Chennamma Demise: पूर्व PM देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा का निधन, प्रधानमंत्री मोदी समेत इन नेताओं ने जताया शोक
पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने फोन पर देवेगौड़ा से बात कर संवेदना जताई और चेन्नम्मा के सादगीपूर्ण जीवन तथा समाज सेवा के प्रति उनके समर्पण को याद किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने भी उन्हें परिवार की मजबूत आधारशिला बताते हुए श्रद्धांजलि दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा से फोन पर बात कर उनकी पत्नी चेन्नम्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया। चेन्नम्मा का बीमारी के कारण कर्नाटक के बंगलूरू स्थित एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, "पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा की पत्नी श्रीमती चेन्नम्मा के निधन से गहरा दुख हुआ। वह अपनी सादगी और समाज सेवा के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित थीं। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं देवेगौड़ा और उनके पूरे परिवार के साथ हैं। ॐ शांति।"
CM ने राजकीय सम्मान का एलान किया
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार सहित कई अन्य लोगों ने भी चेन्नम्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया। शिवकुमार ने घोषणा की कि सरकार ने चेन्नम्मा को पूर्ण राजकीय सम्मान देने का निर्णय लिया है। वे पूर्व प्रधानमंत्री की पत्नी और केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी की माता थीं। निधन के समय गौड़ा, उनके बेटे कुमारस्वामी और परिवार के अन्य सदस्य अस्पताल में मौजूद थे। शिवकुमार ने चेन्नम्मा को एक ममतामयी महिला बताया और कहा कि वह एक अत्यंत धार्मिक महिला और समर्पित मां थीं, जिन्होंने एक बड़े परिवार का पालन-पोषण और मार्गदर्शन किया। उनके कठिन परिश्रम और बलिदानों ने उनके पति गौड़ा, कुमारस्वामी, रेवन्ना और परिवार के अन्य सदस्यों के राजनीतिक और व्यक्तिगत उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
परिवार की स्तंभ बनी रहीं चेन्नम्मा
बकौल डीके शिवकुमार, हम सभी को उम्मीद थी कि वह ठीक होकर अस्पताल से घर लौट आएंगी। यह बेहद दुखद है कि हमारी उम्मीद पूरी नहीं हुई। उन्होंने कहा, अक्सर कहा जाता है कि हर सफल पुरुष के पीछे एक महिला का हाथ होता है। देवेगौड़ा की हर सफलता के पीछे चेन्नम्मा का मजबूत सहारा था। परिवार के सदस्यों की हार पर भी उनका हौसला नहीं टूटा और जीत पर भी वे अतिउत्साहित नहीं हुईं। राजनीति के उतार-चढ़ाव में वे उनकी ताकत का स्तंभ बनी रहीं।
राहुल गांधी ने चेन्नम्मा के बारे में क्या कहा?
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी निधन पर शोक व्यक्त किया।उन्होंने कहा, 'पूर्व प्रधानमंत्री श्री एच.डी. देवेगौड़ा जी की पत्नी श्रीमती चेन्नम्मा के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। दशकों की सार्वजनिक सेवा के दौरान उनकी अटूट शक्ति और उपस्थिति का एहसास हुआ।'
चेन्नम्मा से जुड़ी कुछ खास बातें:
- 1954 में गौड़ा से शादी, इस दंपति के चार बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें केंद्रीय मंत्री कुमारस्वामी और विधायक एचडी रेवन्ना शामिल हैं।
- चेन्नम्मा फरवरी 2001 में एक एसिड हमले में बच गई थीं, जिसका कारण कथित तौर पर पारिवारिक कलह था।
- प्रमुख राजनेताओं की पत्नी और मां होने के बावजूद, चेन्नम्मा काफी हद तक सार्वजनिक सुर्खियों से दूर रहीं।
- पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए पद्मनाभनगर स्थित उनके आवास पर रखा जाएगा।
- रविवार सुबह 11 बजे के बाद इसे हसन जिले में ले जाया जाएगा, जहां से उनके माता-पिता ताल्लुक रखते हैं। अंतिम संस्कार से जुड़ी रस्मों के बारे में फैसला बाद में लिया जाएगा।
- पैतृक गांव हरदनहल्ली के पास स्थित माविनाकेरे रंगनाथस्वामी मंदिर के नजदीक अंतिम संस्कार सोमवार को होने की संभावना।
खरगे ने बताया परिवार की शांत शक्ति
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी चेन्नम्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें देवेगौड़ा परिवार की "शांत शक्ति" बताया। उन्होंने कहा कि देवेगौड़ा के साथ उनके लंबे समय से व्यक्तिगत संबंध रहे हैं और इस दुखद घड़ी में वह परिवार के साथ खड़े हैं।
खरगे ने 'एक्स' पर लिखा, "पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा के निधन का समाचार सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। देवेगौड़ा के साथ वर्षों से मेरे आत्मीय संबंध रहे हैं, इसलिए यह दुख मैं भी महसूस कर रहा हूं। चेन्नम्मा केवल परिवार की शांत शक्ति ही नहीं थीं, बल्कि गहरी आस्था, विनम्रता और समर्पण की प्रतीक थीं। उनका जीवन इस बात का उदाहरण था कि सार्वजनिक जीवन से दूर रहकर भी त्याग और दृढ़ संकल्प के साथ समाज में बड़ा योगदान दिया जा सकता है। इस कठिन समय में मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति दे।"
कर्नाटक के पूर्व सीएम सिद्धारमैया ने भी जताया दुख
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भी चेन्नम्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा के निधन से मैं अत्यंत दुखी हूं। जनता परिवार का सदस्य होने के नाते मेरा देवेगौड़ा परिवार से घनिष्ठ संबंध रहा है और मैं चेन्नम्मा को अच्छी तरह जानता था। उन्होंने जीवन की हर कठिनाई और पीड़ा का साहस के साथ सामना किया। देवेगौड़ा के राजनीतिक जीवन के उतार-चढ़ाव के दौरान उन्होंने बड़े परिवार की जिम्मेदारियां संभालीं और एक आदर्श गृहिणी की भूमिका निभाई।"
उन्होंने आगे कहा, "पूर्व प्रधानमंत्री की पत्नी होने के बावजूद चेन्नम्मा ने कभी किसी के साथ भेदभाव नहीं किया और सभी के साथ आत्मीय व्यवहार किया। ईश्वर देवेगौड़ा को इस दुख को सहने की शक्ति दें। मैं पूरे देवेगौड़ा परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। दिवंगत आत्मा को शांति मिले।"
उपमुख्यमंत्री परमेश्वर ने दी श्रद्धांजलि
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने भी चेन्नम्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "पूर्व पीएम देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा के निधन का समाचार सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ। देवेगौड़ा के राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में वह हमेशा उनकी मजबूत ताकत बनकर खड़ी रहीं। मैं प्रार्थना करता हूं कि देवेगौड़ा और उनका पूरा परिवार इस गहरे दुख से उबरने की शक्ति प्राप्त करे।" उन्होंने आगे कहा, "दिवंगत आत्मा को शांति मिले और ईश्वर शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करें।"