मुंबईः स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा- नवंबर तक महाराष्ट्र में पूरी तरह से खत्म हो जाएगा लॉकडाउन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वैश्विक महामारी कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र नवंबर महीने तक पूरी तरह से अनलॉक हो जाएगा। अर्थात महाराष्ट्र में लॉकडाउन पूरी तरह से खत्म हो जाएगा और कोरोना काल से पहले की तरह ही सबकुछ सामान्य हो जाएगा। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने शनिवार को यह बड़ी बात कही है।
राजेश टोपे ने कहा कि राज्य में मिशन बिगिन अगेन के तहत अनेक प्रतिबंधों को शिथिल किया जा रहा है। फिलहाल प्रदेश में अनलॉक का पांचवां चरण शुरू है। इस चरण में होटल, रेस्टोरेंट, और बार 50 फीसदी ग्राहक क्षमता के साथ खोलने की अनुमति दी जा चुकी है। कोरोना संक्रमण के मद्देनजर इसको लेकर दिशानिर्देश भी जारी किए गए हैं।
दूसरी ओर, राज्य के अंदर रेलवे, राज्य परिवहन (एसटी) और निजी बसों को भी चलाने की अनुमति दी गई है। टोपे ने कहा कि इसके बाद राज्य सरकार चरणबद्ध तरीके से स्कूल, धार्मिक स्थल, व्यायामशाला खोलने की अनुमति देगी।
मुंबई में लोकल ट्रेन चलाने को लेकर उन्होंने कहा कि लोकल ट्रेन शुरू करने के लिए सरकार गंभीरतापूर्वक विचार कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री टोपे शनिवार को अहमदनगर में थे। उन्होंने इसी दौरान उन्होंने नवंबर महीने तक संपूर्ण महाराष्ट्र अनलॉक होने की बात कही।