फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Google AI tool wrong reaction on Modi government admitted violation of rules News update in hindi

News Updates: गूगल एआई टूल ने मोदी पर दी गलत प्रतिक्रिया, सरकार ने माना नियमों का उल्लंघन; पढ़ें अहम खबरें

Sat, 24 Feb 2024 05:55 AM IST
जलज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: जलज मिश्रा Updated Sat, 24 Feb 2024 05:55 AM IST
विज्ञापन
Google AI tool wrong reaction on Modi government admitted violation of rules News update in hindi
National News - फोटो : Social Media

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर ने शुक्रवार को कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी से जुड़े एक सवाल पर गूगल के एआई टूल जेमिनी की प्रतिक्रिया पक्षपातपूर्ण है। उन्होंने इसे आईटी नियमों के अलावा आपराधिक संहिता के प्रावधानों का सीधा उल्लंघन करार दिया। एक सोशल मीडिया यूजर्स की तरफ से इस पर ध्यान दिलाने के बाद केंद्रीय मंत्री ने मामले पर संज्ञान लिया। आवश्यक कार्रवाई के लिए आगाह करने के साथ पोस्ट पर गूगल व आईटी मंत्रालय को टैग भी किया। उन्होंने इसमें लिखा कि यह आईटी कानून की धारा नियम 3(1)(बी) का सीधा उल्लंघन है।  

विज्ञापन

उन्होंने एक पत्रकार की पोस्ट का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया, जिसमें कहा गया था कि गूगल जेमिनी ने मोदी के बारे में सवाल पूछे जाने पर अशोभनीय टिप्पणियां कीं। हालांिक जब ट्रंप और जेलेंस्की को लेकर वही प्रश्न पूछा गया, तो उसकी प्रतिक्रिया काफी सतर्कता के साथ दी गई थी।

विज्ञापन

पीएम मोदी के सत्ता संभालने के बाद महिलाओं-बच्चों के पोषण व सुरक्षा पर हुआ काम : ईरानी
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शुक्रवार को कहा कि महिलाओं और बच्चों के पोषण, सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर चार दशकों तक उचित ध्यान नहीं दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2014 में सत्ता संभालने के बाद इन सभी मोर्चों पर काम हुआ।
एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को महिलाओं और बच्चों में पोषण के मुद्दों पर चार दशक का पिछड़ापन विरासत में मिला था, जहां महिलाओं की सुरक्षा के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली का अभाव था। पिछले दशक में हमने सभी मोर्चों पर काम किया है। उन्होंने कहा कि पहली बार देश के हर पुलिस स्टेशन में एक हेल्पडेस्क है। हर जिले में एक मानव तस्करी विरोधी इकाई (एएचटीयू) है। हम 1.4 मिलियन पोषण केंद्रों और 2.2 मिलियन श्रमिकों के माध्यम से 100 मिलियन लाभार्थियों तक पहुंचे हैं, जो दुनिया का सबसे बड़ा पोषण कार्यक्रम है। 


सनातन को खत्म करने का विपक्ष का केवल बयान नहीं, अभियान : भाजपा
भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और तमिलनाडु में हिंदुओं को निशाना बनाए जाने को लेकर शुक्रवार को विपक्षी दलों पर निशाना साधा और दावा किया कि इससे साबित होता है कि ‘सनातन धर्म’ को मिटाने का दावा महज एक बयान नहीं बल्कि एक अभियान है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने अपनी पार्टी के नेताओं को संकटग्रस्त संदेशखाली जाने की अनुमति नहीं देने और स्थानीय तृणमूल नेता शाहजहां शेख को गिरफ्तार नहीं करने पर तृणमूल कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि यह केवल पश्चिम बंगाल सरकार की ओर उसे (शेख को) बचाए जाने के बारे ही नहीं है बल्कि यह एक खास मानसिकता है जो कुछ लोगों के ‘धर्मनिरपेक्ष संरक्षण’ में विश्वास करती है, भले ही वे अपराध और अत्याचार क्यों न करें। वहीं, कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर तुष्टीकरण की पराकाष्ठा पार करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि अब वे मंदिरों पर कर लगा रहे हैं। 


भाजपा ने चंदा के लिए एजेंसियों का किया दुरुपयोग : कांग्रेस
कांग्रेस ने शुक्रवार को दावा किया कि जांच एजेंसियों के माध्यम से 30 कंपनियों को धमकी देकर और 'ब्लैकमेल' करके 335 करोड़ रुपये का चंदा भारतीय जनता पार्टी को दिलवाया गया। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने केंद्र पर हफ्ता वसूली सरकार होने का आरोप लगाया और कहा कि इस मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच जरूरी है। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखकर सवाल किया कि क्या सरकार इस मामले पर 'श्वेत पत्र' लाने, बिंदुवार स्पष्टीकरण देने और सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच के लिए तैयार है?  

