज्यों कर्नाटक में साल के मध्य में तो छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मिजोरम, राजस्थान और तेलंगाना में साल के अंत में चुनाव होने हैं। अभी कर्नाटक, त्रिपुरा, मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार है। इसके अलावा मेघालय, नगालैंड में भाजपा गठबंधन के साथ सरकार में है। छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस जबकि तेलंगाना में टीआरएस की सरकार है।
2024 में लोकसभा और सात राज्यों के विधानसभा चुनाव भी होंगे। इनमें सिक्किम, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, हरियाणा, महाराष्ट्र, झारखंड शामिल हैं। अभी हरियाणा, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, महाराष्ट्र में भाजपा की सरकार है। ओडिशा में बीजद, आंध्र प्रदेश में वाईएसआरसीपी की सरकार है। इन चुनावों में भाजपा के सामने बड़ी चुनौती यह है कि जहां वह सरकार में है, उसे कायम रखना और जहां वह विपक्ष में है, वहां जीत हासिल करना।