Gujarat: दो दिवसीय दौरे पर गुजरात जाएंगे गृहमंत्री शाह, मोदी समुदाय के राष्ट्रीय सम्मेलन में होंगे शामिल
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) गुजरात फ्रंटियर ने शुक्रवार को एक विज्ञप्ति जारी की है। जारी विज्ञप्ति में बीएसएफ ने बताया कि समुद्री सीमा से लगे नौ राज्यों, पांच केंद्र शासित प्रदेशों की समुद्री सीमाओं को मजबूत बनाने के लिए एनएसीपी की स्थापना की गई थी।
विस्तार
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को गुजरात में नेशनल अकादमी ऑफ कोस्टल पुलिसिंग के स्थाई परिसर की आधारशिला रखेंगे। बीएसएफ का कहना है कि सरकार ने एनएसीपी भारत की समुद्री तटों की सुरक्षा दुरुस्त करने के लिए कार्यरत है।
बुनियादी ढांचों को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने 441 करोड़ रुपये मंजूर किए
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) गुजरात फ्रंटियर ने शुक्रवार को एक विज्ञप्ति जारी की है। जारी विज्ञप्ति में बीएसएफ ने बताया कि समुद्री सीमा से लगे नौ राज्यों, पांच केंद्र शासित प्रदेशों की समुद्री सीमाओं को मजबूत बनाने के लिए एनएसीपी की स्थापना की गई थी। समुद्री सीमाओं की सुरक्षा, लेटेस्ट टेक्नोलॉजी और बुनियादी ढांचों को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने 441 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों सहित कुल 14 राज्यों को मिलाकर भारत के पास 7,516 किलोमीटर की तटरेखा है। इनके पास लगभग 1,197 द्वीप भी हैं।
पांच तटीय चौकियों का भी ई-उद्घाटन करेंगे
कोस्टल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को समुद्री कानून, सीमैनशिप, नाव के छोटे-बड़े काम, नेविगेशन का ज्ञान, समुद्री हथियार चलाने की ट्रेनिंग सहित अन्य समुद्री कामकाज की ट्रेनिंग देने के लिए अकादमी की स्थापना की जा रही है। बीएसएफ ने अपनी विज्ञप्ति में बताया कि शाह इस दौरान पांच तटीय चौकियों का भी ई-उद्घाटन करेंगे। कच्छ के मेडी और जखाऊ के बीच 164 करोड़ रुपये की लागत से 18 चौकियों का निर्माण किया जा रहा है। लखपतवारी बेट पर चौकी टॉवर बढ़ाए जाएंगे। बीएसएफ जवानों की क्षेत्र में चौबीसों घंटे तैनाती की जाएगी।
विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे
अधिकारियों का कहना है कि गृहमंत्री शाह दो दिवसीय दौरे पर गुजरात आ रहे हैं। शनिवार और रविवार को शाह कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान वह द्वारका, अहमदाबाद और गांधीनगर जाएंगे। रविवार को शाह अहमदाबाद में मोदी समुदाय के एक राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। शाह बोरिज गांव के प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को खेल सामग्री भी वितरित करेंगे। इसके अलावा शाह गांधीनगर नगर निगम की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वे गांधीनगर उत्तर विधानसभा सीट पर आयोजित क्रिकेट कंप्टीशन में भी शामिल होंगे। गुजरात यात्रा पर आए शाह राज्य सड़क परिवहन निगम की 320 बसों को भी चालू करेंगे।