फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Flood havoc in five states of south and west, 136 killed

दक्षिण-पश्चिम के पांच राज्यों में बाढ़ का कहर, जायजा लेने शाह जाएंगे कर्नाटक तो राहुल केरल

Sun, 11 Aug 2019 02:31 PM IST
Avdhesh Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, तिरुवनंतपुरम
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, तिरुवनंतपुरम Published by: Avdhesh Kumar Updated Sun, 11 Aug 2019 02:31 PM IST
सार

  • राज्य में 1318 राहत शिविर बनाए गए हैं जिनमें 165519 लोगों को पहुंचाया गया है
  • कर्नाटक में भी मरने वालों की संख्या 24 हो गई है
  • प्रशासन का अनुमान है कि अभी भी मलबे में दबे हैं

विज्ञापन
Flood havoc in five states of south and west, 136 killed
बाढ़ - फोटो : amar ujala

विस्तार

देश के दक्षिण व पश्चिम के पांच राज्यों में शनिवार को बाढ़ के हालात और बिगड़ गए हैं। केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और गुजरात में बीते चार दिनों में 136 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे बुरे हाल केरल के हैं जहां 60 लोगों की मौत हुई और करीब 1.65 लाख लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। इसे देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कर्नाटक तो पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज केरल जा रहे हैं। वहीं, केरल के कोच्चि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन शुरू हो गया है।
विज्ञापन


केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने बताया कि राज्य में बाढ़ और बारिश की वजह से अब तक 60 लोगों की मौत हुई है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक केरल के आठ जिलों में बाढ़ के हालात हैं। इनमें मल्लपुरम में सर्वाधिक 19 और कोझिकोड में 14 लोगों की मौत हुई है। यहां 80 जगह भूस्खलन की घटना हुई। राज्य में 198 घर पूरी तरह बर्बाद हो गए हैं। राज्य में 1318 राहत शिविर बनाए गए हैं जिनमें 165519 लोगों को पहुंचाया गया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

 

बाढ़ पीड़ितों को दिए मुख्यमंत्री और भाजपा विधायक की तस्वीर वाले अनाज के थैले, विपक्ष ने बनाया मुद्दा


सेना, एनडीआरएफ और वायुसेना की टीमें बचाव कार्य में जुटी हैं। मौसम विभाग ने तीन राज्यों वायनाड, कन्नूर और कसारगोड़ में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। केरल में पिछले साल आई बाढ़ में भी 400 लोगों की जान गई थी और लाखों लोग बेघर हुए थे। कर्नाटक में भी मरने वालों की संख्या 24 हो गई है।  



दक्षिण रेलवे ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए एर्नाकुलम-चेन्नई, चेन्नई-कोलम और बंगलूरू-कोल्लम के लिए विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है। कोच्चि हवाई अड्डे का संचालन भी रविवार दोपहर 12 बजे से शुरू हो जाएगा। इसके अतिरिक्त गुजरात में 19 लोगों की मौत हुई।

गृह मंत्री शाह आज कर्नाटक के बेलगावी जिले का करेंगे हवाई सर्वे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज कर्नाटक के बाढ़ प्रभावित बेलगावी इलाके का हवाई निरीक्षण करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज कर्नाटक के बाढ़ प्रभावित बेलगावी इलाके का हवाई निरीक्षण करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि गृह मंत्री बेलगावी जिले में बाढ़ की स्थिति का आकलन करेंगे। एक अधिकारी ने बताया कि कर्नाटक सरकार ने शनिवार को 17 जिलों में 80 तालुकों को बाढ़ प्रभावित घोषित किया।

यह आदेश बड़ी संख्या में जान-माल के नुकसान, मवेशियों के मारे जाने और फसलों के नुकसान का आकलन करने के बाद जारी किया गया। आधिकारियों ने बताया कि बाढ़ प्रभावित तालुक बेलगावी, बागलकोट, रायचुर, कलबुर्गी, यादगिर, विजयपुरा, गडग, हावेरी, धारवाड़, शिवमोगा, चिकमंगलुर, कोडागु, दक्षिण कन्नड़ उडुपी, उत्तर कन्नड़ और मैसूर में हैं।
 

बाढ़ग्रस्त इलाके में सेल्फी लेकर ट्रोल होने वाले मंत्री, अब पानी में तैरते हुए आए नजर
 

कर्नाटक में नौसेना ने बचाए 2200 लोग

कर्नाटक नौसेना क्षेत्र के कमांडिंग अधिकारी और रियर एडमिरल महेश सिंह ने बताया कि नौसेना ने बेलागावी और उत्तर कन्नड़ जिले में आठ राहत दल और दो हेलिकॉप्टर भेजे गए हैं। दलों ने अब तक करीब 2200 लोगों को बचाया है। उन्होंने कहा कि कल की तुलना में पानी भी कम हो रहा है। 


कर्नाटक में वायु सेना ने छह लोगों को बचाया

कर्नाटक में भारतीय वायुसेना ने बचाव अभियान चलाया था। वायु सेना की ओर से बताया गया कि एमआई-17 ने रायचुर जिले में नारायणपुर बांध के पास छह लोगों को बचाया। एक गर्भवती महिला को वायु सेना के मेडिकल अधिकारी ने हेलिकॉप्टर में ही देखा और बाद में उसे अस्पताल भेजा गया। वायु सेना ने कहा कि बचाव कार्य कम रोशमी और खराब मौसम की वजह से कठिन था। 

 

वायनाड में 10 जानें गईं, राहुल आज करेंगे दौरा

केरल के वायनाड में बारिश से 10 लोगों की मौत हुई। वायनाड से सांसद राहुल गांधी रविवार को बाढ़ का हाल जानने पहुंचेंगे। वायनाड के उप जिला कलक्टर एनएसके उमेश ने बताया कि पुथुमाला में चाय बागान में हुए भूस्खलन के मलबे से हजार लोगों को बचा लिया गया है। खराब मौसम की वजह से राहत कार्य प्रभावित हो रहा है। मलबे से सात शवों को भी निकाला गया है। प्रशासन का अनुमान है कि अभी भी मलबे में दबे हैं।

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'अगले कुछ दिनों के लिए अपने लोकसभा क्षेत्र वायनाड (केरल) में रहूंगा जो बुरी तरह से बाढ़ से प्रभावित है। मैं इस दौरान पूरे वायनाड के राहत शिविरों में जाऊंगा और जिला व राज्य अधिकारियों से राहत के मानकों की समीक्षा करूंगा।'

कहां कितनी मौतें

केरल 60
कर्नाटक 26
महाराष्ट्र  29
गुजरात19
तमिलनाडु 05

गुजरात में 19 की मौत

पश्चिमी राज्य गुजरात में भारी बारिश से शुक्रवार से शनिवार के बीच 19 लोगों की मौत हो गई। वहीं खेड़ा जिले के नाडियाड में शुक्रवार रात एक तीन मंजिला इमारत गिरने से चार लोग मारे गए। पुलिस कप्तान दिव्या मिश्रा ने बताया कि इमारत में नौ लोग दबे थे। जिनमें पांच को सुरक्षित निकाल लिया गया।

कर्नाटक में छह हजार करोड़ का नुकसान

कर्नाटक सरकार के मुताबिक बाढ़ से राज्य में छह हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है और करीब 24 लोगों की मौत हुई। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने इसे 45 साल में सबसे बड़ी आपदा बताते हुए सरकार से तीन हजार करोड़ रुपये की मदद मांगी है। उन्होंने कहा कि बाढ़ में तबाह हुए मकानों को दोबारा बनाया जाएगा, कई गांव हैं जिन्हें पूरी तरह से बसाना होगा। कर्नाटक में 17 जिलों की 80 तालुकाओं को बाढ़ ग्रस्त घोषित किया गया।

तमिलनाडु में वायुसेना ने 11 को बचाया

वायुसेना ने शनिवार को तमिलनाडु के नीलगिरी में फंसे 11 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है। इनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। इन्हें कोयंबटूर को चिकित्सीय मदद के लिए कोयंबटूर ले जाया गया है।

कोल्हापुर सांगली में पानी घटा पर खतरा नहीं टला

महाराष्ट्र के कोल्हापुर और सांगली में शनिवार को पानी घटने लगा है लेकिन खतरा अभी भी नहीं टला है। शनिवार सुबह से बारिश कम हुई और राहत कार्य जारी है। कोल्हापुर के पुलिस कप्तान अभिनव देशमुख ने बताया कि जलस्तर 57 फीट से 52 पर आ गया है, जबकि खतरे का जलस्तर 47 फीट है। बचाव कार्य में  41 नौसेना टीमों ने कुल 4.24 लाख लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है। इनमें कोल्हापुर-सांगली में 3.78 लाख लोगों को बचाया गया। वहीं शिरडी से साईं बाबा संस्थान ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री राहत कोष में दस करोड़ रुपये की मदद दी है।

खाने के पैकट पर फडणवीस की फोटो से हंगामा

सांगली में बाढ़ में फंसे लोगों को बांटे गए खाने के पैकटों पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की फोटो पर हंगामा हो गया है। एनसीपी नेता धनंजय मुडे ने शनिवार को मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक सुरेश हालवंकर की तस्वीर वाले पैकट की फोटो ट्वीट कर आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोगों की मुश्किलों में भी प्रचार से बाज नहीं आ रही है। इसे हर जगह बस अपना फायदा चाहिए। इस पर इचलकरंजी के विधायक हालवंकर ने सफाई देते हुए कहा कि पैकेट पर फोटो इस लिए लगाई गई ताकि जनता को पता चले कि यह सरकारी मदद है और मुफ्त है।

बदरीनाथ के 600 तीर्थयात्रियों को रोका

बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ भूस्खलन क्षेत्र में भारी बारिश के कारण पुलिस ने 600 तीर्थयात्रियों को जोशीमठ, गोविंदघाट, पांडुकेश्वर और बदरीनाथ धाम में रोक दिया है। गौरीकुंड हाईवे पर बांसवाड़ा भूस्खलन जोन नासूर बन गया है। तीसरे दिन भी यहां पहाड़ी से बोल्डर व मलबा गिरने का सिलसिला जारी रहा। इस कारण यातायात भी ठप रहा।

हिमाचल में चार दिन भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश में अगले चार दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। शिमला समेत सूबे के हिस्सों में भूस्खलन से 105 सड़कें बंद हैं। ठियोग में छह गाड़ियां खाई में गिर गईं। 
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed