फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Fire raining from the sky: Temperatures exceed 48 degrees in many states; heatwave to last until May 28

आसमान से बरस रही आग: कई राज्यों में पारा 48 डिग्री के पार; 28 मई तक चलेगी हीटवेव, छह दिन तक ऑरेंज अलर्ट

Sat, 23 May 2026 11:37 AM IST
रिया दुबे न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: रिया दुबे Updated Sat, 23 May 2026 11:37 AM IST
सार

देशभर में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। कई राज्यों में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। IMD ने 28 मई तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है, जबकि दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी, बारिश और 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

विज्ञापन
Fire raining from the sky: Temperatures exceed 48 degrees in many states; heatwave to last until May 28
देशभर में गर्मी का कहर - फोटो : Amar Ujala

विस्तार

देशभर में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। शुक्रवार को देश के कई हिस्सों में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। लगातार बढ़ती गर्मी और रात के समय भी तापमान में राहत न मिलने के कारण लोगों में हीट स्ट्रेस तेजी से बढ़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में 28 मई तक हीटवेव से लेकर गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।

विज्ञापन


टॉप- 10 गर्म शहर

 

शहर / क्षेत्र राज्य तापमान
बांदा उत्तर प्रदेश 48.2°C
खजुराहो मध्य प्रदेश 48.0°C
ब्रह्मपुरी विदर्भ, महाराष्ट्र 47.2°C
वर्धा महाराष्ट्र 47.1°C
नजफगढ़ दिल्ली 47.0°C
रोहतक हरियाणा 46.9°C
बठिंडा पंजाब 46.6°C
नागपुर महाराष्ट्र 46.5°C
श्रीगंगानगर राजस्थान 46.2°C
प्रयागराज उत्तर प्रदेश 46.0°C

 

28 मई तक हीटवेव की चेतावनी 

आईएमडी के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में 22 से 28 मई के बीच गंभीर हीटवेव की स्थिति रहने की आशंका है। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी अगले कई दिनों तक लू चलने का अनुमान है। राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है और पश्चिमी राजस्थान में 24 से 28 मई तक गंभीर हीटवेव की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और हिमालयी राज्यों के कुछ हिस्सों में भी अलग-अलग दिनों में लू का असर देखने को मिलेगा।

विज्ञापन

दिल्ली-एनसीआर के मौसम ने ली करवट 

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, विदर्भ, ओडिशा और तेलंगाना में वॉर्म नाइट यानी बेहद गर्म रातों की भी चेतावनी दी है। विशेषज्ञों के अनुसार यह स्थिति ज्यादा खतरनाक होती है क्योंकि रात में तापमान कम न होने से शरीर को दिनभर की गर्मी से उबरने का मौका नहीं मिलता।

विज्ञापन
विज्ञापन

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार सुबह दिल्ली और एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अगले दो घंटों के दौरान तेज आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के मुताबिक कई इलाकों में धूल भरी आंधी चलने के बाद मध्यम से तेज गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

 

 

आईएमडी द्वारा जारी नाउकास्ट वार्निंग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि धूल भरी आंधी के बाद मौसम तेजी से बदल सकता है और कई जगहों पर दृश्यता भी प्रभावित हो सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले स्थानों पर जाने से बचने, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने तथा बाहर रखी वस्तुओं को सुरक्षित करने को कहा गया है। आईएमडी ने लोगों से लगातार मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

 

यूपी का हाल बेहाल

उत्तर प्रदेश इस भीषण गर्मी से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में शामिल है। बांदा देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रयागराज में 46.6 डिग्री और वाराणसी में 45.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। राज्य के 10 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। बांदा प्रशासन ने लोगों को राहत देने के लिए दोपहर के समय ट्रैफिक सिग्नल बंद रखने जैसा कदम भी उठाया ताकि लोग धूप में ज्यादा देर तक खड़े न रहें।

इन राज्यों में दिखेगा गर्म हवाओं का असर

राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में भी गर्म हवाओं का असर लगातार बना हुआ है। हरियाणा के रोहतक में तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि फरीदाबाद के कई इलाकों में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया। गुरुग्राम में तापमान 42 डिग्री से ऊपर रहने के कारण प्रशासन ने 24 से 27 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने साफ कहा है कि गर्म और शुष्क हवाएं अभी जारी रहेंगी।

मध्य भारत है भीषण गर्मी के चपेट में

मध्य भारत, खासकर मध्य प्रदेश, लंबे समय से भीषण गर्मी की चपेट में है। पूर्वी मध्य प्रदेश में पूरे सप्ताह गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रहने का अनुमान है। लगातार गर्म रातें लोगों की परेशानी और बढ़ा रही हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि लंबे समय तक ऐसी गर्मी में रहने से डिहाइड्रेशन, हीट एग्जॉशन और हीटस्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है।

क्या है पूर्वी-दक्षिण भारत का हाल?

पूर्वी भारत के झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में गर्मी के साथ उमस भी लोगों को परेशान कर रही है। आईएमडी ने ओडिशा में 26 मई तक गर्म रातों की चेतावनी दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ती नमी के कारण गर्मी और ज्यादा खतरनाक महसूस हो रही है, खासकर तटीय और निचले इलाकों में।

दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी हीटवेव का असर दिखाई देने लगा है। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और तेलंगाना में अगले कुछ दिनों तक लू चलने की संभावना है। विजयवाड़ा में लोगों और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को राहत देने के लिए प्रमुख चौराहों पर हरे रंग के शेड नेट लगाए गए हैं।

पहाड़ी इलाकों में भी गर्मी तेज 

हैरानी की बात यह है कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे हिमालयी राज्यों में भी असामान्य गर्मी दर्ज की जा रही है। आईएमडी ने इन राज्यों के कुछ हिस्सों में भी हीटवेव की संभावना जताई है, जिससे साफ है कि इस बार गर्मी का असर पूरे देश में व्यापक रूप से देखने को मिल रहा है।

क्या है विशेषज्ञों की राय?

जलवायु विशेषज्ञों का मानना है कि भारत में हीटवेव की बढ़ती तीव्रता और अवधि के पीछे जलवायु परिवर्तन एक बड़ी वजह है। अध्ययनों के अनुसार देश में हर दशक में हीटवेव की अवधि लगभग 0.44 दिन बढ़ रही है। विशेषज्ञों ने कहा कि अब सिर्फ दिन की गर्मी ही नहीं, बल्कि रात का बढ़ता तापमान और नमी भी हालात को ज्यादा खतरनाक बना रहे हैं। सबसे ज्यादा खतरा बुजुर्गों, बच्चों, बाहर काम करने वाले मजदूरों और पहले से बीमार लोगों को है। प्रशासन ने लोगों से दोपहर में घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य संबंधी सलाहों का पालन करने की अपील की है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed