'पराक्रम पर्व' के तौर पर सरकार मनाएगी सर्जिकल स्ट्राइक की दूसरी सालगिरह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत सरकार साल 2016 में भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों पर की गई सर्जिकल स्ट्राइक की दूसरी सालगिरह मनाने की तैयारी जोरों से कर रही है। 28 से 30 सितंबर तक चलने वाले इस उत्सव को 'पराक्रम पर्व' नाम दिया गया है। इसके लिए एक गीत भी तैयार किया जा रहा है। राजधानी स्थित इंडिया गेट पर 28 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।
इस महोत्सव में भारतीय सेना, जल सेना और वायुसेना प्रतिभाग करेंगी। इस प्रदर्शनी में एक 'सेल्फी दीवार' होगी, जहां लोग सेल्फी ले सकेंगे। इसके साथ ही सर्जिकल स्ट्राइक की असली वीडियो फुटेज का भी प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान तीनों रक्षा बलों के उपकरणों को प्रदर्शित करने वाले स्टाल भी लगाए जाएंगे, जहां आम जनता इन उपकरणों को देख सकेगी। इस दौरान विद्यार्थियों और एनएसएस कैडेट्स को भारतीय सैनिकों की वीरता से परिचित कराया जाएगा। यहां लोगों को तीनों सेनाओं की भूमिका की जानकारी दी जाएगी।
कैलाश खेर और सुखविंदर सिंह देंगे प्रस्तुति
उत्सव के लिए तैयार किया गए गान को प्रसिद्ध गीतकार प्रसून जोशी ने लिखा है और आवाज दी है गायक कैलाश खेर ने। गान की शुरुआती पंक्तियां हैं - 'मेरा देश मेरी जान है, मेरा गर्व है अभिमान है, ये अभिमान है जिंदा क्योंकि सीमा पर वीर जवान है।' इस गान को जल्द ही रिलीज किया जाएगा। कार्यक्रम में 29 सितंबर को गायक सुखविंदर सिंह और 30 सितंबर को कैलाश खेर प्रस्तुति देंगे। कई बॉलीवुड सितारों से भी कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की गई है।
बता दें कि पिछले साल सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर किसी कार्यक्रम का आयोजन नहीं हुआ था। लेकिन इस बार सरकार इसे बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी में है। राजधानी के साथ-साथ पूरे देश में इस उत्सव को मनाया जाएगा। सभी राज्य सरकारों से इस मौके पर अपनी ओर से भी कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कहा गया है। वहीं, पंजाब में कांग्रेस की अगुवाई वाली सरकार ने इसे बड़े स्वरूप में मनाने का निर्णय लिया है।