विज्ञापन

शादी करने के लिए टीवी एंकर का कराया अपहरण  आरोपी महिला गिरफ्तार
एक टीवी म्यूजिक चैनल के एंकर का शादी करने के इरादे से अपहरण करने के आरोप में एक 31 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि महिला ने टीवी एंकर का पीछा करने और उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए उसकी कार पर एक ट्रैकिंग डिवाइस लगा दिया था।

डिजिटल मार्केटिंग व्यवसाय चलाने वाली महिला ने दो साल पहले एक विवाह वेबसाइट पर टीवी एंकर की तस्वीरें देखी थीं और उसके साथ चैट करना शुरू कर दिया था। हालांकि, बाद में उसे पता चला कि जिस खाते पर तस्वीर लगी है वह शख्स कोई और है जबकि तस्वीर वाला शख्स टीवी चैनल में एंकर है। इसके बाद उसने एंकर के प्रोफाइल की खोज की और फोन नंबर हासिल कर लिया। महिला ने जब उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा तो एंकर ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद एंकर से शादी करने के लिए महिला ने भाड़े के चार लोगों से 11 फरवरी को एंकर का अपहरण करा लिया।  
 
दलाई लामा के भारत में प्रवेश का मार्ग बनेगा आध्यात्मिक पर्यटन स्थल
 अरुणाचल प्रदेश सरकार तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा के भारत में प्रवेश के रास्ते को आध्यात्मिक और धार्मिक पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित कर रही है। पश्चिमी अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले का लुमला जल्द ही राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर दिखाई देगा। 1959 में ल्हासा से भारत में पलायन के दौरान युवा दलाई लामा इस क्षेत्र से गुजरे थे। उन्होेने यहां कुछ वक्त भी बिताया था। परियोजना का क्रियान्वयन लोक निर्माण विभाग की ओर से किया जा रहा है।  
 
बॉम्बे हाईकोर्ट ने सड़क पर मरीजों के इलाज पर सरकार से मांगा जवाब
बॉम्बे हाईकोर्ट ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में विषाक्त भोजन खाने से बीमार हुए लोगों का अस्पताल के बाहर सड़क पर इलाज किए जाने पर संज्ञान लिया। हाईकोर्ट ने सरकार से मामले में हलफनामा देने को कहा है। मामले को दस दिन बाद आगे की सुनवाई के लिए सूचीबद्ध कर दिया गया। 

विज्ञापन

बीआरएस की विधायक नंदिता की हादसे में मौत
हैदराबाद। तेलंगाना की सिकंदराबाद कैंट सीट से बीआरएस विधायक जी. लस्या नंदिता की शुक्रवार को सड़क हादसे में मौत हो गई है। वह 36 साल की थीं। हैदराबाद के नेहरू आउटर रिंग रोड पर उनकी कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। ड्राइवर को भी गंभीर चोटें आई हैं।
नंदिता इससे पहले 13 फरवरी को नारकेटपल्ली में हुए सड़क हादसे में बाल-बाल बची थीं। उन्हें मामूली चोटें आई थीं। बता दें कि नंदिता पांच बार के विधायक जी सायान्ना की बेटी थीं। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार को 17 हजार वोटों से हराया था।  
 
पीएम मोदी 26 को करेंगे ग्लोबल टेक्सटाइल एक्सपो का उद्घाटन
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 फरवरी को राष्ट्रीय राजधानी में देश के सबसे बड़े कपड़ा कार्यक्रम ‘भारत टेक्स’ का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन 22 लाख वर्ग फुट प्रदर्शनी क्षेत्र में किया जाएगा, जिसमें 100 देशों और 3,000 से अधिक व्यापार खरीदार भाग लेंगे। कपड़ा मंत्रालय की सचिव रचना शाह ने शुक्रवार को कहा कि हमारा प्रयास ब्रांड इंडिया को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के सामने पेश करना है। कार्यक्रम के दौरान 46 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।  
 
भाजपा विधायक राजेंद्र पाटनी का निधन, पीएम ने जताया शोक
मुंबई। महाराष्ट्र के वाशिम जिले के कारंजा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक राजेंद्र पाटनी (59) का शुक्रवार को लंबी बीमारी के कारण निधन हो गया। पीएम नरेंद्र मोदी ने  शोक संदेश में कहा, राजेंद्र पाटनी ने सामुदायिक कार्यों में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई।  उन्होंने पार्टी को मजबूत करने में भी सराहनीय भूमिका निभाई। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेंरी संवेदनाएं। भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने भी पाटनी के निधन पर श्रद्धांजलि दी।  
 
केरल : मंदिर उत्सव के दौरान सीपीआई-एम नेता की हत्या
कोझिकोड। केरल के कोझिकोड जिले के कोयिलैंडी में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के स्थानीय नेता पीवी सत्यनाथन की एक मंदिर उत्सव के दौरान हत्या कर दी गई। यह घटना बृहस्पतिवार रात चेरियापुरम मंदिर में एक उत्सव के दौरान हुई। सीपीआई (एम) के जिला सचिव पी मोहनन ने बताया कि सत्यनाथन पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया था। नेता की मौत के विरोध में कोयिलैंडी में शुक्रवार को बंद की घोषणा की गई है। एजेंसी
 
झारखंड: 10 लाख के इनामी नक्सली ने किया आत्मसमर्पण
लातेहार। लातेहार में उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के उग्रवादी और 10 लाख के इनामी जोनल कमांडर मनोहर परहिया ने अपने सहयोगी के साथ पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। उसने सरकार की आत्मसमर्पण नीति नई दिशा से प्रभावित होकर यह कदम उठाया। बता दें कि लातेहार जिले के छिपादोहर थाना क्षेत्र स्थित अम्बाटीकर निवासी मनोहर परहिया उर्फ विमलेश 2004 में अपने गांव के कुछ लड़कों के साथ भाकपा माओवादी संगठन में शामिल हुआ था। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed