GST पर बोले सिंधिया- सरकार सहयोग की बात तो करती है, ठोस समाधान लेकर नहीं आती
लोकसभा में कांग्रेस पार्टी के मुख्य सचेतक ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को कहा कि पार्टी ने जीएसटी को लेकर जो चिंताएं जताई हैं, उनका समाधान होने के बाद ही समर्थन करेगी। सिंधिया ने कहा, ‘सरकार अभी तक हमारे पास नहीं आई है। उनको हमारे पास ठोस जवाब के साथ आना होगा कि हमारी सभी चिंताएं दूर कर दी गई हैं।’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह मांग करती आ रही है कि जीएसटी दर की सीमा 18 फीसदी होनी चाहिए और विनिर्माण वाले राज्यों के संदर्भ में एक फीसदी का अतिरिक्त कर हटाया जाना चाहिए। पार्टी इस प्रस्तावित कानून में विवाद निवारण की व्यवस्था भी चाहती है।
सिंधिया ने कहा, ‘अगर इन चिंताओं को दूर कर दिया जाता है तो हमें इस विधेयक को पारित कराने में कोई समस्या नहीं है। लेकिन, समस्या यह है कि सरकार विपक्ष के सहयोग की बात तो करती है लेकिन वह हमारे पास कुछ ठोस समाधान लेकर नहीं आती है।’
उन्होंने कहा, ‘उनको इन चिंताओं को दूर करने की जरूरत है। इसके बाद निश्चित रूप से हम समर्थन करेंगे। वैसे भी कांग्रेस ही सात साल पहले जीएसटी का प्रस्ताव लाई थी। हम इसको पारित कराना चाहते हैं।’